दिवाली पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल पर थम गए गाड़ियों के पहिए, लोग घंटों फंसे रहे जाम में, सात लेन भी कम पड़ गईं

दिवाली पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल पर थम गए गाड़ियों के पहिए, लोग घंटों फंसे रहे जाम में, सात लेन भी कम पड़ गईं


Last Updated:

Agra Lucknow Expressway : दिवाली पर कार से सड़क मार्ग के रास्ते आप घर जा रहे हैं तो आपको परेशानी हो सकती है. यूपी और बिहार जाने वाले लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है. आगरा-लखनऊ के टोल पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है. सैकड़ों की संख्या में गाड़ियां जाम में फंसी हैं.

Zoom

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जाम लगा. (आईएएनएस सांकेतिक तस्वीर)

आगरा : दिवाली पर अगर आप भी कार से अपने घर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो रास्ते में लगने वाले जाम के लिए तैयार रहिए. त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दी में निकले लोगों को सड़कों पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. दिल्ली-NCR समेत दूसरे शहरों से यूपी और बिहार जाने वाले लोगों की भीड़ के चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है. टोल प्लाजा पर कई किलोमीटर तक गाड़ियों की कतारें लग गईं. हालात ऐसे हो गए कि लोगों को टोल पार करने में ही कई घंटे लग गए. गाड़ियां रेंग-रेंगकर आगे बढ़ती नजर आईं.

सुबह से ही लगी गाड़ियों की लाइन

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम से ही वाहनों की संख्या बढ़ने लगी थी. टोल प्लाजा-21 पर देर रात तक गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं. शनिवार सुबह आठ बजे से एक बार फिर वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया. देखते ही देखते टोल प्लाजा पर गाड़ियों की लाइन लंबी होती चली गई. दोपहर तक जाम करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गया. इसमें सैकड़ों वाहन फंस गए. दिवाली मनाने घर जा रहे परिवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.

सात लेन खोलने पर भी नहीं खत्म हुआ जाम

टोल पर वाहनों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कर्मचारियों को ज्यादा इंतजाम करने पड़े. दो अधिक लेन भी चालू कराई गईं. इसके बाद विशेष और अतिरिक्त लेन मिलाकर कुल सात लेन से वाहनों को निकालने की व्यवस्था की गई. हालांकि, इसके बावजूद जाम से पूरी तरह राहत नहीं मिली. एक साथ बड़ी संख्या में गाड़ियां पहुंचने के कारण टोल पर वाहनों की कतारें बनी रहीं.

तीन-चार घंटे तक रहा जाम

टोल प्लाजा-21 के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर ने बताया कि तीन से चार घंटे तक वाहनों की भीड़ ज्यादा रही. कुछ वाहन इधर-उधर से निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिससे परेशानी और बढ़ गई. पुलिस और प्रशासन की मदद से यातायात व्यवस्था संभाली गई. इसके बाद जाम की स्थिति में सुधार हुआ. उन्होंने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने के कारण यह समस्या हुई.

यमुना एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की लंबी कतारें

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अलावा यमुना एक्सप्रेसवे पर भी दिवाली की भीड़ का असर देखने को मिला. खंदौली टोल प्लाजा पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया. यहां भी जाम जैसे हालात बन गए. वाहनों को जल्द निकालने के लिए टोल की सभी 28 फास्टैग लेन चालू रखी गईं. इसके बावजूद त्योहार पर घर लौट रहे लोगों को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ा.

धनतेरस से ही शुरू हो गई थी जाम की परेशानी

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जाम की समस्या धनतेरस के दिन से ही शुरू हो गई थी. शुक्रवार को भी करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी थीं. शाम पांच बजे से लखनऊ जाने वाली लेन पर गाड़ियों की संख्या बढ़नी शुरू हुई, जो रात आठ बजे तक जारी रही. जाम में फंसे वाहन चालकों ने आगे निकलने के लिए कई बार रास्ता बनाने की कोशिश की, लेकिन इससे स्थिति और बिगड़ गई. त्योहार पर अपनों के बीच पहुंचने की जल्दी में निकले लोगों का सफर जाम के कारण लंबा हो गया.



Source link