पाकिस्तान में बैठा साइबर ठग, बिहार में कमीशन का खेल: मोतिहारी में 2 साइबर आरोपी गिरफ्तार, हुआ बड़ा खुलासा


Last Updated:

Motihari Cyber Fraud Case: मोतिहारी पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को 20 एटीएम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी कमीशन के लिए ठगी की रकम पाकिस्तान ट्रांसफर करते थे. एसआईटी और आईबी जांच में जुटी हैं. जानें पूरा मामला.

Top Deals Inside

पाकिस्तान में बैठा साइबर ठग, बिहार में कमीशन का खेल; मोतिहारी में बड़ा खुलासाZoom

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में साइबर ठगी के एक मामले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. नगर थाना पुलिस ने बेली सराय इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार गुप्ता और राजू कुशवाहा के रूप में हुई है.  पुलिस ने इनके पास से करीब 20 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे साइबर ठगों के इशारे पर कमीशन के लिए ठगी की रकम ट्रांसफर करते थे.

पाकिस्तान में बैठे आकाओं के इशारे पर करते थे काम
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर करने में मदद करते थे. इसके बदले उन्हें कमीशन दिया जाता था. पुलिस का दावा है कि पाकिस्तान में बैठा व्यक्ति युवाओं को कमीशन का लालच देकर साइबर ठगी के नेटवर्क से जोड़ रहा था. इस नेटवर्क के जरिए ठगी की रकम का इस्तेमाल अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किए जाने की आशंका है.

SIT गठित, IB भी जांच में जुटी
सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. साइबर ठगी के पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच की जा रही है. पुलिस के साथ-साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) भी मामले की जांच में जुटा है.

साइबर ठगी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर होती थी. पाकिस्तान में बैठे लोगों से आरोपियों का संपर्क कैसे हुआ. इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

ऐसे करते थे ठगी, होगा बड़ा खुलासा
सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया इस अकाउंट से जिस व्यक्ति का अकाउंट इस्तेमाल किया जाता है, उसका एटीएम कार्ड भी इनके पास रहता है. ये उस अकाउंट से पैसे निकालकर तीसरे और चौथे व्यक्ति को ट्रांसफर कर रहे हैं. पाकिस्तान में बैठे व्यक्ति से संपर्क के सवाल पर उन्होंने कहा कि एक पाकिस्तानी व्यक्ति है, जिससे इनका संपर्क है. अभी इस पूरे मामले में अनुसंधान करना बाकी है कि कितने लोगों के साथ साइबर ठगी की गई है. अब तक कितनी राशि इन्होंने कलेक्ट करके संबंधित लोगों को दी है. इसको लेकर हम लोग जांच में जुटे हुए हैं. पुलिस अधीक्षक की ओर से इस मामले में एक SIT का गठन भी किया गया है. SIT की टीम साइबर थाना और DIU का सहयोग लेगी. इसके अलावा एक केंद्रीय एजेंसी का भी काफी सहयोग मिल रहा है. हमलोग पूरे नेटवर्क और नेक्सस पर काम कर रहे हैं. उम्मीद है कि आने वाले समय में इस मामले का बेहतर खुलासा होगा.



Source link