नई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को दिवाली के दिन खुशखबरी मिली है. दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें इंडिया-ए की वनडे टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है, जिसे राइजिंग स्टार एशिया कप खेलना है. रजत पाटीदार के बाहर होने से रिंकू सिंह को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है. रिंकू सिंह राइजिंग स्टार एशिया कप की टीम का भी हिस्सा नहीं थे, लेकिन रजत पाटीदार के नाम वापस लेने के बाद सेलेक्टर्स ने रिंकू को इस काबिल समझा. पाटीदार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वहीं, तिलक वर्मा इस टीम के कप्तान हैं. इसके अलावा पाटीदार की जगह आयुष बडोनी की टीम में एंट्री हुई है.
रजत पाटीदार ने क्यों वापस लिया नाम?
पाटीदार ने बोर्ड से कहा है कि फिलहाल उन्हें 50 ओवर के फॉर्मेट में चयन के लिए उपलब्ध खिलाड़ियों में शामिल न किया जाए. दरअसल, पाटीदार इस समय अपनी पुरानी चोटों से उबरने और फिटनेस पर काम करने में जुटे हैं. वह पूरी तरह फिट होने के बाद ही वनडे क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं.
बता दें कि पाटीदार 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की कप्तानी करने की तैयारी कर रहे हैं. मध्य प्रदेश को एलीट ग्रुप सी में रखा गया है और वे अपने पहले चार मैच न्यू चंडीगढ़ में खेलेंगे, फिर अपने बाकी मैच मोहाली में खेलेंगे. पाटीदार के घरेलू टी20 टूर्नामेंट में खेलने की संभावना है.
19 नवंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 19 से 29 नवंबर तक दोहा, कतर में होगा. इंडिया ए को ग्रुप बी में पाकिस्तान ए, नेपाल और यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के साथ रखा गया है. इंडिया ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में करेगी, जिसके बाद 22 नवंबर को उसी जगह पर पाकिस्तान ए से मैच होगा. वे 24 नवंबर को दोहा यूनिवर्सिटी फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में यूएई के खिलाफ अपने ग्रुप-स्टेज मैच खत्म करेंगे. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें 26 और 27 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जिसका फाइनल 29 नवंबर को होगा.
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए की अपडेटेड टीम
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुश कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान, आयुष बडोनी.