दिवाली का त्योहार आते ही घर की साफ-सफाई शुरू हो जाती है. पर्दों से लेकर फर्श, किचन और बालकनी तक हर जगह को चमकाने की तैयारी होती है. लेकिन घर के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले फर्नीचर यानी सोफे पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता. परिवार के लोग हों या मेहमान, सभी सोफे पर बैठते हैं. ऐसे में धीरे-धीरे इस पर धूल, खाने-पीने के दाग और पसीने की बदबू जमा होने लगती है. अगर आप भी दिवाली से पहले अपने सोफे को नया जैसा बनाना चाहते हैं, तो ये 8 आसान तरीके अपना सकते हैं.
1. वैक्यूम क्लीनर से निकालें धूल
सोफे की सफाई की शुरुआत वैक्यूम क्लीनर से करें. इसके कुशन, कोनों और सीट के नीचे अच्छी तरह सफाई करें. कई बार खाने के छोटे टुकड़े और धूल सोफे की सिलाई के बीच फंस जाते हैं. वैक्यूम क्लीनर से इन्हें आसानी से निकाला जा सकता है.
2. बेकिंग सोडा से दूर करें बदबू
अगर सोफे से सीलन या पसीने जैसी बदबू आ रही है, तो बेकिंग सोडा मददगार हो सकता है. सोफे के सूखे फैब्रिक पर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़कें. इसे करीब 20-30 मिनट तक रहने दें और फिर वैक्यूम क्लीनर से साफ कर दें. इससे हल्की बदबू कम करने में मदद मिल सकती है.
3. दाग लगते ही करें सफाई
सोफे पर चाय, कॉफी या जूस गिर जाए तो उसे तुरंत साफ करें. इसके लिए साफ और सूखे कपड़े से दाग को हल्के हाथों से दबाकर सोखें. रगड़ने से दाग कपड़े के अंदर तक फैल सकता है. जरूरत पड़ने पर फैब्रिक के अनुकूल क्लीनर का इस्तेमाल करें.
4. हल्के साबुन वाले पानी से करें सफाई
फैब्रिक सोफे पर हल्की गंदगी जमा हो गई है तो थोड़ा माइल्ड लिक्विड सोप पानी में मिलाएं. एक साफ कपड़े को इस घोल में हल्का गीला करके गंदी जगह पर धीरे-धीरे लगाएं. ध्यान रखें कि सोफे को ज्यादा गीला न करें. बाद में सूखे कपड़े से नमी सोख लें.
5. कुशन कवर को अलग से धोएं
सोफे के कुशन कवर अगर निकल सकते हैं तो उन्हें अलग करके धो लें. हालांकि, धोने से पहले उन पर लगे केयर लेबल को जरूर पढ़ें. कुछ फैब्रिक केवल ड्राई क्लीनिंग के लिए होते हैं. गलत तरीके से धोने पर उनका रंग और आकार खराब हो सकता है.
6. लकड़ी के हिस्सों को भी करें साफ
सोफे के आर्मरेस्ट और पैरों में लकड़ी लगी है तो उन्हें भी साफ करना जरूरी है. इसके लिए मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें. लकड़ी पर सीधे पानी या तेज केमिकल डालने से बचें. जरूरत पड़ने पर लकड़ी के लिए बने क्लीनर का इस्तेमाल करें.
7. पालतू जानवरों के बाल हटाएं
अगर आपके घर में पेट्स हैं तो सोफे पर उनके बाल जमा होना आम बात है. इन्हें हटाने के लिए लिंट रोलर या हल्के गीले रबर ग्लव्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे कपड़े पर चिपके बाल आसानी से निकल जाते हैं. सफाई के बाद सोफे को पूरी तरह सूखने देना बहुत जरूरी है. खिड़कियां खोलकर कमरे में हवा आने दें. गीले सोफे पर तुरंत कुशन या कवर न लगाएं. नमी रहने से सीलन और फफूंद की समस्या हो सकती है.