Last Updated:
Madhubani News : तेजस्वी यादव ने मधुबनी के बाबूबरही गोलीकांड में आरोपी ASI चंदमोहन सिंह को अपराधी बताते हुए उसके एनकाउंटर की मांग की है. बलिराजगढ़ में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.
मधुबनी. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मधुबनी के बाबूबरही गोलीकांड को लेकर बड़ा बयान दिया है. तेजस्वी यादव ने आरोपी ASI चंदमोहन सिंह को पुलिसकर्मी मानने से इनकार करते हुए उसे अपराधी बताया और उसके एनकाउंटर की मांग की. तेजस्वी यादव गुरुवार को बाबूबरही के बलिराजगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने गोलीबारी में मारे गए व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
परिजनों से मुलाकात के बाद आम लोगों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चार लोगों पर गोली चलाने वाला कोई पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि अपराधी है. ऐसे अपराधी का एनकाउंटर होना चाहिए. उन्होंने यूपी मॉडल की तर्ज पर बिहार में भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही. तेजस्वी ने आरोपी ASI की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बिहार में जाति और धर्म देखकर लोगों पर गोलियां चलाई जा रही हैं. उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों का साम्राज्य कायम है. तेजस्वी ने इसे सरकार के खिलाफ बड़ी लड़ाई बताते हुए लोगों से एकजुट होने की अपील की.
क्या है बाबूबरही गोलीकांड?
मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में तीन नवंबर को गोलीबारी की घटना हुई थी. आरोप है कि ASI चंदमोहन सिंह एक घर में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे. स्थानीय लोगों के विरोध और घेराव के बाद उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद से आरोपी ASI फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर बिहार और नेपाल में तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें लगाई गई हैं, जिनमें चार टीमें नेपाल में भी तलाश कर रही हैं.