Brinjal Farming : कलश जनक से पूसा क्लस्टर तक…बैंगन की ये टॉप 5 किस्में, 50 दिन में बन जाएंगी नोट छापने की मशीन

Brinjal Farming : कलश जनक से पूसा क्लस्टर तक…बैंगन की ये टॉप 5 किस्में, 50 दिन में बन जाएंगी नोट छापने की मशीन


Last Updated:

Brinjal best varieties : बैंगन की खेती किसानों की किस्मत बदल सकती है. सर्दी, बरसात और गर्मी तीनों मौसम में बैंगन की मांग रहती है. तीनों मौसम में इसकी खेती की जा सकती है. बलिया के कृषि एक्सपर्ट प्रो. अशोक कुमार सिंह लोकल 18 से बताते हैं कि बैंगन से अच्छी पैदावार के लिए किसान टॉप किस्मों का चयन कर सकते हैं. अच्छी पैदावार के लिए समय पर खाद, पानी और उचित देखभाल पर ध्यान देना जरूरी है. बैंगन की किस्म पूसा क्लस्टर गुच्छे में फलती है. दूसरी किस्म पूसा पर्पल लॉन्ग है, जिसके लंबे आकार का एक फल 250 से 300 ग्राम तक का होता है.

बलिया. किसानों के लिए बैंगन की खेती हमेशा से मुनाफे का सौदा रही है. बाजार में इसकी लगातार मांग कम समय में अच्छी कमाई का रास्ता है. भुजिया, भर्ता और बलिया के मशहूर लिट्टी चोखा जैसे व्यंजन इसके बिना अधूरे हैं. सरकार ने भी लिट्टी चोखा को ओडीओपी में शामिल कर रखा है, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ जाता है. जाड़े, बरसात और गर्मी तीनों मौसम में बैंगन की मांग रहती है. तीनों मौसम में इसकी खेती की जा सकती है. श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलिया के मृदा विज्ञान और कृषि रसायन विभाग के एचओडी प्रो. अशोक कुमार सिंह लोकल 18 से बताते हैं कि बैंगन से अच्छी पैदावार के लिए किसान टॉप 5 किस्मों का चयन कर सकते हैं. पहली किस्म पूसा क्लस्टर है, जो गुच्छे में फलती है. दूसरी किस्म पूसा पर्पल लॉन्ग है, जिसके लंबे आकार का एक फल 250 से 300 ग्राम तक का होता है. VNR 212, कलश जनक और पूसा हाइब्रिड-6 जैसी प्रजातियां भी बहुत चर्चित हैं. ये किस्में रोपाई के करीब 50 दिन बाद फल देने लगते हैं.

उपचारित करना जरूरी

प्रो. अशोक सिंह कहते हैं कि फसल की बेहतरीन पैदावार के लिए समय पर खाद, पानी और उचित देखभाल पर ध्यान देना जरूरी है. बैंगन की रोपाई से पहले पौधों को फफूंदनाशक यानी कार्बेंडाजिम के घोल से उपचारित करना चाहिए. अंतिम जुताई के समय 500 ग्राम ट्राइकोडर्मा को खाद में मिलाकर खेत में इस्तेमाल करने से फफूंद जनित बीमारियां काफी हद तक कम हो जाती हैं. रोपाई के समय प्रत्येक गड्ढे में कम से कम 1 किलोग्राम गोबर की खाद का प्रयोग करना चाहिए जबकि दूसरी खादों का इस्तेमाल रोपाई के 15 से 20 दिन बाद पौधे बड़े होने पर घोल बनाकर करना ज्यादा अच्छा है. इससे खाद की बचत भी होती है और मिट्टी में उर्वरक प्रदूषण भी नहीं फैलता है.

ये रहा कीटों से बचाने का तरीका

प्रो. अशोक सिंह कहते हैं कि कीट और रोगों का समय रहते रोकथाम करना भारी नुकसान से बचाने के लिए बहुत जरूरी है. फसल में ऊपर के हिस्से को नुकसान पहुंचाने वाले टॉप बोरर यानी फली छेदक कीट बहुत खतरनाक होते हैं, जिनकी पहचान लटककर मुरझाए हुए पौधे से की जाती है. इनकी रोकथाम के लिए बाजार में मिलने वाले साइपरमेथ्रिन, अल्फा मेथ्रिन या डेल्टामेथ्रिन जैसे सिंथेटिक पाइरेथ्रोइड्स कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. कीट प्रबंधन के दौरान रासायनिक कीटनाशकों की जगह नीम का तेल या नीम की पत्ती के घोल जैसे जैविक कीटनाशकों का प्रयोग करना बेहतर होता है, जिससे उत्पाद सुरक्षित और स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बना रहता है. इन सभी बातों का ध्यान रखकर किसान बैंगन की खेती से अच्छा और स्वस्थ उत्पादन हासिल कर सकते हैं.



Source link