Last Updated:
Jaunpur News: जौनपुर में 10वीं पास बेरोजगार युवाओं के लिए राम मंदिर और काशी विश्वनाथ में सुरक्षा गार्ड के पदों पर एक हजार युवाओं की सीधी भर्ती की जाएगी. इस भर्ती के लिए विभिन्न ब्लॉकों में शिविर आयोजित किए जाएंगे.
जौनपुर: अगर आप बेरोजगार हैं और दसवीं पास हैं, तो यह खबर आपके लिए है. अब आप भी राम मंदिर, काशी विश्वनाथ में सिक्युर्टी गार्ड की नौकरी कर सकते हैं. सदर तहसील के विभिन्न ब्लाकों से एक हजार युवाओ की सीधी भर्ती की जाएगी. SIS कंपनी के सुरक्षा इंस्पेक्टर राजीव सिंह चौहान ने बताया कि सिरकोनी ब्लॉक में 14 एवं 16 नवंबर, सिकरारा ब्लॉक में 17 और 18 नवंबर, करंजाकला ब्लॉक में 19 और 20 नवंबर, बक्शा ब्लॉक में 21 और 23 नवंबर, धर्मापुर ब्लॉक में 25 और 26 नवंबर 2026 को इस भर्ती शिविर का आयोजन किया जायेगा.
SIS के सुरक्षा इंस्पेक्टर राजीव सिंह चौहान ने बताया कि कैंप के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा. इन महत्वपूर्ण पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हाई स्कूल पास निर्धारित की गई है. शारीरिक मापदंडों की बात करें तो उम्मीदवार की लंबाई कम से कम 167.5 सेंटीमीटर और वजन न्यूनतम 56 किलोग्राम होना अनिवार्य है. इसके साथ ही मानसिक और शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त और होनहार युवाओं को इस चयन प्रक्रिया में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी.
एक महीने का कठोर आवासीय प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि चयनित होने वाले युवाओं को सीधे ड्यूटी पर नहीं भेजा जाएगा. उन्हें सबसे पहले जौनपुर जिले के केराकत तहसील स्थित ट्रेनिंग सेंटर में भेजा जाएगा. यह प्रशिक्षण केंद्र पूरे भारत में मौजूद कंपनी के 26 और उत्तर प्रदेश के 3 प्रमुख प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है. यहां युवाओं को पूरे एक महीने का कठोर आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें ‘हाफ-आर्मी’ जैसी सख्त और अनुशासित ट्रेनिंग शामिल है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह से बखूबी निभा सकें.
स्थायी तौर पर तैनात
राजवीर सिंह ने बताया कि सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने वाले जवानों को देश के अति-महत्वपूर्ण स्थानों जैसे राम मंदिर (अयोध्या), काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, लखनऊ मेट्रो, दिल्ली मेट्रो और लाल किला जैसे प्रतिष्ठित सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में 65 वर्ष की आयु तक के लिए स्थायी तौर पर तैनात किया जाएगा.
10 प्रतिशत की वेतन वृद्धि
वेतनमान की बात करें तो शुरुआती दौर में 15,000 से 25,000 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा. इसके अलावा बेहतर काम करने वालों को हर साल 10 प्रतिशत की वेतन वृद्धि मिलेगी. अतिरिक्त सुविधाओं में कर्मचारियों को पीएफ (PF), ईएसआईसी (ESIC), ग्रेच्युटी और बोनस जैसी अहम सुविधाएं भी दी जाएंगी. वर्तमान में 4 लाख से अधिक कर्मचारी इस कंपनी से जुड़े हुए हैं.