दुनिया का एकमात्र ऐसा गेंदबाज, जिसके खिलाफ सचिन तेंदुलकर एक भी रन नहीं बना सके
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे करियर में 664 इंटरनेशनल मैचों में मैदान पर उतरे. टेस्ट और वनडे के इन मुकाबलों में सचिन ने करीब 800 से भी ज्यादा गेंदबाजों का सामना किया, लेकिन उनमें से एक गेंदबाज ऐसा रहा, जिसके खिलाफ सचिन एक भी रन नहीं बना पाए और उसने मास्टर ब्लास्टर को आउट भी किया.
सचिन तेंदुलकर और स्टीव स्मिथ
नई दिल्ली: भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का भगवान कहा जाता है. इस खेल में शायद ही कोई ऐसी उपलब्धि होगी जो सचिन के नाम न हो. 24 साल के लंबे करियर में सचिन भारत के लिए 200 टेस्ट, 463 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच में मैदान पर उतरे. इन सभी मुकाबलों में सचिन ने अपने पूरे करियर के दौरान 800 से भी ज्यादा गेंदबाजों का सामना किया.
इन सभी गेंदबाजों के खिलाफ सचिन ने औसतन कम से कम एक रन जरूर बनाए, लेकिन एक ऐसा गेंदबाज भी है, जिसके खिलाफ सचिन अपने करियर में एक भी रन नहीं बना पाए और उसने उन्हें आउट भी किया. यह कोई और नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव स्मिथ हैं. स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में सचिन के खिलाफ सिर्फ एक बार गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने भारतीय दिग्गज को एलबीडब्ल्यू आउट किया था.
लेग स्पिनर के तौर पर शुरू हुआ था स्मिथ का करियर
मॉडर्न-डे क्रिकेट में स्टीव स्मिथ को दुनिया एक दिग्गज बल्लेबाज के रूप में जानती है, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि स्मिथ ने अपने करियर की शुरुआत एक लेग स्पिनर के तौर पर की थी और वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते थे. हालांकि, बाद में उन्होंने गेंदबाजी से ज्यादा ध्यान बल्लेबाजी पर केंद्रित किया और आज वह दुनिया के महान बल्लेबाजों में से एक बन गए हैं.
मोहाली में स्मिथ ने सचिन को किया था आउट
स्टीव स्मिथ ने मार्च 2013 में मोहाली में खेले गए टेस्ट मैच में सचिन तेंदुलकर को आउट किया था. सचिन के खिलाफ जब स्मिथ ने गेंदबाजी की, तो उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. यही कारण है कि सचिन उनके खिलाफ एक भी रन नहीं बना पाए. इसके बाद फिर सचिन और स्मिथ का कभी आमना-सामना नहीं हुआ, जिसके कारण यह अनोखा रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है.