Balochistan Crisis : जिस ‘धुरंधर’ से हार गया पाकिस्तान, उसे अपनों ने दिया धोखा? बलूचिस्तान में बड़ा खेल

Balochistan Crisis : जिस ‘धुरंधर’ से हार गया पाकिस्तान, उसे अपनों ने दिया धोखा? बलूचिस्तान में बड़ा खेल


जब भी पाकिस्तान के जुल्मों का जवाब देने की बात होती थी तो बलूचिस्तान में एक ही नाम गूंजता था- ‘बशीर जेब’. ये एक नाम नाम इस्लामाबाद से लेकर रावलपिंडी तक के हुक्मरानों की नींद उड़ा देता था. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का वो चीफ, जिसकी राइफल थामे और बलूचिस्तान के पहाड़ों में बाइक दौड़ाते तस्वीरें देखकर लोगों को ‘धुरंधर’ फिल्म का किरदार ‘हमजा अली मजारी’ याद आ जाता था. अब पाकिस्तान के ‘फेल्ड मार्शल’ आसिम मुनीर के पसीने छुड़ाने वाले इस ‘धुरंधर’ को अपनों से ही बड़ा धोखा मिला है. बलूचिस्तान-पाकिस्तान जंग के बीच कुछ ऐसा हुआ है, जो किसी शतरंज के खेल जैसा मालूम होता है.

बलूचिस्तान के धुरंधर के साथ क्या हुआ?

3 नवंबर को बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने ये चौंकाने वाला ऐलान किया कि बशीर जेब अब BLA के चीफ नहीं रहेंगे. इस खबर के सामने आते ही बलूचिस्तान से लेकर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों तक में खलबली मच गई है. आखिर जिस शख्स ने पाकिस्तान सरकार की नाक में दम कर रखा था, उसे अचानक क्यों हटा दिया गया? क्या अपनों ने ही उसे धोखा दिया, या बीएलए के भीतर कोई बहुत बड़ी बगावत हो गई है?

कौन है बशीर जेब? जिसके खौफ से कांपता था पाकिस्तान

बशीर जेब कोई आम शख्स नहीं है. वो मैकेनिकल इंजीनियरिंग का ग्रेजुएट और लिटरेचर का छात्र रह चुका है. उसने बलूच छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की थी. दिसंबर 2018 में अफगानिस्तान में एक आत्मघाती हमले में असलम बलूच के मारे जाने के बाद बशीर जेब ने बीएलए की कमान संभाली थी.

जेब के चीफ बनते ही बीएलए का हमला करने का अंदाज पूरी तरह बदल गया. उसने पाकिस्तान के सबसे सुरक्षित ठिकानों और उसके सबसे बड़े मददगार चीन को सीधा निशाना बनाया.

  • कराची में चीनी कांसुलेट पर हमला (2018)
  • ग्वादर के लक्जरी पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल पर हमला (2019)
  • कराची में पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर हमला (2020)
  • ऑपरेशन हेरॉफ और हेरॉफ-2 के तहत पूरे बलूचिस्तान में एक साथ बड़े हमले (2024-2026)
  • मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस का अपहरण

बशीर जेब ने पाकिस्तानी सेना के जनरलों को ये सोचने पर मजबूर कर दिया था कि बलूचिस्तान उनके हाथ से निकलता जा रहा है. लेकिन अब उसी धुरंधर को उसके पद से बेदखल कर दिया गया है.

पद से हटाने की क्या बताई गई आधिकारिक वजह?

बीएलए की मीडिया शाखा ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ में जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, बशीर जेब की जगह अब सभी प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसले बीएलए की ‘सीनियर कमांड काउंसिल’ लेगी.

बीएलए का दावा है कि ये फैसला संगठन के 2018 के संविधान के मुताबिक लिया गया है. बीएलए ने अपने बयान में कहा, ‘इस आंदोलन में कोई कमांडर कितना भी प्रभावशाली या बड़े पद पर क्यों न हो, कोई भी व्यक्ति जीवन भर के लिए कमांडर-इन-चीफ नहीं रह सकता.’ संगठन ने इसे एक शांतिपूर्ण ‘सत्ता परिवर्तन’ बताया है और कहा है कि इसके पीछे कोई आपसी गुटबाजी या झगड़ा नहीं है. हालांकि, ये बयान जितना सीधा दिखता है, पर्दे के पीछे की कहानी उतनी ही उलझी हुई है.

तख्तापलट के पीछे की असली वजह: ‘ऑपरेशन हेरॉफ-2’ और मजीद ब्रिगेड की महिला फाइटर्स

भले ही बीएलए इसे संवैधानिक प्रक्रिया बता रहा हो, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञों और इस्लामाबाद आधारित थिंक टैंक PICSS यानी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज की मानें तो बशीर जेब के हटाए जाने के पीछे दो बड़े कारण हैं.

