पुष्पक विमान से उतरे प्रभु राम, सीएम योगी ने खुद खींचा रथ, अयोध्या में त्रेतायुग का अद्भुत नजारा


Last Updated:

Ayodhya Deepotsav: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का एक अत्यंत भव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिला. सरयू तट के समीप पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से जब भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप उतरे, तो मुख्यमंत्री योगी ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया और माला पहनाकर अभिनंदन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने संतों के साथ मिलकर रामरथ खींचा, जिस पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा की. रामायण के जीवंत प्रसंगों वाली फोटो गैलरी और भजनों की गूंज से पूरी अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों में सराबोर हो गई.

Top Deals Inside

पुष्पक विमान से उतरे प्रभु राम, CM योगी ने खींचा रथ, अयोध्या में अद्भुत नजाराZoom

पुष्पक विमान से अयोध्या में पधारे श्रीराम.

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का आयोजन इतिहास रच रहा है. सरयू तट के समीप जब पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप नीचे उतरे, तो दीदार करने पहुंचे श्रद्धालुओं की आंखें फटी की फटी रह गईं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद हाथ जोड़कर प्रभु का स्वागत किया और उन्हें माला पहनाकर तथा तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया. इस दौरान गूंजते जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण पूरी तरह राममय हो गया.

संतों के साथ मुख्यमंत्री ने खींचा पवित्र रामरथ
इस भव्य आयोजन के दौरान एक बेहद भावुक और सनातन परंपरा का प्रतीक देखने को मिला जब प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप सुसज्जित रथ पर विराजमान हुए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत-महात्माओं के साथ आगे बढ़कर अपने हाथों से रामरथ को खींचा. जैसे ही रामरथ आगे बढ़ा, आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए फूलों की भारी वर्षा की जाने लगी. फूलों से सजे रथ और बरसते पुष्पों के बीच संतों के साथ मुख्यमंत्री का यह दृश्य देखकर हर कोई भावविभोर हो उठा और लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया.

संतों संग सीएम योगी ने खिंचा प्रभु राम का रथ.

भजनों और शंखनाद से गूंज उठा पूरा रामकथा पार्क
रामरथ यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही रामकथा पार्क और उसके आसपास का पूरा इलाका भजनों की मधुर स्वर लहरियों और शंखनाद से गूंज उठा. श्रद्धालुओं का उत्साह ऐसा था कि हर जुबान पर केवल जय श्रीराम का उद्घोष सुनाई दे रहा था. आकाश से बरसते फूल, दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ और भक्ति में डूबा माहौल दीपोत्सव की दिव्यता को कई गुना बढ़ा रहा था. यह दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आधुनिक युग में त्रेतायुग की समस्त स्मृतियां जीवंत हो उठी हों और अयोध्या में रामराज्य की परिकल्पना साकार हो रही हो.

रामायण के प्रसंगों को दर्शाती फोटो गैलरी का अवलोकन
रामरथ यात्रा के समापन के बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप रामकथा पार्क पहुंचे और वहां बनाए गए भव्य मंच पर विराजमान हुए. मंच पर प्रभु के विराजते ही श्रद्धालुओं की नजरें उनके दर्शन पर टिक गईं. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच के समक्ष उपस्थित सभी संत-महात्माओं का सत्कार किया और उनका अभिनंदन किया. संतों का आशीर्वाद, प्रभु के स्वरूपों का दिव्य सानिध्य और भक्तों की भारी भीड़ ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया.

वैश्विक पटल पर चमक रहा अयोध्या का सांस्कृतिक गौरव
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से लगाई गई विशेष फोटो गैलरी का भी अवलोकन किया. इस गैलरी में चित्रकारों द्वारा रामायण के विभिन्न प्रमुख प्रसंगों पर बेहद सुंदर पेंटिंग तैयार की गई थीं, जिनमें प्रभु श्रीराम के जीवन, उनकी मर्यादा, उनके महान त्याग और आदर्शों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया था. चित्रों के माध्यम से रामायण की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रूप में देखकर मुख्यमंत्री ने इसकी काफी सराहना की.

त्रेतायुग की जीवंत अनुभूति और रामराज्य की परिकल्पना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में आज अयोध्या का यह दीपोत्सव केवल एक स्थानीय पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और संस्कृति का एक वैश्विक उत्सव बन चुका है. डबल इंजन सरकार के अथक प्रयासों से रामनगरी की धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिली हैं. दीपों की जगमगाहट, रामनाम की गूंज और अटूट जनसमर्थन के बीच अयोध्या ने पूरी दुनिया को यह संदेश दे दिया है कि प्रभु श्रीराम केवल हमारे आराध्य ही नहीं, बल्कि भारतीय जीवन, संस्कृति और सनातन आत्मा के मूल आधार हैं.



Source link