Diwali 2026 Lakshmi Pujan Muhurt: आज धूमधाम से दिवाली का महापर्व मनाया जा रहा है. दिवाली का पर्व सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. इस दिन घर, ऑफिस, दुकान समेत हर जगह माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश पूजन करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और कारोबार में तरक्की के रास्ते खुलते हैं. दिवाली पर घर के साथ-साथ ऑफिस, दुकान और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी विशेष पूजा की जाती है. वहीं, छात्र माता लक्ष्मी के साथ मां सरस्वती का स्मरण कर विद्या और एकाग्रता का आशीर्वाद मांगते हैं. आइए दिवाली पर जानते हैं घर, ऑफिस, व्यापारियों और छात्रों के लिए पूजन मुहूर्त और पूजन विधि…
दिवाली 2026 लक्ष्मी पूजन के शुभ मुहूर्त
- गृहस्थों के लिए लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त: शाम 5 बजकर 49 मिनट से रात 8 बजकर 59 मिनट तक
- नौकरीपेशा लोगों के लिए अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक
- दुकान और नए प्रतिष्ठानों के लिए, चंचल मुहूर्त: सुबह 8 बजकर 10 मिनट से 9 बजकर 40 मिनट तक
- व्यापारियों और किसानों के लिए, लाभ मुहूर्त: सुबह 9 बजकर 40 मिनट से 11 बजकर 10 मिनट तक
- प्राइवेट ऑफिस के लिए, अमृत मुहूर्त: सुबह 11 बजकर 28 मिनट से दोपहर 12 बजकर 13 मिनट तक
- छात्र-छात्राओं के लिए, शुभ मुहूर्त: दोपहर 01 बजकर 35 मिनट से 2 बजकर 58 मिनट तक
दिवाली 2026 लक्ष्मी पूजन शुभ मुहूर्त
दिवाली: 8 नवंबर 2026, रविवार
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त : शाम 05:54 से 07:50 बजे
प्रदोष काल: शाम 5:31 से रात 8:08 बजे तक
वृषभ लग्न: शाम 5:55 से 7:51 बजे तक
सिंह लग्न: सुबह 12:25 से 02:42 बजे तक
निशिता काल: रात लगभग 11:37 से 12:29 बजे तक, 9 नवंबर
लक्ष्मी पूजा- शुभ चौघड़िया मुहूर्त
प्रातः मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): सुबह 11:27 से 12:05 तक
शुभ चौघड़िया (दोपहर): दोपहर 01:26 बजे से दोपहर 02:48 बजे तक
शुभ, अमृत और चर चौघड़िया (सायं/रात्रि): शाम 05:31 बजे से रात 10:27 बजे तक
उषाकाल मुहूर्त (शुभ): सुबह 5 बजे से 06:39 तक, 9 नवंबर
लाभ चौघड़िया (मध्यरात्रि): रात 01:43 बजे से देर रात 03:22 बजे तक
घर में ऐसे करें लक्ष्मी-गणेश पूजन
दिवाली के दिन सबसे पहले घर की अच्छी तरह सफाई करें और मुख्य द्वार पर रंगोली बनाएं. शाम को पूजा स्थल पर चौकी रखकर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं. इस पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. पूजा में कलश, रोली, अक्षत, फूल, माला, धूप, दीपक, फल, मिठाई और खील-बताशे रखें. सबसे पहले आचमन और संकल्प करें. इसके बाद भगवान गणेश का पूजन करें और माता लक्ष्मी को फूल, अक्षत, फल तथा मिठाई अर्पित करें. घी का दीपक जलाकर लक्ष्मी मंत्र ‘ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः’ का जाप करें. अंत में लक्ष्मी-गणेश जी की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें.
ऑफिस और व्यापारियों के लिए पूजा विधि
दिवाली पर ऑफिस, दुकान और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी लक्ष्मी पूजन की परंपरा है. व्यापारी इस दिन नई बही-खाता पुस्तकों, तिजोरी, धन रखने के स्थान और व्यापार से जुड़े उपकरणों की पूजा करते हैं. पूजा स्थल को साफ करके गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें. इसके बाद रोली, अक्षत, फूल और मिठाई अर्पित कर दीपक जलाएं. नए वित्तीय वर्ष में कारोबार की उन्नति और आर्थिक स्थिरता के लिए प्रार्थना करें. ऑफिस में कर्मचारी भी सामूहिक रूप से पूजा में शामिल हो सकते हैं.
छात्रों के लिए लक्ष्मी पूजा का महत्व
छात्र दिवाली पर माता लक्ष्मी के साथ मां सरस्वती का स्मरण कर सकते हैं. किताबों, कॉपी और अध्ययन सामग्री को साफ करके पूजा स्थल के पास रखें. मां सरस्वती से ज्ञान, बुद्धि और एकाग्रता की प्रार्थना करें. इस दिन पढ़ाई में सफलता और बेहतर भविष्य के लिए संकल्प लेना भी शुभ माना जाता है.
पूजा में रखें इन बातों का ध्यान
लक्ष्मी पूजन के समय स्वच्छ वस्त्र पहनें और पूजा स्थल को साफ रखें. दीपक सुरक्षित स्थान पर जलाएं. पूजा के दौरान मन शांत रखें और परिवार के सभी सदस्य श्रद्धा से शामिल हों. सबसे जरूरी बात यह है कि शुभ मुहूर्त के साथ-साथ पूजा में सच्ची श्रद्धा, सद्भाव और अच्छे कर्मों का संकल्प भी होना चाहिए.