मलेशिया की राजनीति में इस वक्त उथल-पुथल मची हुई है और इसकी वजह हैं पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक. 73 की उम्र में ये मलेशियाई नेता अगस्त 2022 से जेल में बंद थे. अरबों डॉलर के 1MDB (मलेशिया डेवलपमेंट बर्हाद) भ्रष्टाचार घोटाले में जेल की सजा काट रहे रज्जाक अब सलाखों से बाहर निकल आए हैं. उन्हें रिहा नहीं किया गया है बल्कि वो अब अपने महल से बाकी की सजा पूरी करेंगें. अब दुनिया हैरान है कि उन्हें ये शाही छूट आखिरी कैसे मिली और मलेशिया की अदालत में हुआ 100 करोड़ रुपए का खेल आखिर क्या है?
क्या है 100 करोड़ रुपए का खेल और कैसे जुटाया गया पैसा?
मलेशिया के पूर्व पीएम नजीब रज्जाक को 1MDB घोटाले से जुड़े एसआरसी इंटरनेशनल मामले में अदालत ने दोषी ठहराया था. उन्हें 12 साल की जेल और भारी जुर्माना अदा करने की सजा मिली थी. हालांकि, इस साल सितंबर में मलेशिया के राजा ने एक दुर्लभ ‘रॉयल क्लेमेंसी’ यानी शाही माफी देते हुए उनकी जेल की बाकी सजा को हाउस अरेस्ट में बदलने का आदेश दिया था. लेकिन इसके लिए शर्त ये थी कि पहले उन्हें कोर्ट द्वारा तय किया गया जुर्माना चुकाना होगा.
नजीब की पार्टी ‘युनाइटेड मलय्स नेशनल ऑर्गनाइजेशन’ (UMNO) के महासचिव अशरफ वाजिदी दुसुकी ने शुक्रवार को आधिकारिक पुष्टि की कि पार्टी ने देश भर में एक बड़ा फंड रेजिंग कैंपेन चलाकर 50 मिलियन रिंगिट की पूरी रकम जुटा ली है. इस रकम को क्वालालंपुर हाईकोर्ट में जमा करा दिया गया है. इसके साथ ही नजीब की रिहाई और घर में नजरबंदी का कानूनी अड़ंगा खत्म हो गया है.
1MDB घोटाला: जिससे हिल गई थी मलेशिया की नींव
इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए 1MDB घोटाले को समझना बेहद जरूरी है. साल 2009 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नजीब रज्जाक ने मलेशिया के आर्थिक विकास के लिए एक सरकारी निवेश फंड ‘मलेशिया डेवलपमेंट बर्हाद’ बनाया था.
लेकिन कुछ ही सालों में इस फंड से अरबों डॉलर की हेराफेरी की खबर सामने आई. आरोप लगे कि नजीब और उनके करीबियों ने इस फंड के 4.5 बिलियन डॉलर यानी लगभग 37,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम चुराकर दुनिया भर में अय्याशी, लक्जरी संपत्तियों, हॉलीवुड फिल्मों की फाइनेंसिंग, जैसे ‘द वॉल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट’ और महंगे पेंटिंग्स-गहने खरीदने में उड़ा दिए. इस घोटाले ने मलेशियाई राजनीति को इस कदर हिलाकर रख दिया कि 2018 के चुनाव में नजीब की पार्टी पहली बार सत्ता से बाहर हो गई.
क्या अब घर से ही चलेगी राजनीति? क्वालालंपुर में बढ़ी हलचल
जैसे ही शुक्रवार को कोर्ट में जुर्माने के भुगतान की खबर आई, क्वालालंपुर में नजीब रज्जाक के आलीशान बंगले के बाहर पुलिस की हलचल अचानक बढ़ गई. सुरक्षा एजेंसियों ने उनके घर की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी और ट्रैफिक को रोक दिया.
हालांकि, प्रशासन ने अभी तक ये साफ नहीं किया है कि उन्हें किस तारीख और वक्त पर जेल से ट्रांसफर करके घर लाया जाएगा, लेकिन उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. समर्थकों का मानना है कि नजीब का जेल से बाहर आना मलेशिया की मौजूदा राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है, क्योंकि अम्नो (UMNO) पार्टी में उनका प्रभाव आज भी बहुत गहरा है.
शाही माफी पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?
मलेशिया में पूर्व प्रधानमंत्री को मिली इस राहत और ‘पार्डन मनी’ देकर हाउस अरेस्ट हासिल करने की घटना पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं.
- कानून का दोहरा मापदंड: क्या बड़े नेताओं और रसूखदार लोगों के लिए न्याय के नियम अलग हैं? आम आदमी के लिए जिस घोटाले की सजा जेल होती है, वहीं वीआईपी नेताओं को ‘रॉयल ग्रेस’ के तहत घर में रहने की सुविधा मिल जाती है.
- फंडिंग पर सवाल: जनता और समर्थकों के चंदे के नाम पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम इतनी जल्दी कैसे जुटा ली गई, इसे लेकर भी मलेशियाई मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
- नजीब रज्जा अब करने वाले हैं कौन सा खेल?
नजीब रज्जाक का जेल से निकलकर हाउस अरेस्ट में जाना मलेशियाई सरकार और न्याय प्रणाली के लिए एक नाजुक मोड़ है. भले ही वे अब जेल की चारदीवारी में नहीं रहेंगे, लेकिन उनके ऊपर लगे अन्य भ्रष्टाचार के मुकदमों की सुनवाई चलती रहेगी. अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नजीब घर पर रहकर अपनी पुरानी राजनीतिक ताकत को दोबारा हासिल कर पाएंगे या फिर ये हाउस अरेस्ट सिर्फ उनकी ढलती उम्र के लिए दी गई एक राहत बनकर रह जाएगा.