Kanpur Sarafa Market: दिन के उजाले में सर्राफा बाजार की जिन गलियों में हजारों लोग आते की आवाजाही रहती है और जिस धूल को आम इंसान महज कचरा समझकर पैरों तले रौंदता हुआ निकल जाता है, वही धूल रात के सन्नाटे में कुछ परिवारों के लिए बेशकीमती खजाना बन जाती है. बाजार की चहल-पहल खत्म होने और दुकानों के शटर गिरने के बाद देर रात कुछ लोग हाथों में झाड़ू, ब्रश और तसला लेकर सर्राफा बाजार पहुंचते हैं. ये लोग दुकानों के बाहर जमी धूल और मिट्टी को बड़ी ही बारीकी से समेटते हैं और इसी धूल में छिपे सोने के सूक्ष्म कणों को तलाश कर अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाते हैं.
सर्राफा बाजार की धूल से सोने-चांदी के कणों को अलग करने की इस पारंपरिक और अनूठी प्रक्रिया को स्थानीय भाषा में ‘न्यारा’ कहा जाता है. दरअसल, ज्वेलरी दुकानों और कारखानों में जब दिनभर सोने-चांदी के आभूषणों की कटाई, घिसाई, मरम्मत और पॉलिश का काम होता है, तो कीमती धातु के अत्यंत महीन कण हवा में उड़ते हैं. ये सूक्ष्म कण कारीगरों के कपड़ों, ग्राहकों के जूतों और झाड़ू के साथ बाहर निकलकर सड़क की धूल में मिल जाते हैं. वर्षों के तजुर्बे से इस काम में माहिर लोग महज देखकर यह पहचान लेते हैं कि किस दुकान के बाहर की मिट्टी में कितनी कीमती धातु छिपी हो सकती है.
दुकानों के बाहर की धूल से निकलता है 300 से 400 मिलीग्राम सोना
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, जिन दुकानों में गहने बनाने और उनकी मरम्मत का काम ज्यादा होता है, वहां की धूल किसी सोने की खान से कम नहीं होती. विशेष रूप से हाथ से बनने वाले (हस्तनिर्मित) आभूषणों की दुकानों के बाहर सोने के कण मिलने की संभावना सबसे अधिक रहती है. लाला पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स के संचालक विवेक गुप्ता बताते हैं कि दुकानदार सामान्यतः दुकान के अंदर की तरफ ही झाड़ू लगाते हैं, जबकि दुकान के बाहर की सफाई न्यारा करने वाले लोग करते हैं. उनके मुताबिक, यदि करीब दस दुकानों के बाहर की धूल को इकट्ठा किया जाए, तो उससे औसतन 300 से 400 मिलीग्राम तक शुद्ध सोना आसानी से निकल आता है.
5 से 6 घंटे की कड़ी मशक्कत और रांगा से रिफाइन करने की प्रक्रिया
दुकानों के बाहर से धूल समेटने के बाद असली और सबसे कठिन मेहनत शुरू होती है. इकट्ठा की गई धूल से सोना निकालना कोई आसान काम नहीं है. सबसे पहले इस मिट्टी को पानी से कई बार धोया और बारीकी से छाना जाता है. पानी से धोने के बाद नीचे जो गाद (कीचड़) बैठ जाती है, उसे विशेष तरीके से सुखाया जाता है. इसके बाद इस गाद में ‘रांगा’ डालकर उसे तेज आंच पर गलाया और रिफाइन किया जाता है. करीब पांच से छह घंटे की इस निरंतर और थका देने वाली प्रक्रिया के बाद धूल में छिपे सोने के कण अलग होकर चमकने लगते हैं.
दुकानों के अंदर की धूल का डेढ़ लाख रुपये तक में होता है सालाना ठेका
दिलचस्प बात यह है कि न्यारा करने वाले लोग दुकानों के बाहर की धूल तो बिना किसी शुल्क के मुफ्त में समेट लेते हैं, लेकिन दुकानों और कारखानों के अंदर की धूल के लिए बाकायदा मोटा ठेका दिया जाता है. दुकान के भीतर की धूल का सालाना ठेका इस बात पर निर्भर करता है कि वहां सोने का कितना काम होता है. जहां आभूषण निर्माण का सामान्य काम होता है, वहां सालभर की धूल का ठेका औसतन 50 से 70 हजार रुपये में तय होता है. वहीं, सर्राफा बाजार की बड़ी दुकानों के अंदर की धूल खरीदने के लिए न्यारा करने वालों को सालाना करीब डेढ़ लाख रुपये तक की भारी रकम चुकानी पड़ती है.
पीढ़ियों से जिंदा है खानदानी हुनर, सूर्योदय से पहले खत्म होता है काम
आधुनिक तकनीक के इस दौर में भी कई परिवार पीढ़ियों से इस खानदानी पेशे को जिंदा रखे हुए हैं. पिछले 13 वर्षों से इस पेशे से जुड़े राजू बताते हैं कि यह उनका पुश्तैनी काम है और वे देशभर के अलग-अलग सर्राफा बाजारों में जाकर दुकानों के बाहर की रेत व धूल इकट्ठा करते हैं. वहीं, 9 सालों से यह काम कर रहे सरवर का कहना है कि उनके परिवार की कई पीढ़ियां इसी हुनर से पेट पालती आई हैं. वे हमेशा देर रात को काम शुरू करते हैं और सुबह सूर्योदय से पहले अपनी सफाई खत्म कर लेते हैं, ताकि धूल उड़ने से आम राहगीरों को कोई परेशानी न हो और दिन में बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित न हों. यह अनूठा पेशा साबित करता है कि जिसे दुनिया बेकार कचरा समझकर ठुकरा देती है, हुनरमंद हाथों के लिए वही सबसे बड़ी दौलत बन जाता है.