बांग्लादेश में क्यों सड़कों पर उतर रहे हैं कपड़ा मजदूर? 200 फैक्ट्रियां बंद
Last Updated:
बांग्लादेश में कपड़ा व्यापार देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है. लेकिन इसी रीढ़ को स्थिर रखने वाले कपड़ा मजदूर पिछले 5 दिनों से सड़कों पर हैं. गुरुवार को तो ये प्रदर्शन और भी हिंसक हो गए हैं. बांग्लादेश में मिनिमम वेज को लेकर हजारों कपड़ा उद्योगों के मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं. मजदूरों की मांग है कि उनका मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार टका किया जाए. जबकि वर्तमान में उनका ये वेतन 12,500 टका है.
इन हिंसक प्रदर्शनों में भी तक पुलिसवालों समेत करीब 50 लोग घायल हो गए, जबकि सावार और आशुलिया में 200 से अधिक फैक्ट्रियों को छुट्टी घोषित करनी पड़ी. बांग्लादेश तैयार कपड़ा (RMG) क्षेत्र देश के कुल निर्यात का लगभग 80% से अधिक हिस्सा बनाता है और ये दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक है. WTO के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में बांग्लादेश ने 38.82 अरब डॉलर के कपड़े निर्यात किए और वैश्विक कपड़ा निर्यात में उसकी हिस्सेदारी लगभग 6.76% रही. यह हिस्सेदारी चीन के बाद दूसरे स्थान पर है. (फोटो साभार – AP)
बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग में 40 लाख से अधिक लोग सीधे काम करते हैं, और देश में लगभग 3,800 सक्रिय RMG कारखाने हैं. अधिकांश मजदूर महिलाएं हैं, जिससे यह उद्योग महिलाओं की औपचारिक रोजगार-भागीदारी का भी बड़ा स्रोत बना है. यूरोप और उत्तरी अमेरिका के बड़े फैशन ब्रांड्स के लिए बांग्लादेश एक प्रमुख उत्पादन केंद्र है. (फोटो साभार – रॉयटर्स)
न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया है कि देश के कई औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों का विरोध प्रदर्शन जारी है. सावार, आशुलिया, गाजीपुर और नारायणगंज में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर जाम लगाया और पुलिस के साथ उनकी झड़पें हुईं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एक्स्ट्रा सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. (फोटो साभार – रॉयटर्स)
Add News18 as
Preferred Source on Google
बांग्लादेशी अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, हिंसक प्रदर्शन के दौरान सावार मॉडल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) की गाड़ी में आग लगा दी गई. ढाका जिले की पुलिस अधीक्षक शमीमा परवीन ने बताया कि हिंसा में पुलिसकर्मियों, मजदूरों और राहगीरों सहित कम से कम 50 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि सावार मॉडल पुलिस स्टेशन के ओसी सैफुल आलम को भी गंभीर चोटें आई हैं. (फोटो साभार – रॉयटर्स)
मजदूर अपनी वेतन संबंधी मांगों को लेकर पद्मा मोड़ के पास इकट्ठा हुए थे. इस दौरान उन्होंने सड़क जाम कर दी. पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की तो झड़प शुरू हो गई, जो बाद में आसपास के इलाकों में भी फैल गई. प्रदर्शनकारियों ने ढाका-अरिचा हाईवे को दोनों ओर से जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़कों पर भारी जाम लग गया. पुलिस अधीक्षक शमीमा के मुताबिक, इलाके में दोनों तरफ से करीब 30-40 हजार मजदूर जुटे थे (फोटो साभार – AP)
मजदूरों की प्रमुख मांग न्यूनतम मासिक वेतन को मौजूदा 12,500 टका से बढ़ाकर 30,000 टका करना है. उनका कहना है कि महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत के बीच मौजूदा वेतन पर्याप्त नहीं है. इसके अलावा मजदूरों की मांग है कि प्रत्येक कपड़ा फैक्ट्री में राशन की सुविधा शुरू की जाए, ट्रेड यूनियन के अधिकारों की रक्षा हो, मनमाने तरीके से नौकरी से निकाले जाने और कर्मचारियों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रथा बंद की जाए. साथ ही मृतक मजदूरों को न्याय दिलाने की भी मांग की जा रही है. (फोटो साभार – AP)