  1. ‘ऑपरेशन हेरॉफ-2’ की विफलता और भारी नुकसान : 31 जनवरी 2026 को बीएलए ने पूरे बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ ‘ऑपरेशन हेरॉफ-2’ शुरू किया था. बशीर जेब ने एक साथ कई जगहों पर सैकड़ों लड़ाकों को मैदान में उतार दिया. बीएलए की एलीट सुसाइड-अटैक यूनिट ‘मजीद ब्रिगेड’ (Majeed Brigade) के चीफ कैप्टन रहमान गुल ने जेब की इस रणनीति का कड़ा विरोध किया था. रहमान गुल का कहना था कि इतने बड़े पैमाने पर लड़ाकों को एक साथ उतारने से वे पाकिस्तानी सेना के राडार पर आ गए. इसके बाद पाकिस्तानी सेना की जवाबी कार्रवाई में बीएलए के कम से कम 215 लड़ाके मारे गए. इसी नाकामी के बाद रहमान गुल और बशीर जेब के बीच दरार पड़ गई और जेब को साइडलाइन कर दिया गया.
  2. महिला सुसाइड बॉम्बर्स का इस्तेमाल और गिरती साख :  बशीर जेब के कार्यकाल में बीएलए ने ‘मजीद ब्रिगेड’ के जरिए युवा और पढ़ी-लिखी बलूच महिलाओं को सुसाइड बॉम्बर बनाकर हमले कराना शुरू किया था. हालांकि इससे मीडिया में खबरें तो खूब बनीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बलूच आंदोलन की नैतिक साख को भारी नुकसान पहुंचा. दुनिया भर में सुसाइड अटैक को लेकर कड़ा रुख अपनाया जाता है. अंतरराष्ट्रीय समर्थन घटने से बलूच आंदोलन कमजोर पड़ा, जिसका फायदा बीएलए के भीतर जेब के विरोधियों ने उठाया.

भारत का एंगल: पाकिस्तान का पुराना फेक नैरेटिव

जैसे ही बशीर जेब के बेदखल होने की खबर आई, पाकिस्तान की सेना और जनरल आसिम मुनीर के करीबी सोशल मीडिया हैंडल्स ने एक नया और मनगढ़ंत नैरेटिव फैलाना शुरू कर दिया.

पाकिस्तान के कई प्रोपेगैंडा अकाउंट्स ने ये झूठी खबर उड़ाई कि बशीर जेब को अफगानिस्तान के कंधार में उसके ही किसी करीबी ने जहर दे दिया था. इसके बाद दावों में आगे कहा गया कि जेब को इलाज और शरण देने के लिए एयरलिफ्ट करके भारत लाया गया है.

मीडिया संस्थान ‘सच सुनो’ ने अपनी जांच में पाया कि ये पूरी थ्योरी पाकिस्तानी सेना के आईटी सेल द्वारा फैलाई गई एक मनगढ़ंत कहानी है. इसका मकसद दोतरफा है.

  1. अपनी नाकामियों को छुपाना कि कैसे एक बलूच नेता ने सालों तक उनकी नाक में दम कर रखा था.
  2. बलूचिस्तान में हो रहे जनविद्रोह का पूरा ठीकरा हमेशा की तरह भारत के सिर फोड़ना, ताकि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम किया जा सके.

क्या अब बलूच आंदोलन में फूट पड़ेगी?

बीएलए का इतिहास हमेशा से गुटबाजी और अंदरूनी झगड़ों का रहा है. साल 2000 में हिरबयार मारी द्वारा बनाए गए बीएलए से अलग होकर ही असलम बलूच और बशीर जेब ने अपना अलग गुट बनाया था. अब बशीर जेब के रहस्यमयी तरीके से हटने और उसकी मौजूदा लोकेशन का पता न होने के कारण ये सवाल उठ रहा है कि क्या बीएलए एक बार फिर दो टुकड़ों में बंट जाएगा?

बलूचिस्तान में बशीर जेब का हटना पाकिस्तान की सेना के लिए भले ही थोड़ी राहत की खबर हो, लेकिन मजीद ब्रिगेड और रहमान गुल का बढ़ता दबदबा ये इशारा करता है कि बलूचिस्तान की आग इतनी जल्दी बुझने वाली नहीं है. अब देखना ये होगा कि बीएलए की नई लीडरशिप क्या रुख अपनाती है और पाकिस्तान का ये ‘धुरंधर’ अपनी वापसी के लिए क्या चाल चलता है?



Source link