लेडी सिंघम काम्या मिश्रा की सियासी एंट्री की चर्चा, बिहार के वो 11 आईपीएस अफसर जो नेता बने, पूरी लिस्ट

लेडी सिंघम काम्या मिश्रा की सियासी एंट्री की चर्चा, बिहार के वो 11 आईपीएस अफसर जो नेता बने, पूरी लिस्ट


बिहार में पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा की जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हैं. क्या ‘लेडी सिंघम’ भी खाकी छोड़कर राजनीति में उतरेंगी? बता दें कि वर्ष 2019 बैच की बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी रहीं काम्या मिश्रा दरभंगा ग्रामीण एसपी के तौर पर ‘लेडी सिंघम’ के नाम से चर्चित रहीं हैं. बीते अगस्त 2024 में उन्होंने इस्तीफा दिया था जिसके बाद मार्च 2025 में इस इस्तीफे को मंजूरी मिल गई. इसके बाद शुक्रवार (6 नवंबर 2026) को उन्होंने पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की.

हालांकि, संजय झा ने इसे दिवाली की शुभकामनाओं से जुड़ी शिष्टाचार भेंट बताया. लेकिन, दोनों ने मुलाकात की तस्वीर साझा होने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है. फिलहाल उनके राजनीति में आने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन चर्चा तेज है कि वे जल्दी ही राजनीति में आ सकती हैं. असल में बिहार में पुलिस अधिकारियों का राजनीति में आना कोई नई बात नहीं है. कुछ अफसर विधायक और मंत्री बने, तो कुछ चुनावी मैदान में अपनी लोकप्रियता नहीं भुना सके. आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही चर्चित पूर्व आईपीएस अधिकारियों की कहानी.

पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा के राजनीति में आने की अटकलें तेज.

सुनील कुमार- मंत्री बने पूर्व आईपीएस

एक बड़ा नाम 1987 बैच के बिहार कैडर आईपीएस सुनील कुमार रहे हैं. वे पटना एसएसपी और बाद में डीजी स्तर तक पहुंचे. अपने रिटायरमेंट के बाद जेडीयू जॉइन कर लिया. इसके बाद वे 2020 में भोरे विधानसभा सीट से जीते और बिहार के शिक्षा मंत्री बने. वर्ष 2025 चुनाव में इन्होंने फिर जीत दर्ज की. देखा जाए तो बिहार में आईपीएस से मंत्री बनने का सबसे सफल उदाहरण हैं.

आनंद मिश्रा- एनकाउंटर स्पेशलिस्ट से विधायक

बिहार पृष्ठभूमि से आने वाले आनंद मिश्रा 2011 बैच के असम-मेघालय कैडर आईपीएस हैं. अपने कार्यकाल के दौरान 150 से ज्यादा एनकाउंटर में शामिल रहे. इसके बाद वर्ष 2024 लोकसभा में बक्सर से निर्दलीय लड़े. वहां, हार मिली तो फिर बीजेपी जॉइन की. वर्ष 2025 विधानसभा में बीजेपी टिकट पर बक्सर से 28 हजार से ज्यादा वोटों से जीते और वर्तमान में विधायक हैं.

शिवदीप लांडे- सिंघम की अपनी पार्टी

शिवदीप लांडे 2006 बैच के बिहार कैडर आईपीएस रहे हैं. सिंघम और सुपरकॉप के नाम से मशहूर शिवदीप लांडे ने सितंबर 2024 में वीआरएस लिया. इसके बाद अप्रैल 2025 में हिंद सेना नाम की अपनी पार्टी बना ली, लेकिन उनकी पार्टी को मान्यता नहीं मिली. इसके बाद वर्ष 2025 में जमालपुर से निर्दलीय लड़े, लेकिन चुनावी लड़ाई में जीत नहीं मिली और वे तीसरे स्थान पर रहे. आम तौर पर शिवदीप लांडे आम जनता की नजर में काफी सम्मानित और पॉपुलर हैं, लेकिन लोकप्रियता के बावजूद जीत नहीं मिली.

