दीपावली पर यहां लाठी से पीटा जाता है दीया! थारू जनजाति की ‘दीयरी’ और ‘सोहराई’
Last Updated:
Unique Deepawali : देशभर में जहां दीपावली का त्योहार मां लक्ष्मी की पूजा और आतिशबाजी के साथ मनाया जाता है, वहीं पश्चिम चंपारण के थरुहट इलाके में थारू जनजाति की दीपावली बिल्कुल अलग और अनोखी होती है. यहां दीपावली को स्थानीय भाषा में ‘दीयरी’ कहा जाता है. इस पर्व में न तो मां लक्ष्मी की विशेष पूजा होती है और न ही पटाखे फोड़े जाते हैं, बल्कि प्रकृति, जल, अन्न, पशुधन और पूर्वजों को विशेष महत्व दिया जाता है.
थारू समाज की इस परंपरा में मिट्टी के दीयों का विशेष महत्व है. महिलाएं नदी और दूर-दराज के इलाकों से मिट्टी लाकर अपने हाथों से दीये तैयार करती हैं. इन दीयों में खेतों में उपजाए गए सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है. ‘दीयरी’ की रात सबसे पहले रसोईघर और कुएं या चापाकल के पास दीप जलाए जाते हैं. इसके पीछे मान्यता है कि घर में अन्न और जल की कभी कमी न हो.
इस पर्व की एक और अनोखी परंपरा नकारात्मक शक्तियों को दूर भगाने से जुड़ी है. इसके तहत ‘गहीन डाइन’ नामक विशेष दीये को जलाकर पारंपरिक तरीके से डंडे या लाठी से पीटा जाता है. इसे बुरी शक्तियों और नकारात्मक ऊर्जा को दूर भगाने की लोकमान्यता से जोड़कर देखा जाता है.
वहीं, दीपावली के अगले दिन थारू समाज में ‘सोहराई’ पर्व मनाया जाता है. इस दिन पशुधन, कृषि उपकरणों और पूर्वजों की पूजा की जाती है. इसके बाद पारंपरिक खानपान और सामूहिक भोज का आयोजन होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पश्चिम चंपारण के थरुहट क्षेत्र के करीब 213 गांवों में थारू समाज की यह सांस्कृतिक परंपरा आज भी जीवंत है. आधुनिकता के दौर में भी दीवारी के जरिए थारू जनजाति अपनी लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और सदियों पुरानी परंपराओं को सहेजे हुए है.
यही वजह है कि थारू समाज की दीवारी देश की दीपावली से अलग अपनी विशिष्ट पहचान रखती है. आधुनिकता के इस दौर में भी थारू जनजाति ‘दीयरी’ के जरिए अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति अगाध सम्मान और सदियों पुरानी परंपराओं को बखूबी सहेजे हुए है.