बिहार में बदलने लगा मौसम, रात में बढ़ी ठंड तो दोपहर में सता रही भीषण गर्मी, पटना, भागलपुर समेत इन जिलों का जानें हाल

बिहार में बदलने लगा मौसम, रात में बढ़ी ठंड तो दोपहर में सता रही भीषण गर्मी, पटना, भागलपुर समेत इन जिलों का जानें हाल


पटना: बिहार में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बिहार में मानसून की विदाई के बाद अब बारिश का दौर लगभग खत्म हो चुका है. अब सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास होने लगा है. वहीं, कई जिलों में लोग सुबह-शाम एसी और कूलर चलाना बंद कर दिए हैं. हालांकि, दोपहर में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है. पटना मौसम विभाग के अनुसार, आज 5 नवंबर को बिहार के अधिकतम जिलों में आसमान साफ रहेगा. यहां सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिल सकती है. वहीं, अगले पांच दिनों यानी 5 से 9 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है.

जानें आज बिहार के जिलों का कैसा रहेगा मौसम

आज बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है. आज बिहार के 38 जिलों में से किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि दिन में तेज धूप निकलेगी, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड होगी. आज पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर और रोहतास में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भी  मौसम शुष्क रहने वाला है.

सुबह इन जिलों में छाया रह सकता है कोहरा

नवंबर माह के पहले सप्ताह में बिहार के कई जिलों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. आज गया, पटना, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद में सुबह हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकता है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धुंध छंटने और धूप निकलने की संभावना है.

जानें आज बिहार का कितना रहेगा तापमान 

आज बिहार में अधिकतम तापमान लगभग 29 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पटना में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, गया में करीब 30-31 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 31 डिग्री, भागलपुर में 30 डिग्री और पूर्णिया में लगभग 30-32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहने की संभावना है. पटना मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 5 नवंबर को 31/23 डिग्री और 6 से 9 नवंबर के दौरान अधिकतम तापमान करीब 30-31 डिग्री रह सकता है.

पटना समेत जानें इन 5 जिलों का AQI 

मौसम में बदलाव के साथ बिहार के कई शहरों में वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है. बिहार के कई जिलों का AQI खराब श्रेणी में पहुंच गया है. जहां पटना का AQI 135, गया का AQI 180, मुजफ्फरपुर का AQI 161,  भागलपुर का AQI 108, आरा का AQI 50 पहुंच गया है.

5 से 9 नवंबर तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम

बता दें कि अगले पांच दिनों तक बिहार में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पटना पूर्वानुमान के अनुसार बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है.

5 नवंबर: सुबह हल्की धुंध, दिन में तेज धूप और मौसम शुष्क रह सकता है.

6 नवंबर: आसमान साफ रहेगा, सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी.

7 नवंबर: धूप खिली रहेगी, बारिश की संभावना नहीं है.

8 नवंबर: मौसम शुष्क रहेगा, सुबह कुछ इलाकों में धुंध रह सकती है.

9 नवंबर: सुबह कोहरा या धुंध और दिन में साफ आसमान रहने का अनुमान है.

जानें छठ पूजा पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम

बिहार में छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू होने वाली हैं. इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. 13 नवंबर: नहाय-खाय,14 नवंबर: खरना, 15 नवंबर: संध्या अर्घ्य, 16 नवंबर: उषा अर्घ्य है. ऐसे में छठ के दौरान लाखों श्रद्धालु नदी, तालाब और पोखरों में पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं. इस बार मौसम साफ रहने की संभावना है.

सुबह-शाम बंद हो रहे एसी और कूलर

बिहार में मौसम के बदलते मिजाज का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है. पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में लोग सुबह और शाम एसी-कूलर का इस्तेमाल कम करने लगे हैं. रात में पंखे की रफ्तार भी कम करनी पड़ रही है. हालांकि, दोपहर में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का एहसास बना हुआ है. ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है. आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंड धीरे-धीरे बढ़ सकती है.



Source link