Last Updated:
दिलजीत दोसांझ का इंदौर में 15 नवंबर को इंदौर में कार्यक्रम होने वाला है. अब इस कॉन्सर्ट को लेकर नया आदेश सामने आया है, जिसमें पता चला है कि दिलजीत इसमें चार गाने नहीं गा सकते हैं. इसके अलावा स्टेज पर भी बच्चों की एंट्री बैन कर दी गई है. इससे पहले दिलजीत का वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह इंदौर में कार्यक्रम करेंगे और पोहा भी खाएंगे.
4 गाने नहीं गा पाएंगे दिलजीत दोसांझ (इमेज सोर्स-diljitdosanjh)
फेमस सिंगर दिलजीत दोसांझ का इंदौर में कॉन्सर्ट होने वाला है, लेकिन इसको लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले इस कार्यक्रम को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इसके बाद दिलजीत ने वीडियो जारी करके कहा था कि वह पीछे हटने वाले नहीं हैं और इंदौर आकर पहले पोहा खाएंगे. उनका कॉन्सर्ट 15 नवंबर को C21 मॉल परिसर में होना है. दिलजीत का यह इंदौर कॉन्सर्ट उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का एक अहम हिस्सा है. अब उनके लाइव शो के लिए जिला बाल संरक्षण विभाग सख्त मोड़ में आ गया है। आयोजन स्थल के प्रबंधन को एक आधिकारिक पत्र जारी कर गानों के चयन और स्टेज परफॉर्मेंस को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं.
किन गानों पर लगी है पाबंदी?
बाल संरक्षण अधिकारी की ओर से जारी पत्र में दिलजीत दोसांझ के कई मशहूर गानों को कॉन्सर्ट में गाने से साफ मना किया गया है. इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जीभ विचों लब्बिया’, ‘जट्ट उत्ते फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारों दी’ शामिल हैं. इन चार गानों को कॉन्सर्ट में गाने से मना किया गया है. पत्र में यह भी कहा गया है कि वह इन गानों के बोल बदलकर स्टेज पर नहीं गा सकते हैं.
स्टेज परफॉर्मेंस और लुक पर भी आपत्ति
आयोजकों को सिर्फ गानों तक ही सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि स्टेज परफॉर्मेंस को लेकर भी कड़े नियम तय किए गए हैं. कॉन्सर्ट के दौरान किसी भी बच्चे को स्टेज पर बुलाने या उनके साथ परफॉर्मेंस करने पर आपत्ति जताई गई है. इसके अलावा दिलजीत के ड्रेसिंग स्टाइल पर निशाना साधते हुए उनके सीने पर दो क्रॉस सिल्वर बुलेट बेल्ट या किसी भी प्रकार के नकली धातु के कारतूस (bullets) पहनने पर रोक लगाने की मांग की गई है
बच्चों पर गलत असर पड़ने का दिया हवाला
यह पूरी कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के आधार पर की गई है. शिकायत मिलने के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने एक्शन लेते हुए यह पत्र C21 स्टेट ग्राउंड के मैनेजर को भेजा है. साथ ही इसकी प्रतिलिपि इंदौर के कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर को भी भेजी गई है. पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का विशेष रूप से हवाला दिया गया है. विभाग का मानना है कि शराब, नशा, गन कल्चर, हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों और पहनावे का कम उम्र के बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ता है. अब इस पत्र ने खलबली जरूर मचा दी है.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)