Last Updated:
Trump Veto Power Plan: अमेरिका के मिड टर्म चुनावों में जिस तरह के रुझान सामने आ रहे हैं, उसके मुताबिक अब डोनाल्ड ट्रंप की बादशाहत को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से ऐसी चुनौती मिली है कि उनकी रातों की नींद उड़ गई है. फिलहाल डेमोक्रेटिक पार्टी के खेमे में खुशी का माहौल है लेकिन ट्रंप ने एक और शिगूफा छोड़ दिया है.
रिपब्लिकन पार्टी की बुरी हार, ट्रंप ने खोले पत्ते. (रॉयटर्स)
Trump Veto Power Plan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव की रात फिर कहा कि अगर डेमोक्रेट्स कांग्रेस पर कब्जा कर लेते हैं तो वे जरूरी पड़ने पर उनके बिलों पर वीटो लगा देंगे. उन्होंने खुद को ‘मिस्टर वीटो’ कहलाने पर भी खुशी जताई. सीबीएस न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि मेरे पास अंतिम ताकत है और इसे वीटो कहते हैं. ट्रंप ने साफ किया कि अगर डेमोक्रेट्स हाउस या सीनेट में बहुमत जीत भी जाते हैं तो वे इस तरीके से काम करने को तैयार हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स से एक और इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स की जीत के नतीजों को वे पूरी तरह स्वीकार करने को तैयार हैं.
मिडटर्म इलेक्शन के शुरुआती नतीजे सामने आने के साथ ही नई जिम्मेदारी निभाने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा है कि अब हार जीत पर अपनी राय देंगे. इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लाल रंग की टोपी पोस्ट की जिस पर ‘वीटो’ लिखा हुआ है. ट्रुथ सोशल पर उन्होंने लिखा – ‘ अब मैं राजनीतिक ‘पंडित’ बनूंगा और उम्मीदवारों अच्छा और बुरा, दोनों तरह का राजनीतिक विश्लेषण कर बताऊंगा कि किन वजहों से उम्मीदवार जीते या हारे.’ इसके बाद उन्होंने लाल रंग की वीटो कैप भी पोस्ट की.
मिस्टर वीटो बनने का ऐलान
ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव से पहले कहा था कि अगर डेमोक्रेट्स को बहुमत मिलेगी तो वो उनके लाए हर कानून पर वीटो लगाकर अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे. उन्होंने कहा था कि हो सकता है कि लोग उन्हें ‘मिस्टर वीटो’ का खिताब दे दें. इससे पहले की पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि क्योंकि वो चुनावी दौड़ में सीधे-सीधे शामिल नहीं थे इसलिए नतीजे रिपब्लिकन पार्टी के पक्ष में आते नहीं दिख रहे. हालांकि रिपब्लिकन उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार करते हुए ट्रंप ने लोगों से अपील की थी कि वोट डालते समय ये ध्यान में रखें कि उम्मीदवार वो खुद हैं.
रिपब्लिकन पार्टी को लगा बड़ा झटका
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी हार रही है. सबसे बड़ा झटका ओहियो से लगा है जहां से ट्रंप के पसंदीदा उम्मीदवारों में से एक विवेक रामास्वामी गवर्नर चुनाव हार गए हैं. उन्हें डेमोक्रिटिक पार्टी के प्रत्याशी एमी एक्टन ने हराया है. अहम बात ये है कि ट्रंप ने खुद ओहियो पहुंच रामास्वामी के लिए वोट अपील की थी. उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी उनके लिए प्रचार किया था. रामास्वामी ने 2024 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन बाद में अपना नाम वापस लेकर ट्रंप को समर्थन दिया था. ओहायो में करीब 20 साल बाद डेमोक्रेटिक पार्टी ने गवर्नर पद अपने नाम किया. एमी एक्टन इस पद पर पहुंचने वाली राज्य की पहली निर्वाचित महिला भी होंगी.