नई दिल्ली: फिल्म ‘रामायण’ बनाने वालों का इरादा साफ था- गेम ऑफ थ्रोन्स, लॉर्ड ऑफ द रिंग्स और ओडिसी जैसी भव्यता पैदा करना. प्रचार में भी यही भाषा इस्तेमाल हुई. ओडिसी और ड्यून जैसी फिल्मों पर काम कर चुकी डीएनईजी जैसी स्टूडियो को वीएफएक्स सौंपा गया. नतीजा यह हुआ कि मूल कथा को ‘ग्लोबल एपिक’ के सांचे में ढालने के लिए छेड़छाड़ हुई. वाल्मीकि रामायण या तुलसीदास की रामचरितमानस में श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं- पिता के वचन के लिए वनगमन, पत्नी की रक्षा के लिए युद्ध और धर्म की स्थापना. फिल्म में यह गहराई कई जगह धुंधली पड़ जाती है.
विदेशों में इसकी ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘द लायन किंग’ से तुलना हो रही है. ‘द गार्डियन’ के पीटर ब्रैडशॉ ने इसे 4 स्टार दिए और ‘रोइंग एंड स्पेक्टेकुलर इंडियन एपिक मेलोड्रामा’ कहा. लेकिन कई समीक्षाएं कह रही हैं कि यह ‘ओवरप्रोड्यूस्ड’ है, इमोशनल लेवल पर खोखला है. कुछ लोगों ने कहा कि यह ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ जैसी टीवी सीरीज के लिए बेहतर होती. इसका मतलब यह है कि फिल्म न तो वेस्टर्न फिल्मों की गहराई पा सकी और न भारतीय आस्था का चित्रण कर पाई.
पटकथा और भावनात्मक जुड़ाव का अभाव
पटकथा नितेश तिवारी और श्रीधर राघवन की है. राघवन का पिछला काम ज्यादातर हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्मों जैसे पाथान, वार, टाइगर से जुड़ा रहा है. निर्देशक ने पंडितों से मदद लेने की बात कही, लेकिन कई दर्शकों और समीक्षकों को लगा कि श्रीराम से इमोशनल जुड़ाव कमजोर है. रणबीर की परफॉर्मेंस कई जगह शांत-संयमित बताई गई है. यश के रावण को ज्यादा सराहा गया है. सीता के अपहरण के बाद राम का रिएक्शन कई जगह ‘ब्लैंक’ लगा. यह वही समस्या है जो आदिपुरुष में भी थी. वहां संवादों और चित्रण की आलोचना हुई थी. यहां भी कथा को भावनात्मक रूप से कमजोर बताया जा रहा है. जब स्क्रिप्ट लिखने वाले श्रीराम से गहरा इमोशनल रिश्ता नहीं रखते, तो परदे पर जो राम दिखते हैं, वे हमारे राम नहीं बन पाते. विदेशी दर्शक इसे साहस की कथा के रूप में देख सकते हैं, लेकिन भारतीय समाज के लिए यह आस्था और पहचान का विषय है.
‘आदिपुरुष’ का सबक और ‘हनुमान अंश’ की सफलता
फिल्ममेकर्स के सामने 2023 की ‘आदिपुरुष’ का हश्र था. उस फिल्म का बजट सैकड़ों करोड़ का था, लेकिन डायलॉग, वीएफएक्स और चित्रण की आलोचना ने उसे असफल बना दिया. फिर भी 4000 करोड़ के प्रोजेक्ट में वही गलती दोहराई गई. स्केल को कहानी से ऊपर रखा गया. कई दर्शक कह रहे हैं कि वीएफएक्स कुछ जगह कार्टून जैसा लगता है और बजट स्क्रीन पर पूरी तरह नहीं दिख रहा. इसके उलट ‘हनुमान अंश’ की मिसाल सामने थी. करीब 1.8-2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने शुरू में कम स्क्रीन और न के बराबर कलेक्शन के बावजूद दर्शकों द्वारा फिल्म के प्रचार की ताकत और सच्ची आस्था के सहारे सैकड़ों करोड़ की कमाई की. वहां प्रोड्यूसर या स्टार पावर नहीं थी, भक्ति थी. दर्शकों ने इसे अपना लिया. ‘रामायण’ के मामले में आस्था और मार्केटिंग का अंतर साफ है. जब दो करोड़ की साधारण फिल्म के प्रचार में लाखों का खर्च आ जाता है, तो रामायण के स्तर के प्रोजेक्ट में प्रचार बजट करोड़ों का हो सकता है. नतीजा यह है कि भव्यता और स्टार-पावर के शोर में यह सवाल दब जाता है कि परदे पर जो श्रीराम दिखाई दे रहे हैं, वे हमारे श्रीराम हैं या नहीं.
