सहारनपुर की निधि ने शुरू किया मिलेट्स के लड्डू का अनोखा स्टार्टअप, मिलावटी मिठाई छोड़ लोग कर रहे ऑनलाइन ऑर्डर

सहारनपुर की निधि ने शुरू किया मिलेट्स के लड्डू का अनोखा स्टार्टअप, मिलावटी मिठाई छोड़ लोग कर रहे ऑनलाइन ऑर्डर


Millets Laddoo Saharanpur : आजकल बाजारों में हजारों प्रकार की मिठाइयां आ चुकी हैं और उन मिठाइयों को लोग चाहकर खाना पसंद कर रहे हैं. लेकिन शायद उन मिठाइयों से जितना स्वाद उनको आ रहा है, कहीं न कहीं उनको खाने से हमारी सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है. क्योंकि आजकल मार्केट में ज्यादातर मिठाइयां मिलावटी आ रही हैं. उसी को देखते हुए जहां सरकार मिलेट्स को बढ़ावा दे रही है, वहीं सहारनपुर के सरखड़ी खुमार की रहने वाली एक लड़की निधि, जो कि मिलेट्स से विभिन्न तरह के लड्डू बनाकर लोगों को ऑफलाइन और ऑनलाइन सेल कर न केवल अपना बिजनेस चला रही है, बल्कि लोगों की सेहत को भी बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है.

ट्रेनिंग के दौरान आया बिजनेस आइडिया और मिला रोजगार
निधि ने बीएससी एग्रीकल्चर किया है और उसने मिलेट्स को लेकर सरकार की योजना के तहत लोगों को जागरूक किया और ट्रेनिंग दी. ट्रेनिंग के दौरान निधि को आइडिया आया कि क्यों न वह मिलेट्स की मिठाई बनाकर लोगों को खिलाए, जिससे कि उनको रोजगार करने का अवसर मिलेगा और लोगों की सेहत को भी अच्छा बनाया जा सकेगा, साथ ही लोगों को जागरूक करने में भी आसानी रहेगी. दो महीने पहले शुरू हुआ मिलेट्स के लड्डू बनाने का काम अब फल-फूल रहा है और ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन भी निधि के पास अच्छी डिमांड आ रही है. निधि के पास मिलेट्स के साथ-साथ ड्राई फ्रूट और बेसन के लड्डू हैं, जबकि ₹80 से लड्डू की कीमत शुरू हो जाती है और ₹1200 प्रति किलो तक लड्डू मिलते हैं.

देसी खांड और शुद्ध घी का इस्तेमाल, पोषण से भरपूर बेस
निधि ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि हम मिलेट्स से मिठाई बनाते हैं और मिठाई बनाने के लिए मिलेट्स हमारा बेस रहता है, जिससे हम लड्डू तैयार करते हैं. इसके साथ ही ड्राई फ्रूट और नट्स बेस्ड हमारे लड्डू रहते हैं, जबकि हम मीठे के तौर पर खांड और देसी घी का प्रयोग करते हैं. लड्डू को बनाने के लिए मुझे आइडिया आया क्योंकि मैंने एमएससी एग्रीकल्चर से किया है, इसके बाद मैं मिलेट्स को लेकर एक प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी. सरकार के द्वारा यह प्रोजेक्ट चलाया जा रहा था और हम गांव-गांव जाकर मिलेट्स को लेकर ट्रेनिंग दिया करते थे.

रागी, ज्वार और बाजरे से शुरुआत; आगे जुड़ेंगे कोदो और सावां
तो फिर हमने सोचा कि क्यों न हम ट्रेनिंग देने के साथ ही इस मिलेट्स को आगे लेकर चलें और इसके कुछ प्रोडक्ट बनाकर मार्केट में सेल किए जाएं. फिर हमने मिलेट्स की मिठाई बनाना शुरू किया, जिसमें हम मिलेट्स के विभिन्न प्रकार के लड्डू तैयार कर रहे हैं. मिलेट्स में हम अभी रागी, ज्वार, बाजरा इन तीनों को लेकर ही चल रहे हैं. जैसे-जैसे हम और आगे बढ़ेंगे, तो हम मिलेट्स की इसमें और भी वैरायटी कोदो, सावां, कंगनी को ऐड करेंगे. हमारा मकसद किसी मिठाई को बनाना नहीं, बल्कि मिलेट्स के प्रोडक्ट को बनाकर मिलेट्स को बढ़ावा देना है.

चार खास वैरायटी और सोशल मीडिया से मिल रहे ऑर्डर
अभी हमारे पास लड्डू की चार वैरायटी हैं. एक हमने ड्राई फ्रूट वाले लड्डू तैयार किए हैं, जिसमें सभी प्रकार के ड्राई फ्रूट हैं. दूसरा हम रागी के लड्डू तैयार कर रहे हैं, तीसरा हम रागी, ज्वार और बाजरा को मिलाकर लड्डू तैयार कर रहे हैं, जबकि चौथा लड्डू बेसन और गोंद को मिलाकर तैयार कर रहे हैं. इनको सेल करने के लिए हमने इंस्टाग्राम पेज बनाया है, वहां से हमें ऑनलाइन ऑर्डर आ रहे हैं. व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट बनाया गया है, उसके द्वारा भी हमें ऑनलाइन ऑर्डर मिलते हैं. जैसे ऑफलाइन लोग खरीद रहे हैं, वह उनको अच्छे लग रहे हैं तो वे लोग दूसरों को भी बता रहे हैं, तो इस तरीके से हमारा काम धीरे-धीरे बढ़ रहा है.

‘देसी खाओ, देसी अपनाओ’ का संदेश और लंबी शेल्फ लाइफ
जबकि मिलेट्स के फायदे हमारी सेहत के लिए बहुत अच्छे हैं, जिस तरीके से प्रधानमंत्री जी ने भी आह्वान किया है ‘देसी खाओ और देसी अपनाओ’. क्योंकि जो हमारा मिलेट्स है वह ट्रेडिशनल है और लोगों ने अब मिलेट्स को खाना छोड़ दिया है, तो प्रधानमंत्री चाहते हैं कि मिलेट्स दोबारा से आए. जबकि मिलेट्स से बनने वाली मिठाई की लाइफ भी ज्यादा है; आप इसको बिना फ्रिज में स्टोर किए एक महीने तक आसानी से रख सकते हैं.



Source link