Last Updated:
Bageshwar Wildlife Rescue Centre: मानव और वन्यजीवों के बीच लगातार गहराते टकराव को थामने तथा जंगली जानवरों को त्वरित सुरक्षा देने की दिशा में वन विभाग ने ऐतिहासिक कदम उठाया है. जिले के वज्यूला गांव में ₹1.60 करोड़ की लागत से पहला अत्याधुनिक वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर स्थापित होने जा रहा है, जिससे घायल व भटके जीवों को अब स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित आश्रय और उपचार मिल सकेगा.
Bageshwar Wildlife Rescue Centre: बागेश्वर जिले में लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए वन विभाग ने खास पहल की है. वज्यूला गांव में जिले का पहला वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा. इसके निर्माण के लिए 1 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति हुई है. करीब डेढ़ हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस सेंटर में लेपर्ड, लंगूर, बंदर समेत अन्य वन्यजीवों को सुरक्षित रखने और उनकी देखरेख की व्यवस्था की जाएगी. सेंटर बनने से घायल, भटके हुए और रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को जिले में ही सुरक्षित स्थान मिल सकेगा.
मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की चिंता
दरअसल, बागेश्वर जिले के ग्रामीण और आबादी वाले क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती रही हैं. जंगलों से वन्यजीवों के आबादी की ओर पहुंचने के कारण लोगों में दहशत बनी रहती है. कई बार लेपर्ड की आवाजाही से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ जाती है. वहीं, बंदरों और लंगूरों के आतंक से खेतीबाड़ी और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. ऐसे में वन्यजीवों के रेस्क्यू और उनके उचित प्रबंधन के लिए जिले में ही एक केंद्र की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी.
डेढ़ हेक्टेयर में ₹1.60 करोड़ की लागत से सुविधाएं
डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि वज्यूला में रेस्क्यू सेंटर के निर्माण के लिए 1.60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. करीब डेढ़ हेक्टेयर भूमि पर विकसित होने वाले इस केंद्र में वन्यजीवों को उनकी जरूरत के अनुसार रखने, भोजन उपलब्ध कराने और देखभाल करने की व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
दूसरे जिलों पर निर्भरता होगी खत्म
डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि जिले में वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर बनने से विभाग को बड़ी राहत मिलेगी. अभी तक रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों के रेस्क्यू सेंटरों में भेजना पड़ता है. स्थानीय स्तर पर केंद्र बनने के बाद इस प्रक्रिया में आसानी होगी और वन्यजीवों की देखरेख भी बेहतर तरीके से की जा सकेगी.
568 बंदर पकड़े गए, छह रेंजों में क्यूआरटी तैनात
वहीं, जिले में बंदरों की बढ़ती समस्या को देखते हुए वन विभाग की ओर से उन्हें पकड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है. अब तक 568 बंदरों को पकड़ा जा चुका है. इसके अलावा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए जिले की छह वन रेंजों में क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं. प्रत्येक टीम में पांच कर्मचारी शामिल किए गए हैं.