जहानाबाद: स्मैक तस्करों से भिड़े जहानाबाद के टाइगर मोबाइल जवान, दो दिन बाद दरधा नदी में मिला शव

जहानाबाद: स्मैक तस्करों से भिड़े जहानाबाद के टाइगर मोबाइल जवान, दो दिन बाद दरधा नदी में मिला शव


Last Updated:

Jehanabad Police Jawan Death Case: जहानाबाद जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिछले दो दिनों से लापता टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया है. उनका शव काको थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव के पास दरधा नदी से मिला है, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

जहानाबाद पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने जानकारी साझा की.

जहानाबाद. बिहार के जहानाबाद जिले में दो दिन से लापता टाइगर मोबाइल के जवान का शव शनिवार सुबह दरधा नदी से बरामद किया गया. जवान की पहचान भोजपुर जिले के आरा निवासी धनेश्वर यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वे स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे. शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.

स्मैक तस्करों के खिलाफ छापेमारी के दौरान हुए थे लापता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के आरा निवासी जवान धनेश्वर कुमार जहानाबाद नगर थाने में टाइगर मोबाइल टीम में तैनात थे. गुरुवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि गया जिले के बेलागंज से एक स्मैक तस्कर मादक पदार्थों की बड़ी खेप लेकर जहानाबाद आने वाला है. इस सूचना पर कार्रवाई के लिए तीन जवानों की एक टीम एसएस कॉलेज रोड के पास पहुंची थी. छापेमारी के दौरान तस्करों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प हुई, जिसमें दो जवान मुख्य आरोपी को पकड़ने में सफल रहे जबकि बाकी तस्कर फरार हो गए. इसी अफरातफरी और भगदड़ के बीच धनेश्वर कुमार अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे.

नदी किनारे मिली जवान की पिस्टल और पर्स

गुरुवार रात से ही लापता जवान की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन लगातार खोजबीन में जुटा हुआ था, लेकिन शुक्रवार तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था. शनिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने नदियांवा गांव के समीप दरधा नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और तुरंत डायल 112 की टीम को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान धनेश्वर कुमार के रूप में की गई. घटनास्थल के पास से ही मृतक जवान की सरकारी पिस्टल और उनका पर्स भी बरामद हुआ है, जिसमें पैन कार्ड और पुलिस सर्विस आईडी कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं.

हत्या की आशंका और पुलिस की सख्त कार्रवाई

जवान का शव मिलने के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश देखा जा रहा है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि स्मैक तस्करों ने लाठी-डंडों से पीटकर जवान की हत्या की है और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया. मामले की पुष्टि करते हुए जहानाबाद एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले में बेहद गंभीरता से जांच कर रही है. संदिग्धों की निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े चार तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.



Source link