Diwali School Holidays 2026: नवंबर का महीना शुरू होते ही स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के मन में एक सवाल है कि दिवाली के बाद स्कूल कब खुलेंगे? इस बार 8 नवंबर को दिवाली रविवार के दिन पड़ रही है. ऐसे में 9 नवंबर सोमवार को स्कूल खुलेंगे या त्योहार की छुट्टी आगे भी जारी रहेगी इसे लेकर कई जगह असमंजस है. देश के अलग-अलग राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का कैलेंडर भी एक जैसा नहीं है. गुजरात में जहां 5 से 25 नवंबर तक यानी कुल 21 दिन की छुट्टी का शेड्यूल बताया गया है वहीं कुछ राज्यों में दिवाली के मौके पर सिर्फ एक या कुछ दिन का ही अवकाश रहेगा. राजस्थान और बिहार में भी छात्रों को लंबा ब्रेक मिलने वाला है. इसके अलावा गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती के कारण नवंबर में कई और दिन स्कूल बंद रह सकते हैं.
दिवाली के बाद सोमवार को खुलेंगे स्कूल?
इस बार दिवाली 8 नवंबर 2026 को है. रविवार होने के कारण इस दिन स्कूलों में पहले से ही साप्ताहिक अवकाश रहेगा. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के लिए सबसे बड़ा सवाल 9 नवंबर सोमवार को लेकर है. कई राज्यों में दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की छुट्टी भी दी जाती है जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों का मिड-टर्म ब्रेक पहले से तय है. महाराष्ट्र, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में दिवाली के आसपास कई दिनों का अवकाश बताया गया है हालांकि हर राज्य और हर स्कूल में छुट्टियों का कार्यक्रम एक जैसा नहीं है.
गुजरात में 21 दिन तक बंद रहेंगे स्कूल
नवंबर में सबसे लंबी छुट्टियों का शेड्यूल गुजरात के लिए बताया गया है. यहां 5 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक स्कूल बंद रहने की जानकारी दी गई है. इस हिसाब से छात्रों को कुल 21 दिन का ब्रेक मिलेगा हालांकि स्कूल दोबारा कब खुलेंगे. यह स्थानीय स्कूल कैलेंडर और संबंधित निर्देशों के अनुसार तय होगा.
राजस्थान में 4 से 15 नवंबर तक मिड-टर्म छुट्टी
राजस्थान के स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक मिड-टर्म अवकाश रहेगा. इसके बाद 16 नवंबर से स्कूल दोबारा खुलने का कार्यक्रम है. इस दौरान दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे त्योहार पड़ रहे हैं यानी राजस्थान के छात्रों को त्योहारों के साथ मिड-टर्म छुट्टियों का भी फायदा मिलेगा.
बिहार में छठ पूजा के कारण मिलेगा 11 दिन का ब्रेक
बिहार के सरकारी स्कूलों में 7 नवंबर से 17 नवंबर तक छुट्टी रहेगी. इस तरह छात्रों को लगातार 11 दिन का अवकाश मिलेगा. स्कूलों में 18 नवंबर से कक्षाएं दोबारा शुरू होने का कार्यक्रम है. बिहार में दिवाली के साथ छठ पूजा भी बड़े स्तर पर मनाई जाती है. इस बार छठ पूजा का शाम का अर्घ्य 15 नवंबर और सुबह का अर्घ्य 16 नवंबर को दिया जाएगा. इसी वजह से त्योहारों के दौरान स्कूलों में लंबा अवकाश रखा गया है.
महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे की छुट्टियों में अंतर
महाराष्ट्र में स्कूलों की छुट्टियां शहर और स्कूलों की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं. मुंबई में 5 नवंबर से 23 नवंबर तक स्कूलों की छुट्टी बताई गई है और 25 नवंबर से स्कूल खुलने का कार्यक्रम है. वहीं पुणे में 5 नवंबर से 18 नवंबर तक अवकाश रहेगा और 19 नवंबर से कक्षाएं शुरू होंगी.कुछ जगहों पर मिड-टर्म छुट्टियां 2 नवंबर से 14 नवंबर तक हैं. इस शेड्यूल के अनुसार 16 नवंबर से कक्षाएं शुरू होनी हैं इसलिए मुंबई, पुणे और दूसरे शहरों के छात्रों को अपने स्कूल की ओर से जारी छुट्टी के नोटिस को ही अंतिम मानना चाहिए.
