Last Updated:
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. ओरछा में कबाड़ की एक दुकान पर सीएनजी सिलेंडर की कटिंग के दौरान जोरदार ब्लास्ट हो गया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है. सीएनजी सिलेंडर की कटिंग के दौरान जोरदार ब्लास्ट हो गया. ओरछा के वार्ड नंबर 1 स्थित स्टेशन इलाके में रहने वाले खलील खान कबाड़े का काम करते हैं. बताया जा रहा है कि उनकी दुकान पर कबाड़ में बिकने के लिए एक सीएनजी सिलेंडर आया था, जिसे वे काट रहे थे. सिलेंडर के अंदर गैस बची होने के कारण जैसे ही कटिंग का काम चल रहा था, अचानक उसमें जोरदार धमाका हो गया. ब्लास्ट इतना भयानक था कि इसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी लोगों का शरीर झुलस गया.
इसमें कुल 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिसमें 4 बच्चे, 4 पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को फौरन ओरछा तिगैला स्थित यथार्थ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में सभी का इलाज जारी है. हालांकि कई घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि रिहायशी इलाके में इस तरह के खतरनाक गैस सिलेंडरों को काटने का काम कैसे चल रहा था.