दिवाली पर सोना खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बात, गहनों के लिए 22 कैरेट या निवेश के लिए 24 कैरेट, कौन-सा सही?

दिवाली पर सोना खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बात, गहनों के लिए 22 कैरेट या निवेश के लिए 24 कैरेट, कौन-सा सही?


उदयपुर: दिवाली के त्योहार पर सोने और चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है.यही वजह है कि धनतेरस और दिवाली के आसपास सराफा बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है.इस बार बाजार में सोने के अलग-अलग कैरेट को लेकर भी ग्राहकों में उत्सुकता है। दुकानों पर 9 कैरेट, 18 कैरेट, 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने की ज्वैलरी और निवेश से जुड़े विकल्प मौजूद हैं.ऐसे में कई ग्राहक इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि आखिर उनके लिए कौन-सा सोना खरीदना बेहतर रहेगा.

इसी को लेकर लोकल18 ने उदयपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया से बात की और जाना कि ज्वैलरी पहनने और निवेश करने के लिए किस तरह के सोने को प्राथमिकता दी जा सकती है. उन्होंने बताया कि इस समय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.इसके बावजूद दिवाली को देखते हुए सोने की मांग बनी हुई है. खास तौर पर इस बार 18 कैरेट सोने की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.

महिलाओं की ज्वैलरी में 22 कैरेट की ज्यादा मांग
यशवंत आंचलिया के मुताबिक अगर बात महिलाओं की पारंपरिक ज्वैलरी की करें तो 22 कैरेट सोने की मांग काफी ज्यादा रहती है. इसमें सोने की शुद्धता अधिक होती है और पारंपरिक आभूषणों के लिए इसे लंबे समय से पसंद किया जाता है.वहीं 18 कैरेट सोना भी डिजाइनर और रोजाना पहनी जाने वाली ज्वैलरी में ग्राहकों की पसंद बन रहा है. इसमें दूसरी धातुओं की मिलावट होने के कारण आभूषण अपेक्षाकृत मजबूत होते हैं और कई तरह के डिजाइन तैयार किए जा सकते हैं.

निवेश के लिए 24 कैरेट पर दें ध्यान
अगर सोना खरीदने का उद्देश्य निवेश है तो 24 कैरेट सोने को प्राथमिकता दी जाती है. इसमें सोने की शुद्धता सबसे अधिक होती है. निवेश करते समय केवल कैरेट देखकर खरीदारी नहीं करनी चाहिए, बल्कि सोने की शुद्धता, उस दिन का बाजार भाव, बिल और खरीद-बिक्री से जुड़ी शर्तों को भी समझना जरूरी है.

हॉलमार्क जरूर देखें, बिल लेना न भूलें
सोने या चांदी की खरीदारी करते समय ग्राहक को सबसे पहले हॉलमार्क जरूर देखना चाहिए. आंचलिया ने बताया कि अब बाजार में कई बड़े शोरूम और आधुनिक ज्वैलरी स्टोर हैं, जहां सोने की शुद्धता जांचने के लिए मशीनें भी उपलब्ध रहती हैं. ग्राहक चाहे तो खरीदारी से पहले सोने की शुद्धता के बारे में जानकारी ले सकते हैं. बाजार में सोने-चांदी की जांच की सुविधा भी कम शुल्क में उपलब्ध होती है.

खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अपनी जरूरत के हिसाब से कैरेट का चुनाव करें, ज्वैलरी खरीदते समय हॉलमार्क जरूर जांचें, सोने का आज का भाव और मेकिंग चार्ज अलग-अलग समझें,खरीदारी का पक्का बिल जरूर लें, बिल में सोने की शुद्धता और वजन की जानकारी जांचें, निवेश के लिए खरीद रहे हैं तो ज्वैलरी के बजाय अन्य विकल्पों की लागत भी समझें. सोने-चांदी की खरीदारी में जल्दबाजी न करें और एक से ज्यादा दुकानों पर कीमत की तुलना करें.

निवेश के नजरिए से 24 कैरेट सोने को प्राथमिकता
दिवाली पर सोना खरीदना सिर्फ शुभ खरीदारी नहीं, बल्कि सही जानकारी के साथ किया गया फैसला भी होना चाहिए. ज्वैलरी के लिए जहां 22 कैरेट ग्राहकों की पसंद बना हुआ है, वहीं निवेश के नजरिए से 24 कैरेट सोने को प्राथमिकता दी जाती है. ऐसे में ग्राहक अपनी जरूरत, बजट और खरीदारी के उद्देश्य को ध्यान में रखकर सोने का चुनाव कर सकते हैं.



Source link