Last Updated:
बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने हाल ही में 2000 के शुरुआती दशक में हुए अपने जीवन के सबसे बड़े विवाद पर खुलकर बात की. विवेक ने बताया कि जब उनका करियर ऊंचाइयों पर था, तब गलत चीज के खिलाफ आवाज उठाने की उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी. हिट फिल्में देने के बावजूद उन्हें रातों-रात इंडस्ट्री में अलग-थलग कर दिया गया था. इतना ही नहीं, जो फिल्ममेकर उन्हें अपनी फिल्मों में साइन करना चाहते थे, उन्हें अंडरवर्ल्ड से धमकियां मिलने लगती थीं.
विवेक ओबेरॉय का सालों पुराना छलका दर्द. (फोटो साभार: Instagram@vivekoberoi)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय 2000 के दशक की शुरुआत में ‘कंपनी’ और ‘साथिया’ जैसी हिट फिल्में देकर बॉलीवुड के उभरते हुए सितारे बन चुके थे. लेकिन 2003 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस ने उनकी जिंदगी और करियर का रुख पूरी तरह बदल दिया. बरसों बाद अब एक पॉडकास्ट में विवेक ने अपने करियर की बुरे दौर को बयां किया है. उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी नर्क जैसी स्थिति में पहुंच गई थी. इतना ही नहीं, जो डायरेक्टर्स उन्हें अपनी फिल्मों में लेना चाहते थे, उन्हें अंडरवर्ल्ड से धमकियां मिलने लगती थीं.
विवेक ओबेरॉय के हाथ से छिनने लगा था काम
विवेक ने आगे बताया कि हालात दिन-ब-दिन और ज्यादा बिगड़ते चले गए. उन्हें प्रोजेक्ट्स से हटाया जाने लगा और जो मेकर्स उनके साथ खड़े रहे, उन्हें अंडरवर्ल्ड से धमकियां मिलने लगीं. उन्होंने कहा, ‘जो लोग नैतिकता के नाते मेरे साथ टिके रहे, वे भी कुछ हफ्तों बाद फोन करके कहते कि मुझे गैंगस्टर्स के फोन आ रहे हैं. धमकियां दी जा रही थीं कि अगर इस लड़के के साथ काम किया तो खत्म कर दिए जाओगे. मैंने बहुत भयानक दौर झेला है. मुझे काम इसलिए नहीं मिल रहा था कि मुझमें टैलेंट या काम करने की क्षमता नहीं थी, बल्कि ऐसी वजहों से दूर किया गया जो मेरे बस में ही नहीं थीं.’
विवेक ओबेरॉय के करियर पर बड़ा बुरा असर
बताते चलें कि शुरुआती सफलता के बाद विवेक ओबेरॉय के करियर में काफी उतार-चढ़ाव आए. इस दौरान उन्होंने ‘कृष 3’, ‘विवेगम’ और ‘लूसिफर’ जैसी फिल्मों में डार्क और ग्रे शेड वाले किरदार निभाकर खुद को नए सिरे से साबित करने की कोशिश की. साल 2025 में ‘केसरी वीर’ और ‘मस्ती 4’ में नजर आने के बाद इस साल उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ में काम किया, जिसमें उन्होंने रावण के बहनोई विद्युतजिव्हा की भूमिका निभाई है. अब विवेक जल्द ही संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ में नजर आएंगे जो अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी.