RRB Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका आया है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने मिनिस्ट्रियल और आइसोलेटेड कैटेगरी के 191 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ लैब असिस्टेंट या तकनीकी पद ही नहीं बल्कि जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी), पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, चीफ लॉ असिस्टेंट और स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर जैसे पद भी शामिल हैं. यानी हिंदी, कानून, लैब और कर्मचारी कल्याण जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए रेलवे में नौकरी पाने का मौका है.
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गए हैं. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन करने की आखिरी तारीख 4 दिसंबर 2026 तय की गई है. वहीं ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपने पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए.
रेलवे के 191 पदों में किस तरह की नौकरियां शामिल हैं?
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्पलायमेंट नोटिफिकेशन (CEN) No. 09/2026 के तहत निकाली गई है. इसका नोटिफिकेशन 5 नवंबर 2026 को जारी किया गया है. इस भर्ती के जरिए कुल सात कैटेगरी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें सबसे ज्यादा 79 पद जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) के हैं. इसके अलावा लैब असिस्टेंट ग्रेड III के 36, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर के 27 और पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के 21 पद रखे गए हैं.अन्य पदों की बात करें तो चीफ लॉ असिस्टेंट के 17, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर के 8 और साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) के 3 पदों पर भर्ती होगी. इस तरह सभी पदों को मिलाकर कुल 191 रिक्तियां हैं.
12वीं पास से लेकर पोस्टग्रेजुएट तक के लिए मौका
RRB की इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के हिसाब से अलग-अलग रखी गई है. कुछ पदों के लिए 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे जरूरी विषय हों वहीं कुछ पदों के लिए पोस्टग्रेजुएट डिग्री, प्रोफेशनल डिप्लोमा या संबंधित क्षेत्र में काम करने का अनुभव जरूरी है. पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास LLB की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ ही उनके लिए पांच साल की वकालत का अनुभव भी जरूरी रखा गया है. इस तरह कानून, हिंदी, विज्ञान और दूसरे संबंधित क्षेत्रों में पढ़ाई या अनुभव रखने वाले उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार पद चुन सकते हैं.
18 से 40 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती के लिए आयु सीमा पद के अनुसार 18 से 40 साल तक रखी गई है. उम्मीदवारों की उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी. अलग-अलग पदों के लिए आयु सीमा में अंतर हो सकता है. इसके अलावा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपने चुने हुए पद की निर्धारित आयु सीमा और मिलने वाली छूट की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख लेनी चाहिए.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा और कितना मिलेगा रिफंड?
RRB की इस भर्ती में सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है वहीं, SC, ST, PwD और महिला उम्मीदवारों को 250 रुपये फीस देनी होगी.इस भर्ती की एक खास बात यह भी है कि स्टेज 1 CBT यानी पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले योग्य उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क वापस किया जाएगा. सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये रिफंड मिलेंगे वहीं SC, ST, PwD और महिला उम्मीदवारों को पूरी 250 रुपये फीस वापस की जाएगी.इसका मतलब है कि सामान्य, OBC और EWS उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये की कटौती के बाद बाकी 400 रुपये वापस मिलेंगे. जबकि दूसरी श्रेणी के योग्य उम्मीदवारों को 250 रुपये का पूरा रिफंड मिलेगा. रिफंड पाने के लिए स्टेज 1 CBT में शामिल होना जरूरी है.
आवेदन से लेकर करेक्शन तक की तारीखें जान लें
रेलवे भर्ती बोर्ड ने इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू कर दी है. उम्मीदवार 4 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 6 दिसंबर 2026 तय की गई है. इसके बाद उम्मीदवारों को अपने आवेदन फॉर्म में सुधार करने का मौका भी मिलेगा. इसके लिए 7 दिसंबर से 16 दिसंबर 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी.उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आवेदन और फीस जमा करने की तय तारीखों का ध्यान रखें. फॉर्म में कोई गलती होने पर करेक्शन विंडो के दौरान उसमें सुधार किया जा सकता है.
CBT, ट्रांसलेशन टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से होगा चयन
रेलवे की इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी. इसके बाद जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) के पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को ट्रांसलेशन टेस्ट भी देना होगा. इस टेस्ट में उम्मीदवारों की अनुवाद से जुड़ी क्षमता जांची जाएगी.इन चरणों के बाद उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया होगी. अंत में मेडिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी यानी उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा के साथ-साथ संबंधित पद के लिए जरूरी अन्य चयन चरणों को भी पूरा करना होगा.
RRB भर्ती 2026 के लिए कैसे करें आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाएं. वहां अपना अकाउंट बनाएं या पहले से बने अकाउंट में लॉग इन करें. इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करें.आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को एक RRB का चयन करना होगा और उपलब्ध पदों के लिए अपनी प्राथमिकताएं भरनी होंगी. इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करना होगा. फॉर्म सबमिट करने से पहले उसमें भरी गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लेना चाहिए. आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद उसका कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें. भविष्य में आवेदन से जुड़ी किसी भी जानकारी या प्रक्रिया के लिए इसकी जरूरत पड़ सकती है.
परीक्षा और एडमिट कार्ड की जानकारी बाद में होगी जारी
RRB ने फिलहाल भर्ती के लिए आवेदन की तारीखें और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी है. कंप्यूटर आधारित परीक्षा कब होगी और एडमिट कार्ड किस तारीख को जारी किए जाएंगे इसकी जानकारी आगे आधिकारिक रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइटों पर दी जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह है कि वे भर्ती से जुड़े नए अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और अपने संबंधित RRB के नोटिस नियमित रूप से चेक करते रहें.