दीपावली की शाम को बनाना है यादगार, तो परिवार और दोस्तों के साथ जरूर सुनें बॉलीवुड के ये 5 गाने

दीपावली की शाम को बनाना है यादगार, तो परिवार और दोस्तों के साथ जरूर सुनें बॉलीवुड के ये 5 गाने


नई दिल्ली: दीपावली का त्योहार हो और घर में गानों की धूम न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. घर की सजावट, रंगोली, पूजा और नए कपड़ों के साथ म्यूजिक भी इस सेलिब्रेशन का खास हिस्सा होता है. त्योहार के मौके पर कुछ गाने ऐसे हैं, जिन्हें सुनते ही दीपावली का माहौल बन जाता है. बॉलीवुड ने भी इस खास मौके के लिए कई यादगार गाने दिए हैं, जो सालों बाद भी लोगों की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए हैं. इनमें ‘आई है दिवाली’ और ‘मेरे तुम्हारे सबके लिए हैप्पी दिवाली’ जैसे गाने शामिल हैं.

वहीं, कुछ नए गाने भी हैं, जो सोशल मीडिया रील्स और फैमिली सेलिब्रेशन का हिस्सा बन चुके हैं. अगर आप भी इस दीपावली दोस्तों और परिवार के साथ म्यूजिक वाली महफिल सजाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन 5 गानों को अपनी प्लेलिस्ट में जरूर शामिल करें.

‘आई है दिवाली’ आज भी है लोगों की पसंद

फिल्म ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ का गाना ‘आई है दिवाली’ आज भी दीपावली के मौके पर खूब सुनाई देता है. इस गाने को उदित नारायण, अलका याग्निक, कुमार सानु, शान, केतकी दवे और स्नेहा पंत ने मिलकर गाया है. इसका म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने तैयार किया था, जबकि बोल सुधाकर शर्मा ने लिखे थे. गाने की एनर्जी और इसकी धुन इसे त्योहार के लिए खास बनाती है.

‘मेरे तुम्हारे सबके लिए हैप्पी दिवाली’ से सजाएं महफिल

फिल्म ‘होम डिलीवरी’ का यह गाना दीपावली के सबसे पसंदीदा गानों में शामिल है. वैशाली, सूरज और सुनिधि चौहान की आवाज में सजा यह गाना बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आता है. इसे बच्चों पर फिल्माया गया था. इसकी सादगी और मस्ती भरा अंदाज त्योहार के माहौल को और खास बना देता है. आज भी लोग इसे सोशल मीडिया रील्स, व्हाट्सएप स्टेटस और फैमिली सेलिब्रेशन में इस्तेमाल करते हैं.

‘जलते दिए’ पर बनाएं अपना फेस्टिव लुक वीडियो

सलमान खान और सोनम कपूर की फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ का गाना ‘जलते दिए’ भी दीपावली के मौके पर खूब पसंद किया जाता है. अन्वेषा, विनीत सिंह, हर्षदीप कौर और शबाब सबरी ने इस गाने को अपनी आवाज दी है. इसकी मधुर धुन और खूबसूरत अंदाज इसे खास बनाते हैं. लड़कियां अक्सर इस गाने पर अपने एथनिक लुक और तैयार होने के वीडियो बनाती हैं.

‘राम अयोध्या आए हैं’ से जुड़ा है खास कनेक्शन

कैलाश खेर की आवाज में गाया गया ‘राम अयोध्या आए हैं’ भी दीपावली के मौके पर सुनने के लिए अच्छा विकल्प है. यह गाना 24 अक्टूबर 2022 को रिलीज हुआ था. जनवरी 2024 में अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान इसे काफी लोकप्रियता मिली. गाने का भाव और इसकी प्रस्तुति त्योहार के माहौल से जुड़ती है.

1958 का यह गाना भी प्लेलिस्ट में करें शामिल

फिल्म ‘खजांची’ का गाना ‘आई दिवाली आई कैसे उजाले लाई’ हिंदी सिनेमा के पुराने और यादगार दीपावली गीतों में से एक है. साल 1958 में रिलीज हुई इस फिल्म का यह गाना आज भी त्योहार के मौके पर सुना जाता है. अगर आप अपनी प्लेलिस्ट में पुराने गानों का रंग भी शामिल करना चाहते हैं, तो इसे जरूर जगह दें.



Source link