अमेरिका-ईरान के बीच एक तरफ पीस-डील की कोशिश चल रही है, दूसरी तरफ दोनों के बीच न्यूक्लियर वॉर के आसार बन रहे हैं. इस मौहाल के दौरान इजराइल में अलग ही खिचड़ी पक रही है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन का एक सीक्रेट मिशन लीक हुआ है, जिसे ऐन वक्त पर अबॉर्ट करना पड़ा था. इजरायल ने 27 अक्टूबर को हुए इजराइल के चुनावों से ठीक पहले ईरान पर एक बड़े गुप्त सैन्य ऑपरेशन की पूरी तैयारी कर ली थी. बताया जा रहा है कि अमेरिका की दखलंदाजी और इजरायल की एक बड़ी गलती की वजह से प्लान बीच में ही फेल हो गया था.
ईरान के खिलाफ क्या था बेंजामिन नेतन्याहू का मिशन?
इजरायली मीडिया चैनल ‘चैनल 12’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेंजामिन नेतन्याहू और मोसाद चीफ चुनाव से ठीक पहले ईरान के खिलाफ किसी बड़े और खतरनाक सैन्य कदम को अंजाम देना चाहते थे. लेकिन इस प्लान की भनक लगते ही इजराइल के भीतर ही सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया था. देश के कई टॉप मिलिट्री अधिकारियों ने इस प्लान का कड़ा विरोध किया था. उनका मानना था कि चुनाव के ठीक पहले ईरान पर हमला करने से हालात बेकाबू हो सकते हैं और मिडिल ईस्ट में एक भयानक महायुद्ध छिड़ सकता है. इसके अलावा, इससे देश के चुनावी माहौल पर भी बहुत बुरा असर पड़ सकता था.
सैन्य अधिकारियों के भारी विरोध के बावजूद नेतन्याहू और मोसाद के भीतर इस ऑपरेशन की तैयारियां चुपचाप चलती रहीं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसी दौरान इजराइल का एक सुरक्षा एजेंट थोड़ा ‘जल्दबाजी’ कर बैठा, जिसकी वजह से इस गुप्त प्लान की सारी जानकारी सीधे अमेरिका तक पहुंच गई. जैसे ही वाशिंगटन को नेतन्याहू के इस सीक्रेट प्लान की भनक लगी, अमेरिका तुरंत हरकत में आ गया. अमेरिकी प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए इस ऑपरेशन को रुकवाने के लिए कड़े कदम उठाए और इस तरह नेतन्याहू की ये चाल धरी की धरी रह गई. हालांकि, इजरायली सेना के कड़े नियमों और सेंसरशिप के दायरे में ही इस रिपोर्ट को पब्लिक किया गया है.
नेतन्याहू ने कर दिया साफ इनकार
इस खुलासे के सामने आने के बाद नेतन्याहू के कार्यालय ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनके दफ्तर की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने खुद साफ किया था कि चुनाव से पहले ईरान पर किसी भी तरह के हमले का कोई एजेंडा नहीं था. वहीं दूसरी तरफ, इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेतन्याहू के धुर विरोधी एहुद बराक ने इस मामले में आग में घी डालने का काम किया है. एहुद बराक ने ‘चैनल 12’ को दिए एक इंटरव्यू में सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि नेतन्याहू सेना प्रमुख की पीठ पीछे मोसाद के जरिए ईरान को लेकर कोई बड़ी ‘साजिश’ रच रहे थे.
ये रिपोर्ट उस समय सामने आई है जब इजराइल में चुनाव से ठीक पहले पहले से ही भारी राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई थी. चुनाव से दो दिन पहले यानी 25 अक्टूबर को भी इसी चैनल ने नेतन्याहू और इजराइल डिफेंस फोर्सेज के चीफ इयाल जमीर के बीच हुई ‘तीखी झड़प’ का खुलासा किया था. रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने सेना को ईरान के खिलाफ किसी गुप्त सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया था, लेकिन सेना प्रमुख इयाल जमीर ने इस आदेश को मानने से साफ इनकार कर दिया था.
ईरान के खिलाफ ऑपरेशन या कुछ और?
मिलिट्री सूत्रों का कहना है कि इयाल जमीर ने इस बात पर जोर दिया था कि ऐसे सेंसेटिव समय में कोई भी ऐसा कदम देश को बहुत भारी पड़ सकता है जिससे ईरान के साथ अचानक भीषण युद्ध छिड़ जाए. सेना के बड़े अधिकारियों को इस बात का गहरा डर था कि राजनीतिक फायदे के लिए ईरान के मुद्दे का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. सेना प्रमुख ने साफ मांग की थी कि अगर इस तरह का कोई भी बड़ा ऑपरेशन करना है, तो इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से लिखित कानूनी मंजूरी दी जानी चाहिए.
नेतन्याहू ने दी क्या सफाई?
हालांकि, जब 25 अक्टूबर की रात को चैनल 14 पर इस विवाद के बारे में सवाल पूछा गया, तो नेतन्याहू ने इन खबरों को पूरी तरह बकवास करार दिया. उन्होंने दावा किया कि सेना प्रमुख इयाल जमीर के साथ उनकी किसी भी बात को लेकर कोई लड़ाई नहीं हुई है. लेकिन उसी इंटरव्यू के दौरान नेतन्याहू ने ये भी स्वीकार किया कि उन्होंने हाल ही में आईडीएफ और मोसाद को साफ निर्देश दिए थे कि ईरान की रिजीम को उखाड़ फेंका जाए.
चुनाव से ठीक एक दिन पहले यानी 26 अक्टूबर को ‘चैनल 12’ और ‘चैनल 13’ ने फिर दावा किया कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल कात्ज द्वारा मांगे गए सैन्य एक्शन के खिलाफ खड़े होने वाले इयाल जमीर अकेले शीर्ष अधिकारी थे. अमरीकी अखबार ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने भी अपनी रिपोर्ट में मुहर लगाई थी कि नेतन्याहू पिछले कई हफ्तों से ईरान पर नए सिरे से एयरस्ट्राइक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सेना प्रमुख हर बार इस प्लान के आड़े आ गए.