प्रचार के शोर के बीच देसी-विदेशी रिव्यू
सोशल मीडिया श्रीराममय हो गया है. बड़े कलाकार, एक्टिविस्ट और पीआर एजेंसियां एक्टिव हैं. लेकिन कई भारतीय समीक्षाएं कह रही हैं कि भव्यता, भावना को दबा रहा है. रेडिफ ने लिखा ‘ऑल स्केल नो सोल’. ‘द हिंदू’ ने कहा कि यह नजर तो रोक लेता है लेकिन दिल तक नहीं पहुंचता. विदेशी समीक्षाएं सीन्स की तारीफ कर रही हैं, लेकिन कई जगह कथा को कमजोर बता रही हैं. अगर यह खालिस मनोरंजन है, तो उसे उसी रूप में देखा और आंका जाना चाहिए. लेकिन जब इसे रामायण के नाम से जोड़ा जाता है, तो धार्मिक और सांस्कृतिक अपेक्षाएं जुड़ जाती हैं. भारतीय समाज उन चीजों पर गर्व करता है जो उसकी पहचान हैं. लोकतंत्र के संस्थानों पर हमले हों या सांस्कृतिक प्रतीकों पर, हर बार यह तर्क दिया जाता है कि ‘यह सिर्फ मनोरंजन है’. लेकिन जब करोड़ों रुपये के प्रचार से एक खास वर्जन को ‘प्रामाणिक’ के रूप में स्थापित करने की कोशिश होती है, तो सवाल उठना स्वाभाविक है.
‘रामायण’ की भव्यता की हर कोई तारीफ कर रहा है.
ताकतवर लोगों के रिश्ते आसानी से जुड़ जाते हैं. फिल्म इंडस्ट्री, मीडिया और ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क एक-दूसरे को सपोर्ट करते हैं. लेकिन क्या इसकी वजह से एक ऐसी कहानी को श्रीराम के नाम पर दुनिया भर में फैलने दिया जाए, जिसका मूल कथा, दर्शन और मर्यादा से संबंध कमजोर हो? विदेशी दर्शक तुलना से शुरू कर सकते हैं, लेकिन भारतीय दर्शक को यह फैसला खुद करना होगा कि वे किस श्रीराम को स्वीकार करते हैं- वाल्मीकि और तुलसी के या फिर बड़े बजट और बड़े प्रचार वाले परदे के.
पैसा और पीआर का दबाव
‘रामायण’ को दुनिया से परिचित कराना अच्छी बात है. लेकिन तुलना का ढांचा हमारी समझ को सीमित न करे. आस्था छोटी फिल्मों में भी काम करती है और बड़े बजट में भी. फर्क सिर्फ पैसा और पीआर का नहीं, इरादे और प्रामाणिकता का है. ‘हनुमान अंश’ ने दिखाया कि सच्ची भक्ति और सरल कहानी बड़े बजट और शोर से ज्यादा ताकतवर हो सकती है. जब तक यह अंतर साफ रहेगा, श्रीराम का नाम प्रचार का मोहरा नहीं बनेगा. फिल्म न तो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’, ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ या ‘ओडिसी’ बन पाई और न ही भारतीयों के दिल उतरने वाले ‘श्रीराम’ का चित्रण कर पाई. सवाल पैसा और पीआर के शोर में दब नहीं जाना चाहिए.