सोना-चांदी, गाड़ी या नए बर्तन… धनतेरस पर किस चीज की खरीदारी कब करें? जानिए
Last Updated:
Dhanteras 2026 Shopping Muhurat: धनतेरस पर सोना-चांदी, वाहन और बर्तन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो शुभ मुहूर्त का ध्यान रखना भी जरूरी है. काशी के ज्योतिषाचार्य स्वामी कन्हैया महाराज ने 6 नवंबर को खरीदारी के लिए अलग-अलग शुभ समय बताए हैं. उनके अनुसार, सोने-चांदी के आभूषण खरीदने से लेकर गाड़ी, बर्तन और इलेक्ट्रिक सामान लेने तक के लिए अलग-अलग मुहूर्त हैं. वहीं, इस दिन राहुकाल में खरीदारी करने से बचने की सलाह दी गई है. जानिए, धनतेरस पर किस सामान की खरीदारी के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा और कब खरीदारी नहीं करनी चाहिए.
Dhanteras 2026 Shopping Muhurat: दीप और खुशियों के महापर्व दिवाली का आगाज धनतेरस से होता है. इस दिन धन की देवी माता लक्ष्मी के पूजन का विधान भी है. धनतेरस के दिन सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. इसके अलावा इस दिन लोग वाहन, बर्तन और दूसरी जरूरत की चीजें भी खरीदते हैं. वैसे तो धन त्रयोदशी का दिन खरीदारी के लिए बेहद शुभ माना जाता है, लेकिन इस दिन यदि आप कुछ खास समय में अलग-अलग चीजों की खरीदारी करते हैं, तो आप पर माता लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहेगी.
काशी के ज्योतिषाचार्य स्वामी कन्हैया महाराज ने बताया कि धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए सबसे शुभ समय प्रदोष काल का माना जाता है. 6 नवंबर को शाम 5 बजकर 33 मिनट से रात 8 बजकर 5 मिनट तक प्रदोष काल रहेगा. ऐसे में आप शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और अन्य चीजों की खरीदारी कर सकते हैं.
ये है खरीदारी का शुभ मुहूर्त
इसके अलावा यदि आप धनतेरस पर वाहन खरीद रहे हैं, तो दिन में 11 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे के बीच फोर व्हीलर या टू व्हीलर वाहनों की खरीदारी कर सकते हैं. इस समय के बीच ही अभिजीत मुहूर्त भी है, जो इसे और भी खास बनाता है. वैदिक हिंदू पंचांग के अनुसार, 6 नवंबर को दिन में 11 बजकर 44 मिनट से लेकर 12 बजकर 32 मिनट के बीच का समय अभिजीत मुहूर्त है. इसे शास्त्रों में काफी शुभ माना जाता है.
इलेक्ट्रिक सामानों की खरीदारी के लिए बेस्ट समय
वहीं, यदि आप धनतेरस पर स्टील, पीतल या तांबे के बर्तन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए दोपहर 3 बजकर 1 मिनट से शाम 6 बजे तक का समय सबसे शुभ है. स्थिर लग्न वाले इस मुहूर्त में यदि आप खरीदारी करते हैं, तो आपके घर में वैभव और लक्ष्मी की प्राप्ति भी जरूर होगी. इस समय में आप बर्तनों के साथ इलेक्ट्रिक सामानों की खरीदारी भी कर पाएंगे. ऐसे में यदि आप धनतेरस पर खरीदारी की सोच रहे हैं, तो यह मुहूर्त सबसे बेस्ट है.
राहु काल में न करें खरीदारी
ज्योतिषाचार्य स्वामी कन्हैया महाराज ने बताया कि धनतेरस पर लोगों को भूलकर भी राहु काल के समय में खरीदारी नहीं करनी चाहिए. 6 नवंबर को राहु काल का समय सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू हो रहा है, जो 11 बजकर 40 मिनट तक प्रभावी रहेगा.