नई दिल्ली. दिवाली सीजन में बाजार कई दिनों से सजे हुए हैं. मार्केट्स ग्राहकों से भरे हैं. 50 रुपये की झाड़ू से लेकर ₹50 लाख की ब्रैंड न्यू लग्जरी कार तक धड़ाधड़ बिक रही है. इस दिवाली भारतीय दिल खोलकर पैसा खर्च कर रहे हैं. व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का अनुमान है कि इस फेस्टिव सीजन में भारतीय करीब ₹5 लाख करोड़ रुपये शॉपिंग पर खर्च करेंगे. देश की राजधानी दिल्ली के दिल्ली के व्यापारियों को दीपावली की खरीदारी से 80,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. दिल्ली में 1 अक्टूबर से 1 नवंबर तक का समय रैलियों और धरना-प्रदर्शनों का रहा था, जिसके कारण दिल्ली के व्यापार को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. दिल्ली के व्यापारियों को दीपावली की बंपर खरीदारी की उम्मीद है, जिससे वे पिछले दिनों हुए नुकसान से उबर सकें.
सीटीआई अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि एक अनुमान के अनुसार, दीपावली उत्सव के कारोबार में देशभर में 5 लाख करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज करने की उम्मीद है. सीटीआई ने होटल एवं बैंक्वेट एसोसिएशन्स, रेस्टोरेंट एवं मॉल एसोसिएशन्स, सिनेमा एसोसिएशन्स, शॉपिंग सेंटर एसोसिएशन, कार डीलर्स एसोसिएशन्स, मेकअप एवं सैलून एसोसिएशन्स, टूर एवं ट्रेवल एसोसिएशन, मार्केट एसोसिएशन्स, इंडस्ट्री एसोसिएशन्स आदि से बात करके यह निष्कर्ष निकाला है.
खूब बिक रहे कार-मोटरसाइकिल
ऑटोमोबाइल क्षेत्र के शीर्ष संगठन द्वारा हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑटोमोबाइल की कुल खुदरा बिक्री में 55 फीसदी की भारी वृद्धि हुई है. वाहनों की सभी श्रेणियों में टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, वाणिज्यिक वाहन, निजी वाहन और ट्रैक्टरों में क्रमशः 52, 110, 48, 70 और 58 फीसदी का उछाल आया है. तमाम कंपनियों के शोरूमों में गाड़ियों की भी अच्छी-खासी बिक्री हो रही है.
एक अनुमान के अनुसार, दीपावली त्योहार की अवधि के दौरान छोटे से लेकर उच्च श्रेणी तक के सभी प्रकार की वस्तुओं के लगभग 5 करोड़ उपहारों का आदान-प्रदान किया जाता है, जो दीपावली उत्सव की बिक्री में महत्वपूर्ण योगदान देता है. लोग मोबाइल, गिफ्ट आइटम्स, सजावटी सामान, ड्राई फ्रूट्स, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम फर्निशिंग आदि के सामानों की भी अच्छी-खासी खरीदारी कर रहे हैं.
मेड इन इंडिया को मिलेगा बूस्ट
भारत में निर्मित उत्पादों, विशेष रूप से घर की सजावट के सामान, दीपावली पूजा के सामान, जिनमें मिट्टी के दीये, देव प्रतिमाएं, दीवार पर लटकने वाले हस्तशिल्प के सामान, शुभ-लाभ, ॐ जैसे पारंपरिक सौभाग्य के प्रतीक, देवी लक्ष्मी एवं श्री गणेश जी की पूजा का सामान, घर की सजावट का सामान शामिल हैं, से स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और कुशल कलाकारों द्वारा बनाई गई वस्तुओं को देशभर के बाजारों में बड़ा कारोबार मिलेगा.
इसके अलावा एफएमसीजी सामान, उपभोक्ता वस्तुएं, खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली उपकरण और सामान, रसोई के सामान और अन्य उपकरण, उपहार की वस्तुएं, व्यक्तिगत उपभोग्य वस्तुएं, मिष्ठान्न-नमकीन, होम फर्निशिंग, कपड़ा, रेडीमेड वस्त्र, फैशन परिधान, टेपेस्ट्री, बर्तन, बिल्डर्स हार्डवेयर, जूते, घड़ियां, फर्नीचर, सौंदर्य प्रसाधन, सौंदर्य उत्पाद, मोबाइल और उसके सहायक उपकरण, लकड़ी और प्लाईवुड, पेंट और कांच, दूध और दूध उत्पाद, डेयरी उत्पाद, किराना, खाद्यान्न, खाद्य तेल, दालें, साइकिल और उसके सामान, दीवार घड़ियां, गोटा-जरी, साड़ी और ड्रेस मटेरियल आदि क्षेत्रों में बड़े व्यापार की संभावना है.