समंदर की गोद छोड़ मौत के किनारे पहुंचीं 43 व्हेल, न्यूजीलैंड में बिछ गईं लाशें
Last Updated:
न्यूजीलैंड के नॉर्थ आइलैंड के नगावी तट पर पायलट व्हेल के एक झुंड के फंसने से 43 की मौत हो गई. बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने जिंदा व्हेल को वापस समुद्र में भेजने की कोशिश की, लेकिन कोई भी नहीं बच सकी. वैज्ञानिकों के मुताबिक, पायलट व्हेल सामाजिक जीव हैं और एक के रास्ता भटकने पर पूरा झुंड उसके पीछे आ सकता है.
न्यूजीलैंड के एक समुद्र तट पर गुरुवार सुबह ऐसा नजारा दिखा, जिसने स्थानीय लोगों और बचावकर्मियों को झकझोर दिया. यहां पायलट व्हेल का एक बड़ा झुंड किनारे पर फंसा मिला. कुछ व्हेल उस समय जिंदा थीं, लेकिन उन्हें वापस समुद्र में पहुंचाने की कोशिशें कामयाब नहीं हो सकीं. शुक्रवार तक सभी 43 व्हेल की मौत हो गई. बचाव अभियान में जुटे लोगों ने इस घटना को बेहद मुश्किल और दुखद बताया है. यह घटना न्यूजीलैंड के नॉर्थ आइलैंड के दक्षिणी छोर पर केप पल्लिसर के पास नगावी तट की है. देश के संरक्षण विभाग (DOC) के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे व्हेल के फंसे होने की सूचना मिली. शुरुआत में कम से कम 20 व्हेल किनारे पर मिली थीं, जिनमें से चार जिंदा थीं. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
घटना की जानकारी मिलने के बाद पर्यावरण संगठन प्रोजेक्ट जोनाह न्यूजीलैंड की टीम संरक्षण विभाग और स्थानीय माओरी जनजातियों के प्रतिनिधियों के साथ बचाव कार्य में जुट गई. जिंदा मिली व्हेल की सेहत की जांच की गई और उन्हें समुद्र में वापस भेजने की तैयारी शुरू हुई. योजना थी कि समुद्र में ज्वार आने पर व्हेल को दोबारा पानी में उतारा जाए. स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंचे. उन्होंने जिंदा व्हेल को ठंडा रखने और उन्हें आराम देने की कोशिश की, ताकि बचाव दल के पहुंचने तक उनकी हालत और न बिगड़े. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
लेकिन शुक्रवार दोपहर तक हालात बेहद निराशाजनक हो गए. संरक्षण विभाग ने बताया कि नगावी से मंगाटोएटोए तट तक कुल 43 व्हेल मिली थीं और इनमें से किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं है. प्रोजेक्ट जोनाह के मुताबिक, कई व्हेल कई किलोमीटर लंबे समुद्र तट पर पहले से मृत पड़ी थीं. जो जिंदा मिली थीं, उनकी भी दिनभर में मौत हो गई. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
Add News18 as
Preferred Source on Google
संगठन ने कहा कि बचाव अभियान में शामिल लोगों के लिए यह बेहद मुश्किल और भावनात्मक रूप से परेशान करने वाला अनुभव था. विभाग अब स्थानीय माओरी समुदायों के साथ मिलकर मृत व्हेल को दफनाने की व्यवस्था कर रहा है. माओरी समुदाय के लिए ये व्हेल सांस्कृतिक और विरासत के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं. प्रोजेक्ट जोनाह के मुताबिक, नॉर्थ आइलैंड का यह दक्षिणी तट कुक स्ट्रेट की तेज समुद्री लहरों के सामने पड़ता है. यहां समुद्र तट पर ढीली बजरी और नुकीले पत्थर भी हैं. ऐसे में व्हेल को संभालना और उन्हें वापस गहरे पानी तक पहुंचाना आसान नहीं था. इसके अलावा यह इलाका काफी दूर-दराज है. बचाव दल को मौके तक पहुंचने और जरूरी इंतजाम करने में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय मछुआरे एंड्रयू सिम ने इस घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने न्यूजीलैंड के मीडिया संस्थान RNZ को बताया कि वह चार दशक से भी ज्यादा समय से इस तट पर आ रहे हैं और पहले भी व्हेल को किनारे पर फंसे देखा है. लेकिन पायलट व्हेल के साथ ऐसा नजारा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था. सिम ने कहा कि इन व्हेल के यहां आने की कोई साफ वजह समझ में नहीं आती. उनके मुताबिक, यह बेहद अजीब घटना थी. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
आखिर क्यों समुद्र छोड़कर किनारे पर आ जाती हैं व्हेल? पायलट व्हेल उन समुद्री जीवों में शामिल हैं, जिनके झुंड अक्सर समुद्र तट पर फंस जाते हैं. हालांकि, एक साथ बड़ी संख्या में व्हेल के किनारे आने की असली वजह अब तक पूरी तरह समझी नहीं जा सकी है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, पायलट व्हेल बहुत सामाजिक जीव हैं. वे झुंड में रहती हैं और एक-दूसरे से गहरा जुड़ाव रखती हैं. ऐसे में अगर एक व्हेल रास्ता भटक जाए या मुश्किल में फंस जाए, तो दूसरी व्हेल भी उसके पास पहुंचने की कोशिश करती हैं. इस वजह से कई बार पूरा झुंड एक साथ उथले पानी में फंस जाता है. (Reuters/सांकेतिक फोटो)
स्कॉटलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट एंड्रयूज के जीव विज्ञान के प्रोफेसर और ब्रिटेन के पर्यावरण विभाग के पूर्व मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार इयान एल बॉयड ने भी इस बारे में अपनी राय दी. उनके मुताबिक, ऐसी घटनाएं अक्सर उन जगहों पर होती हैं, जहां समुद्र तट धीरे-धीरे उथला होता जाता है. संभव है कि व्हेल का पूरा झुंड रास्ता भटक जाए और समुद्र का पानी उतरने के साथ किनारे पर फंस जाए. हालांकि, वैज्ञानिक इसे एक जटिल प्रक्रिया मानते हैं और इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. न्यूजीलैंड में गर्मियों के दौरान पायलट व्हेल के समुद्र तट के करीब आने की घटनाएं ज्यादा होती हैं. इस मौसम में वे भोजन की तलाश में तट के पास पहुंचती हैं. इसी दौरान बड़े झुंड के फंसने का खतरा भी बढ़ जाता है. देश में अब तक की सबसे बड़ी सामूहिक व्हेल स्ट्रैंडिंग 1918 में चैथम द्वीप समूह में हुई थी. उस दौरान करीब 1,000 पायलट व्हेल समुद्र तट पर फंस गई थीं. (Reuters/सांकेतिक फोटो)