Last Updated:
india under 19 captain lakshya raichandani statement: भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि एक समय पाकिस्तान की टीम 60 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी और भारत के पास मुकाबले में वापसी करने का अच्छा मौका था. लेकिन गेंदबाज उस स्थिति का पूरा फायदा नहीं उठा सके.
पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने भारत को तीन विकेट से हराया.
नई दिल्ली. भारत की अंडर-19 टीम को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने माना कि टीम बल्लेबाजी में 20 से 30 रन पीछे रह गई. रायचंदानी ने कहा कि अगर अर्जुन राजपूत का साथ देने के लिए कोई दूसरा बल्लेबाज भी कुछ देर क्रीज पर टिक जाता तो भारत का स्कोर और बेहतर हो सकता था. हालांकि, कप्तान ने अर्जुन की शानदार पारी और काव्या पटेल के योगदान की तारीफ की. उन्होंने यह भी कहा कि इस मुकाबले में टीम के लिए कई अच्छी बातें रहीं, जिन्हें आने वाले मैचों में आगे ले जाने की कोशिश की जाएगी.
भारतीय कप्तान ने मैच के बाद कहा,’टीम जीत के लिए जरूरी स्कोर बनाने में सफल नहीं रही. बल्लेबाजों ने कुछ अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन टीम को कम से कम 20-30 रन और बनाने चाहिए थे.’ उन्होंने अर्जुन की बल्लेबाजी को शानदार बताया. साथ ही काव्या पटेल के करीब 20 रनों के योगदान की भी सराहना की. कप्तान ने कहा, ‘अर्जुन ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह काबिलेतारीफ थी. अगर कोई दूसरा बल्लेबाज उनके साथ ज्यादा देर तक मैदान पर टिकता तो टीम का स्कोर और बड़ा हो सकता था.’ हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि टीम को अपनी गलतियों से सीखने और अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है.
गेंदबाजी में भी सुधार की जरूरत
भारतीय कप्तान ने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि एक समय पाकिस्तान की टीम 60 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी और भारत के पास मुकाबले में वापसी करने का अच्छा मौका था. लेकिन गेंदबाज उस स्थिति का पूरा फायदा नहीं उठा सके. लक्ष्य ने माना कि टीम थोड़ी और बेहतर गेंदबाजी कर सकती थी. भारतीय कप्तान ने इस हार के बावजूद टीम के प्रदर्शन में कई सकारात्मक पहलुओं को स्वीकार किया. उन्होंने भरोसा जताया कि खिलाड़ी अपनी गलतियों को सुधारेंगे और अगले मुकाबले में बेहतर खेल दिखाने की कोशिश करेंगे.
अर्जुन के शतक पर भारी पड़ी हमजा की पारी
अर्जुन राजपूत (85 गेंद में 107 रन) के शानदार शतक पर हमजा जहूर का नाबाद सैकड़ा भारी पड़ा. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान ने पांच विकेट 61 रन पर गंवा दिए थे, लेकिन हमजा जहूर ने हसनैन डार (38) के साथ छठे विकेट के लिए 107 रन की अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी. हमजा ने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए और टीम को 11 गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया. इस जीत के साथ पाकिस्तान दो मैचों में चार अंक लेकर ग्रुप-ए की अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गया. भारत दो अंक के साथ दूसरे स्थान पर है.