Last Updated:
Saudi Arabia Attack on Yemen Airstrike: यमन के अल-शरियाह कस्बे में सऊदी अरब के हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 33 लोगों की मौत हो गई. ये दावा हूती मीडिया ने किया है. हमले में 39 लोग घायल बताए गए हैं. बचावकर्मियों ने मलबे से शव निकाले. हूती विद्रोहियों ने बदले की चेतावनी दी है. वहीं सऊदी ने हूतियों के हमले को नाकाम करने का दावा किया है.
यमन का एक कब्रिस्तान.
यमन में एक बार फिर युद्ध तेज हो गया है. सऊदी अरब के हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 33 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है. यह हमला यमन की राजधानी सना के पूर्व में स्थित अल-शरियाह कस्बे में हुआ. हूती विद्रोहियों से जुड़े मीडिया संस्थानों के मुताबिक, हमले के बाद कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं. बचावकर्मियों ने मलबे से शव निकाले, जिनमें छोटे बच्चों के शव भी शामिल हैं. इस हमले में 39 लोगों के घायल होने की भी खबर है. हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले टीवी चैनल अल-मसीरा ने हमले के बाद के वीडियो प्रसारित किए हैं. इनमें बचावकर्मी ढही हुई इमारतों के मलबे में लोगों की तलाश करते और शवों को बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं. घायलों को स्ट्रेचर पर अस्पताल पहुंचाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं.
हूती मीडिया एजेंसी सबा के मुताबिक, यह हमला शनिवार को सऊदी अरब ने किया. हालांकि, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. यही गठबंधन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता है और एक दशक से ज्यादा समय से हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहा है.
ईरान युद्ध के बाद फिर तेज हुई यमन की जंग
यमन में कई साल से संघर्ष रुका था, लेकिन ईरान युद्ध के बाद यहां भी लड़ाई दोबारा तेज हो गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब ने हूतियों के नियंत्रण वाले सना एयरपोर्ट पर हमला किया था. इसका मकसद वहां ईरान के एक विमान को उतरने से रोकना था. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया. तेहरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों ने जवाब में सऊदी अरब के एक एयरपोर्ट को निशाना बनाया. इसके बाद उन्होंने लाल सागर में सऊदी जहाजों पर हमले शुरू कर दिए. सऊदी अरब इस समुद्री रास्ते का इस्तेमाल होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प के तौर पर तेल निर्यात के लिए कर रहा था. इसके बाद यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकार की सेनाओं के बीच बड़े पैमाने पर लड़ाई फिर शुरू हो गई.
30 लोगों के मौत का दावा
यमन के ताइज प्रांत में भी शुक्रवार को एक बाजार पर हमले की खबर सामने आई थी. इसमें करीब 30 लोगों की मौत होने की बात कही गई. यह इलाका हाल के दिनों में संघर्ष का बड़ा केंद्र बना हुआ है. इस हमले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए. हूती विद्रोहियों ने इसके लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार बताया, जबकि यमन की सरकारी सेना ने आरोप लगाया कि हूतियों ने बाजार पर मिसाइल दागी थी. इस घटना की जिम्मेदारी को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं. संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, यमन में लड़ाई दोबारा शुरू होने के बाद से 1,600 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 3 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है.
सऊदी ने मिसाइल रोकी
अल-शरियाह पर हमले से कुछ घंटे पहले सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया था कि उसने रियाद की ओर बढ़ रही एक मिसाइल को हवा में ही रोक दिया. सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच लंबे समय से हमले और जवाबी हमले जारी हैं. सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन नियमित रूप से हूती ठिकानों पर हवाई हमले करता रहा है. दूसरी ओर, हूती विद्रोही भी सऊदी अरब के भीतर एयरपोर्ट और तेल प्रतिष्ठानों जैसे ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई मिसाइलें दाग चुके हैं.