गोवा और छत्तीसगढ़ में भी लंबा अवकाश
गोवा में 2 नवंबर से 21 नवंबर तक स्कूल बंद रहने का शेड्यूल बताया गया है. यहां स्कूल खुलने की तारीख स्थानीय कैलेंडर के अनुसार तय होगी. छत्तीसगढ़ में 6 नवंबर से 11 नवंबर तक छुट्टी रहेगी और 12 नवंबर से स्कूल दोबारा खुलने का कार्यक्रम है.
यूपी, दिल्ली और हरियाणा में कब बंद रहेंगे स्कूल?
उत्तर प्रदेश में दिवाली के मौके पर 8 और 9 नवंबर को छुट्टी रहेगी. इसके अलावा 11 नवंबर को गोवर्धन पूजा और भाई दूज के आसपास अवकाश बताया गया है. स्कूल दोबारा कब खुलेंगे यह उनके अपने कैलेंडर के अनुसार तय होगा.दिल्ली में 11 नवंबर को छुट्टी का शेड्यूल दिया गया है. हरियाणा में 9 नवंबर को स्कूल बंद रहने की जानकारी है. हरियाणा के स्कूलों को दोबारा खोलने के लिए संबंधित स्कूलों के निर्देश देखने होंगे. पश्चिम बंगाल में 12 नवंबर तक छुट्टियां रहेंगी और आगे का कार्यक्रम स्कूल कैलेंडर के अनुसार होगा.
असम, ओडिशा और झारखंड में भी त्योहारों पर छुट्टी
असम में 8 और 11 नवंबर को स्कूलों में छुट्टी रहेगी. ओडिशा में 8, 18 और 24 नवंबर को अवकाश का शेड्यूल बताया गया है. इन तारीखों के अलावा स्कूल कब खुलेंगे. यह स्थानीय निर्देशों के आधार पर तय होगा.झारखंड में दिवाली के मौके पर 8, 9 और 11 नवंबर को छुट्टी रहेगी. इसके अलावा छठ पूजा के कारण 13 नवंबर से 16 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे यानी यहां दिवाली के साथ छठ के लिए भी छात्रों को अवकाश मिलेगा. स्कूल खुलने की तारीख संबंधित स्कूल के कैलेंडर और निर्देशों के अनुसार तय होगी.
नवंबर में इन त्योहारों पर भी बंद रह सकते हैं स्कूल
दिवाली के अलावा नवंबर में कई बड़े त्योहार पड़ रहे हैं. इनकी वजह से अलग-अलग राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां हो सकती हैं. 6 नवंबर शुक्रवार को धनतेरस है. 7 नवंबर शनिवार को छोटी दिवाली यानी नरक चतुर्दशी मनाई जाएगी. इसके अगले दिन 8 नवंबर रविवार को दिवाली है. 9 नवंबर सोमवार को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर बुधवार को भाई दूज है. इसके बाद 15 नवंबर रविवार को छठ पूजा का शाम का अर्घ्य और 16 नवंबर सोमवार को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा. महीने के आखिर में 24 नवंबर मंगलवार को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा है. इन त्योहारों के चलते अलग-अलग राज्यों में स्थानीय छुट्टियां घोषित की जा सकती हैं.
स्कूल जाने से पहले जरूर चेक करें छुट्टी का नोटिस
छुट्टियों की तारीखों को लेकर अभिभावकों और छात्रों को एक बात का खास ध्यान रखना चाहिए. किसी राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित होने का मतलब यह नहीं है कि वहां के सभी सरकारी और निजी स्कूल भी अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे. सरकारी स्कूलों के अलावा CBSE और ICSE बोर्ड से जुड़े स्कूलों का कैलेंडर भी अलग हो सकता है. कई बार एक ही राज्य के अलग-अलग शहरों और स्कूलों में छुट्टियों की तारीखों में अंतर रहता है इसलिए दिवाली के बाद कहीं घूमने जाने या बच्चों की छुट्टियों की योजना बनाने से पहले स्कूल की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस जरूर देख लें. स्कूल के मैसेज, वेबसाइट या प्रशासन की ओर से जारी सूचना से ही पता चलेगा कि 9 नवंबर या उसके बाद किस दिन कक्षाएं शुरू होंगी.