‘किसी की नापसंद मतलब ये नहीं की फिल्म बेकार है’, अदिति संग ‘पारिवारिक मनुरंजन’ की रिलीज से पहले बोले पंकज त्रिपाठी

‘किसी की नापसंद मतलब ये नहीं की फिल्म बेकार है’, अदिति संग ‘पारिवारिक मनुरंजन’ की रिलीज से पहले बोले पंकज त्रिपाठी


Last Updated:

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा कि किरदार की तैयारी कुछ हफ्तों में हो सकती है, लेकिन एक अच्छा अभिनेता बनने के लिए सालों की साधना और मेहनत की जरूरत होती है. वे अपनी आगामी फिल्म ‘पारिवारिक मनुरंजन’ की रिलीज से पहले कहते हैं कि किसी दर्शक को फिल्म न पसंद होना उसके खराब होने का पैमाना नहीं है.

Zoom

‘पारिवारिक मनोरंजन’ की रिलीज से पहले बोले पंकज त्रिपाठी.

नई दिल्ली.  बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ को लेकर चर्चा में हैं. अपनी सादगी और शानदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले पंकज त्रिपाठी का मानना है कि किसी किरदार को पर्दे पर निभाने की तैयारी कुछ हफ्तों में हो सकती है, लेकिन एक अच्छा अभिनेता बनने के लिए सालों की मेहनत और साधना की जरूरत होती है. उनका कहना है कि अभिनय सिर्फ किसी किरदार को समझने तक सीमित नहीं है, बल्कि ये जिंदगीभर चलने वाली सीखने की प्रक्रिया है.

मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में अपनी को-स्टार अदिति राव हैदरी के साथ आईएएनएस से बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी ने अभिनय की तैयारी को लेकर अपना नजरिया साझा किया. उन्होंने कहा कि किसी फिल्म में किरदार निभाने के लिए कलाकार को एक, दो या तीन हफ्ते का समय मिल सकता है. इस दौरान वह कहानी पढ़ता है और अपने किरदार को समझने की कोशिश करता है. हालांकि, एक अभिनेता के रूप में खुद को तैयार करने में कई साल लग जाते हैं.

उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए बढ़ई का उदाहरण दिया. अभिनेता ने कहा, ‘एक कुर्सी बनाने में चार दिन लग सकते हैं, लेकिन उस बढ़ई को कुर्सी इतनी अच्छी तरह बनाना सीखने में चार साल लग जाते हैं. इसी तरह एक किरदार की तैयारी कुछ हफ्तों में हो सकती है, लेकिन अभिनेता बनने के पीछे 15-20 साल की साधना होती है’.

दर्शकों की पसंद ही किसी फिल्म के अच्छी या खराब होने का पैमाना नहीं

बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी ने दर्शकों की पसंद और सोशल मीडिया पर फिल्मों को लेकर होने वाली प्रतिक्रियाओं पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कई बार कलाकार और फिल्ममेकर इस उलझन में पड़ जाते हैं कि आखिर दर्शक क्या देखना चाहते हैं. उनके मुताबिक, किसी व्यक्ति को कोई खास खाना पसंद नहीं है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह खाना खराब है. यह सिर्फ उसकी व्यक्तिगत पसंद हो सकती है.

अभिनेता ने कहा कि इंटरनेट पर भी अक्सर ऐसा ही देखने को मिलता है. अगर किसी को कोई कहानी पसंद नहीं आती, तो वह तुरंत उसे खराब बता देता है. जबकि संभव है कि कुछ समय बाद उसी कहानी में उसकी दिलचस्पी पैदा हो जाए.

‘घर के बने खाने जैसा है हमारी फिल्म का सिनेमा’

अपनी आगामी फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ के बारे में बात करते हुए पंकज त्रिपाठी ने इसे घर के बने खाने जैसा सिनेमा बताया. उन्होंने कहा कि यह एक साफ-सुथरी फिल्म है, जिसे परिवार के साथ देखा जा सकता है. आजकल फिल्मों की तेज एडिटिंग और दर्शकों के कम होते ध्यान को देखते हुए इस फिल्म का अंदाज थोड़ा अलग है.



Source link