Last Updated:
Jodhpur Traffic Advisory: दिवाली और धनतेरस पर जोधपुर में 6 से 11 नवंबर तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने बसों और ट्रकों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है. शहर के मुख्य बाजारों और चौराहों पर ट्रैफिक दबाव घटाने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं. केवल बिल्टी दिखाने वाले मालवाहक वाहनों को शहर में एंट्री मिलेगी.
दिवाली पर जोधपुर में भारी वाहनों की नो एंट्री, 6 से 11 नवंबर तक रहेगा नया ट्रैफिक प्लान
Jodhpur: दिवाली, धनतेरस और भाईदूज के त्योहारों को देखते हुए जोधपुर में खरीदारी करने वाले नागरिकों, रोशनी देखने आने वाले लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया है.
शहर में 6 नवंबर 2026 से 11 नवंबर 2026 तक भारी वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, मिक्सर, डम्पर, स्लीपर बसों व अन्य बसों) का प्रवेश पूरी तरह से डायवर्ट और प्रतिबंधित रहेगा.
इन मुख्य रास्तों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा
- मार्ग 1: 12वीं रोड से 5वीं रोड, जालोरीगेट, नई सड़क चौराहा, पावटा चौराहा, खेतसिंह जी बंगला से फुलेराव पार्क तक.
- मार्ग 2: रॉटरी चौराहा से ओलम्पिक तिराहा, रेलवे स्टेशन से पूरी तिराहा तक.
- मार्ग 3: सर्किट हाउस से ताराचन्द सर्किल होते हुए पावटा चौराहा तक.
भारी वाहनों और बसों के लिए निर्धारित वैकल्पिक रूट
- सामान्य भारी वाहन: 12वीं रोड से जलजोग चौराहा, मेडिकल चौराहा, वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज, अरोड़ा सर्किल, पांचबत्ती चौराहा, भाटी चौराहा, सर्किट हाउस, आर्मी तिराहा, कालवी प्याऊ, सारणनगर ब्रिज होते हुए आवागमन कर सकेंगे.
- रोडवेज बसें: सर्किट हाउस से आर्मी तिराहा, रसाला ब्रिज, पावटा चौराहा होते हुए बस स्टैंड जा सकेंगी.
- नागौर-बीकानेर-फलोदी से आने वाली बसें व भारी वाहन: मण्डोर नाका से सुरपुरा, आंगणवा, माता का थान, सारण नगर ब्रिज, कालवी प्याऊ, आर्मी तिराहा से आ-जा सकेंगी.
प्रमुख पुलिस नाके और मालवाहक वाहनों के लिए निर्देश
मण्डोर, सारण नगर, शिकारगढ़, झालामण्ड चौराहा, DPS चौराहा और सूरसागर चौपड़ पर स्थापित नाकों से भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. केवल जोधपुर शहर में माल खाली करने या भरने वाले वाहनों को ही बिल्टी दिखाने पर प्रवेश दिया जाएगा. ऐसे वाहन रिंग रोड का उपयोग कर आवागमन कर सकेंगे.
यातायात पुलिस की चालकों और ऑपरेटरों से अपील
- केवल निर्धारित रूटों पर ही वाहनों का संचालन करें.
- मुख्य सड़कों पर गाड़ियां रोककर सवारियां न बैठाएं.
- वाहनों पर ओवर हाईट माल लोड न करें.
- त्योहार के दौरान वाहन निर्धारित गति में चलाएं और नियमों का पालन करें.