Last Updated:
UP News: अक्सर हम लोग लाइट के आने जाने को लेकर परेशान हो जाते हैं. मगर, त्योहार को देखते हुए अब ऊर्जा विभाग ने साफ साफ कह दिया है कि चाहे शहर हो या गांव 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी.
बिजली की नहीं होगी कटौती.
UP Electricity Supply: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है. धनतेरस से लेकर छठ तक चाहें गाव हो या शहर एक सेकंड के लिए भी बिजली नहीं जाएगी. हर समय शहर चमचमाता रहेगा. ऊर्जा विभाग ने अधिकारियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के विशेष निर्देश जारी किए हैं. प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं.
प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने कहा कि धनतेरस से छठ पूजा तक प्रदेश में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए. शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि अगर किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बहाल किया जाए. उन्होंने आगे कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे में सभी अधिकारी पहले से तैयारियां पूरी कर लें, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
बिजली के पोल होंगे ठीक
अधिकारी ने बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं. कहा है कि जहां भी बिजली के तार ढीले हैं या बिजली के पोल झुके हुए हैं, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए. घरों की छतों के पास से गुजरने वाले बिजली के तारों को भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्थित किया जाए. इसके साथ ही स्कूलों की छतों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों को तय समय के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम
त्योहारों के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिस्कॉम से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. इन कंट्रोल रूम के जरिए बिजली आपूर्ति और शिकायतों पर नजर रखी जाएगी. बिजली हेल्पलाइन नंबर 1912 की भी लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को कहा गया है कि शिकायत मिलने पर उसका जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए.