पटना. बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू की हार के बाद पार्टी की समीक्षा बैठक में राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं. जानकारी के अनुसार 5 नवंबर को पटना में जेडीयू के अहम बैठक में वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार समेत अन्य पार्टी नेताओं ने चुनाव के दौरान अशोक चौधरी की भूमिका को लेकर शिकायत की है. बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्री के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी गई है.
आरोप है कि उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार के बजाय प्रतिद्वंद्वी जनसुराज प्रत्याशी का समर्थन किया और उनके पक्ष में चुनाव प्रचार करने के साथ संसाधन भी मुहैया कराए. नीरज कुमार समेत अन्य पार्टी नेताओं ने MLC चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए मंत्री की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. सूत्रों के अनुसार, शिकायत में चुनाव प्रचार और संसाधन उपलब्ध कराने से जुड़े आरोपों का जिक्र किया गया है. हालांकि, इन आरोपों पर अशोक चौधरी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
बैठक में नेताओं ने रखी अपनी बात
जेडीयू की समीक्षा बैठक समाप्त हो गई है. बैठक से बाहर निकले जेडीयू नेता अभिषेक झा ने कहा कि उन्होंने अपनी बात बैठक में रख दी है. अब बड़े नेताओं को फैसला लेना है. उन्होंने कहा, ‘एनडीए परिवार है और उससे नाराजगी कैसी. जो भी बात थी और जो शिकायत थी, मैंने बैठक में कह दी है.’ वहीं, सारण के मांझी से विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि बैठक में उन लोगों ने अपनी बात रख दी है. उन्होंने कहा कि एनडीए में कमजोरी थी, इसी वजह से हार हुई. अब पार्टी को फैसला करना है कि वह क्या करती है.
क्या है एमएलसी चुनाव से जुड़ा विवाद?
बता दें, पटना स्नातक MLC सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और पार्टी विधायक अनंत सिंह के बीच चुनाव के दौरान ही टकराव शुरू हो गया था. अनंत सिंह ने खुलकर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया और जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान करते हुए उनके लिए प्रचार भी किया था. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के साथ अपने विवाद को निजी बताते हुए पुरानी राजनीतिक अदावत का हवाला दिया था. अब चुनाव में जेडीयू की हार के बाद इस पूरे घटनाक्रम में मंत्री अशोक चौधरी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है.
समीक्षा बैठक में नीरज कुमार ने कथित तौर पर अशोक चौधरी के खिलाफ शिकायत की है. सूत्रों के मुताबिक, आरोप लगाया गया है कि मंत्री ने जेडीयू उम्मीदवार के बजाय जनसुराज प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार और उन्हें संसाधन मुहैया कराने में मदद की. हालांकि, अशोक चौधरी की भूमिका को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर उनका पक्ष सामने आना बाकी है.
राजीव रंजन करेंगे प्रेस वार्ता
बैठक खत्म होने के बाद एक-एक कर जेडीयू नेता बाहर निकल रहे हैं. कुछ देर में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रेस वार्ता करेंगे. माना जा रहा है कि वह बैठक में उठे मुद्दों और पार्टी के अगले रुख को लेकर जानकारी दे सकते हैं.
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में जेडीयू को अपेक्षा के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी. पार्टी के चार उम्मीदवारों में से केवल पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार जीत दर्ज कर सके, जबकि तीन सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. इसी के बाद पार्टी ने चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई थी.