Diwali Puja Tips: दिवाली पर महालक्ष्मी पूजन के दौरान ज्यादातर लोग मां लक्ष्मी से धन-दौलत, सुख-समृद्धि और तरक्की की कामना करते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि शास्त्रों में धन का अर्थ केवल रुपया-पैसा या सोना-चांदी नहीं है. जीवन को सुखी और समृद्ध बनाने के लिए आठ प्रकार के धन बताए गए हैं. इन्हें अष्टधन या अष्टलक्ष्मी के स्वरूप से जोड़कर देखा जाता है. इस बार महालक्ष्मी पूजन में केवल आर्थिक संपन्नता नहीं, बल्कि इन आठों प्रकार के धन की कामना भी करें. खरगोन के विद्वान पंडित जगदीश ठक्कर से जानिए कौन से हैं ये आठ धन और किसे इनकी कामना करनी चाहिए.
खरगाने के पंडित जगदीश ठक्कर बताते हैं कि महालक्ष्मी पूजन के दौरान अधिकतर लोग देवी से बैंक में जमा राशि, कारोबार में मुनाफा और घर में धन-दौलत बढ़ने की प्रार्थना करते हैं. आमतौर पर लोग रुपयों-पैसों को ही धन मानते हैं, जबकि धर्म शास्त्रों में धन का व्यापक अर्थ बताया गया है. जीवन में पैसा होने के बावजूद यदि स्वास्थ्य, संतान, विद्या और साहस नहीं है तो सुखी जीवन की कल्पना अधूरी रह जाती है. इसलिए महालक्ष्मी पूजन में अष्टधन की कामना का विशेष महत्व है.
1. आध्यात्मिक सुख की कामना: आदि लक्ष्मी को आध्यात्मिक शक्ति, आत्मिक शांति और जीवन के मूल आधार का प्रतीक माना जाता है. इस धन की कामना हर व्यक्ति को करनी चाहिए. इससे जीवन में सकारात्मक सोच, धैर्य और मानसिक शांति बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है. केवल भौतिक सुखों के पीछे भागने के बजाय व्यक्ति अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को भी समझ सके, यही इसकी भावना है.
2.आर्थिक संपन्नता के लिए: धन लक्ष्मी का स्वरूप सीधे तौर पर आर्थिक संपन्नता से जुड़ा है. इसमें रुपया-पैसा, सोना-चांदी, संपत्ति और कारोबार में तरक्की शामिल है. हर व्यक्ति अपनी जरूरतों को पूरा करने और परिवार को बेहतर जीवन देने के लिए आर्थिक मजबूती चाहता है. इसलिए महालक्ष्मी पूजन में धन लक्ष्मी से घर में बरकत और मेहनत के अनुसार आर्थिक उन्नति की कामना करनी चाहिए.
3. घर में कभी न हो अन्न की कमी: धान्य लक्ष्मी को अन्न, अनाज और कृषि संपदा की देवी माना जाता है. किसान परिवारों के लिए इस स्वरूप का विशेष महत्व है. घर में पर्याप्त अनाज हो, परिवार को अच्छा भोजन मिले और अन्न का सम्मान बना रहे, ऐसी कामना करनी चाहिए. केवल धन कमाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि घर में अन्न और भोजन की उपलब्धता भी बड़ी संपत्ति है.
4. वैभव और मान-सम्मान का प्रतीक: गज लक्ष्मी को राजसी वैभव, वाहन सुख, प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान से जोड़कर देखा जाता है. पुराने समय में हाथी-घोड़े को संपन्नता और राजसी शक्ति का प्रतीक माना जाता था. आज के समय में इसे सुख-सुविधाओं, अच्छे साधनों और समाज में मान-सम्मान के रूप में भी समझ सकते हैं. हर व्यक्ति अपने जीवन में प्रतिष्ठा और सम्मान की कामना कर सकता है.
5. सुयोग्य और निरोगी संतान का वरदान: संतान लक्ष्मी परिवार की सबसे बड़ी संपत्तियों में से एक मानी जाती हैं. पंडित जगदीश ठक्कर के अनुसार माता-पिता को ऐसी संतान की कामना करनी चाहिए जो निरोगी, बुद्धिमान और संस्कारी हो. वह परिवार और कुल का नाम रोशन करे तथा सही रास्ते पर चले. केवल संतान होना ही नहीं, बल्कि उसका स्वस्थ, योग्य और अच्छे संस्कारों वाला होना भी जरूरी है.
6. कठिन समय में मिले साहस: वीर लक्ष्मी को साहस, आत्मबल और धैर्य का प्रतीक माना जाता है. जीवन में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब व्यक्ति को कठिन फैसले लेने पड़ते हैं. ऐसे समय में हिम्मत और आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत बनते हैं. इसलिए महालक्ष्मी पूजन में देवी से विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति और सही रास्ते पर आगे बढ़ने का साहस मांगना चाहिए.
7. हर कार्य में सफलता की कामना: विजय लक्ष्मी को सफलता और जीत का प्रतीक माना जाता है. विद्यार्थी, नौकरीपेशा, कारोबारी और अपने जीवन में लक्ष्य हासिल करने की कोशिश कर रहे लोगों को विजय लक्ष्मी की आराधना करनी चाहिए. जीवन की बाधाओं को पार करने, मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने और अपने कार्यों में सफलता हासिल करने की कामना इस स्वरूप से जुड़ी है.
8. ज्ञान और बुद्धि से रोशन हो भविष्य: विद्या लक्ष्मी ज्ञान, बुद्धिमत्ता, शिक्षा और कौशल का प्रतीक हैं. विद्यार्थियों को विशेष रूप से विद्या लक्ष्मी की आराधना करनी चाहिए. देवी से अच्छी शिक्षा, एकाग्रता, सही निर्णय लेने की क्षमता और बुद्धि की कामना करनी चाहिए, ताकि वे अपने परिवार और देश का नाम रोशन कर सकें. ज्ञान ऐसा धन है, जिसे कोई छीन नहीं सकता और जिसके माध्यम से व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ सकता है.
किसे किस धन की करनी चाहिए कामना?
पंडित जगदीश ठक्कर बताते हैं कि हर व्यक्ति अपनी जरूरत और जीवन की परिस्थिति के अनुसार इन आठों स्वरूपों की आराधना कर सकता है. विद्यार्थियों को विद्या लक्ष्मी, किसान परिवारों को धान्य लक्ष्मी, कारोबारियों को धन लक्ष्मी और परिवार चलाने वाले लोगों को संतान लक्ष्मी की कामना करनी चाहिए. वहीं कुंवारी कन्याएं अच्छे जीवनसाथी और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए सौभाग्य की कामना कर सकती हैं. इसी तरह हर व्यक्ति को आरोग्य, साहस, सफलता और मानसिक शांति की प्रार्थना भी करनी चाहिए.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Local-18 व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.