बिहार के पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे सुपरकॉप नाम से मशहूर रहे हैं. चुनाव भी लड़े और अपनी आध्यात्मिकता के लिए भी सुर्खियों में रहते हैं.

गुप्तेश्वर पांडेय- डीजीपी से जेडीयू

गुप्तेश्वर पांडेय 1987 बैच के आईपीएस और बिहार के पूर्व डीजीपी रहे हैं. वर्ष 2020 में वीआरएस लेकर जेडीयू जॉइन किया, लेकिन टिकट नहीं मिला. बाद में राजनीति से किनारा कर अध्यात्म की ओर मुड़ गए. दो बार कोशिश की पर चुनावी राजनीति में सफलता नहीं मिली.

राकेश कुमार मिश्रा- जन सुराज का चेहरा

राकेश कुमार मिश्रा 1986 बैच के बिहार कैडर आईपीएस रहे हैं. अपनी सर्विस के दौरान वे एडीजी और डीजी स्तर तक पहुंचे. आईआईटी बीएचयू गोल्ड मेडलिस्ट इस आईपीएस अधिकारी ने बाद के दौर में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी जॉइन कर ली. इसके बाद वर्ष 2025 में दरभंगा से विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे.

जय प्रकाश सिंह- हिमाचल से बिहार राजनीति

जय प्रकाश सिंह 2000 बैच के आईपीएस रहे हैं. वे हिमाचल प्रदेश कैडर में एडीजी बने. इसके बाद वीआरएस लेकर जन सुराज जॉइन किया और वर्ष 2025 में छपरा से विधानसभा चुनाव लड़े. बिहार मूल के होने के कारण स्थानीय स्तर पर चर्चा में रहे, लेकिन उन्हें भी चुनावी लड़ाई में सफलता नहीं मिली.

बीके रवि- कांग्रेस के टिकट पर लड़े

बीके रवि उर्फ ब्रज किशोर रवि तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी रह चुके हैं. बिहार के समस्तीपुर मूल के बीके रवि वर्ष 2025 में कांग्रेस टिकट पर रोसरा से चुनाव लड़े. करीब 70 हजार वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे.

डीपी ओझा- पूर्व डीजीपी की निर्दलीय कोशिश

डीपी ओझा बिहार के पूर्व डीजीपी रहे. वे वर्ष 1967 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं. वर्ष 2004 में बेगूसराय से निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन असफल रहे. सीवान के बाहुबली सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते थे. अब वे दिवंगत हो चुके हैं.

सीवान के बाहुबली सांसद पर कार्रवाई करने के लिए पूर्व डीजीपी डीपी ओझा काफी चर्चा में रहे.

आशीष रंजन सिन्हा- नालंदा से हार

आशीष रंजन सिन्हा बिहार के पूर्व डीजीपी रहे हैं. अपने रिटायरमेंट के बाद पहले उन्होंने राजद जॉइन किया और फिर कांग्रेस में गए. वर्ष 2014 में नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़े, लेकिन हार गए. पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी देवी के अतिरिक्त वे नीतीश कुमार के शासनकाल में डीजीपी रहे.

निखिल कुमार और ललित विजय सिंह- पुराने सफल नाम

निखिल कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर रहे और कांग्रेस से औरंगाबाद से सांसद बने. बाद में राज्यपाल भी रहे. ललित विजय सिंह बेगूसराय से सांसद बने और चंद्रशेखर सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे. दोनों आईपीएस अधिकारी राजनीति में सफल होने के बड़े उदाहरण हैं.

रोचक बातें जो कम लोग जानते हैं

वर्ष 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में कम से कम 6 पूर्व आईपीएस अधिकारी मैदान में उतरे, लेकिन इनमें से केवल सुनील कुमार और आनंद मिश्रा जीते, बाकी हार गए. कई अधिकारी वीआरएस लेकर आए क्योंकि रिटायरमेंट के बाद भी सक्रिय रहना चाहते थे. इसी कड़ी में अब काम्या मिश्रा की जेडीयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात ने इस ट्रेंड को फिर ताजा कर दिया है.



Source link