Last Updated:
Badrinath Dham News: चारधाम यात्रा की जब शुरुआत होती है तो हर कोई उत्सुक होता है. अब बद्रीनाथ के कपाट बंद होने वाले हैं. उससे पहले श्रद्धालु बढ़-चढ़कर पहुंच रहे हैं. आइए जानते हैं सब.
बदरीनाथ धाम.
चमोली: भगवान बद्रीविशाल के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं. इससे पहले बदरीनाथ धाम में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आस्था के साथ मनाया जा रहा है. धनतेरस से लेकर दीपावली तक बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करने के साथ ही दीपावली का पर्व मनाने धाम पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि दीपावली पर बदरीनाथ धाम में माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान के खजाने की पूजा की भी विशेष परंपरा निभाई जाएगी.
बदरीनाथ धाम में इन दिनों दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है. धनतेरस से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है. मंदिर परिसर से लेकर बदरीनाथ की पावन भूमि तक भक्तों की चहल-पहल बनी हुई है. कोई भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर दीपावली मना रहा है, तो कोई अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना लेकर धाम पहुंचा है.
दीपावली मनाने का अनुभव बेहद खास
इस बार कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं, जो पहली बार बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं और यहां दीपावली मनाने को लेकर खासे उत्साहित हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान बद्रीविशाल के धाम में दीपावली मनाने का अनुभव बेहद खास है. यहां पहुंचकर मन को शांति मिल रही है. कई तीर्थयात्रियों ने दीपावली के बाद भी कुछ दिन धाम में रुकने की योजना बनाई है.
16 नवंबर को कपाट बंद
कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं है. एक ओर दीपावली का उल्लास है, तो दूसरी ओर कपाट बंद होने से पहले भगवान बद्रीविशाल के अंतिम दर्शनों की अभिलाषा. 16 नवंबर को कपाट बंद होने से पहले धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है. इस यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम ने रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों की मेजबानी की है.
दीपावली के अवसर पर बदरीनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे. माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना होगी और लक्ष्मी पाठ के साथ माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा. दीपावली पर होने वाली यह पूजा बदरीनाथ धाम की धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व रखती है. माता लक्ष्मी के पूजन के बाद बदरीनाथ धाम में भगवान बद्रीविशाल के खजाने की पूजा की विशेष परंपरा निभाई जाती है. इस पूजा में मंदिर के रावल जी के साथ धर्माधिकारी, वेदपाठी और अन्य आचार्यगण शामिल होते हैं. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का निर्वहन विधि-विधान के साथ किया जाता है.
माहौल पूरी तरह भक्तिमय
बदरीनाथ धाम के वेदपाठी डॉ. रविंद्र भट्ट ने कहा कि बदरीनाथ धाम में दीपावली का यह पर्व इस बार इसलिए भी खास है, क्योंकि कपाट बंद होने में अब महज कुछ दिन शेष हैं. ऐसे में श्रद्धालु दीपावली के उल्लास के साथ भगवान बद्रीविशाल के अंतिम दर्शन भी कर रहे हैं. आस्था, परंपरा और दीपोत्सव के इस संगम से बदरीनाथ धाम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है. कुल मिलाकर बदरीनाथ धाम में दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. कपाट बंद होने से पहले उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ यह बता रही है कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में भी भगवान बद्रीविशाल के प्रति भक्तों की आस्था अटूट है.