NZ A vs IND A: यशस्वी ही नहीं… तिलक, साई और जुरेल का भी गरजा बल्ला, तीसरे टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत

NZ A vs IND A: यशस्वी ही नहीं… तिलक, साई और जुरेल का भी गरजा बल्ला, तीसरे टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत


होमखेलक्रिकेट

NZ vs IND: यशस्वी ही नहीं… तिलक-जुरेल का भी गरजा बल्ला, भारत की पकड़ मजबूत

Last Updated:

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंडिया ए ने अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है. इंडिया ए ने अपनी पहली पारी को 464 रनों पर घोषित कर दिन की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ए के 2 विकेट भी गिरा दिए हैं. इंडिया ए के लिए ये दोनों विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने हासिल किए.

Zoom

यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और तिलक वर्मा

नई दिल्ली: ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों के बाद तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटककर भारत ए को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. भारत ए ने पहली पारी पांच विकेट पर 464 रन बनाकर घोषित की जिसके बाद दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने दो विकेट पर 36 रन बनाए. डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 जबकि जैक गिब्सन एक रन बनाकर खेल रहे हैं. मेजबान टीम अब भी भारत ए से 428 रन पीछे है.

भारत ए ने सुबह दो विकेट पर 227 रन से आगे खेलना शुरू किया. कप्तान जुरेल (71), तिलक वर्मा (नाबाद 81) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 50) के अर्धशतकों की मदद से टीम ने 146 ओवर में पांच विकेट पर 464 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी. बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट से उबरकर टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने न्यूजीलैंड ए के सलामी बल्लेबाज राइस मारियू (00) और कर्टिस हीफी (19) को आउट करके भारत को शानदार शुरुआत दिलाई.

शतक से चूके साई सुदर्शन, जुरेल और तिलक वर्मा

इससे पहले बी साई सुदर्शन ने अपने शनिवार के स्कोर में केवल 11 रन जोड़े और 88 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें गिब्सन ने बोल्ड किया. जुरेल ने 95 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 71 रन बनाए. उन्होंने 75 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन कैमरन पॉल की गेंद पर आउट हो गए.

ऋषभ पंत की अनुपलब्धता के कारण बैकअप खिलाड़ी के रूप में खेल रहे तिलक ने इसके बाद रविंद्र जडेजा (25) के साथ 44 रन की साझेदारी की. फिर उन्होंने वाशिंगटन के साथ छठे विकेट के लिए 114 रन की अटूट साझेदारी करके भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. तिलक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि वाशिंगटन ने दो चौके जड़े. भारत ए ने लंच तक 101 ओवर में चार विकेट पर 331 रन बना लिए थे. उस समय तिलक और जडेजा क्रीज पर थे. लंच के बाद गिब्सन ने जडेजा को आउट किया. मैथ्यू बॉयल ने उनका कैच लपका. यह दिन का गिब्सन का दूसरा विकेट था.

वाशिंगटन सुंदर ने भी खेली अर्धशतकीय पारी 

इसके बाद तिलक और वाशिंगटन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 400 रन के पार पहुंचाया. दोनों ने 197 गेंद में छठे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी पूरी की. तिलक ने 131 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि वाशिंगटन ने 107 गेंद में अर्धशतक जड़ा. इसके बाद भारत ए ने पारी घोषित कर दी. भारत की टेस्ट शृंखला की तैयारी के तहत इस अंतिम भारत ए मुकाबले में खेल रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (बिना विकेट के 11) और प्रसिद्ध कृष्णा (12 रन पर दो विकेट) ने शुरुआती स्पैल में प्रभावशाली गेंदबाजी की.



Source link