Last Updated:
Canva Severance Package : कैनवा ने अपने 13 साल के इतिहास में पहली बार बड़े स्तर पर बदलाव करने का फैसला किया है. इस प्रक्रिया में कंपनी के करीब 1271 कर्मचारी प्रभावित होंगे. जिन कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, उन्हें कंपनी एक सेवरेंस पैकेज देगी.
कंपनी भविष्य की तकनीकी जरूरतों, वर्कस्पेस प्राथमिकताओं और नए स्किल सेट्स के हिसाब से अपनी टीमों को रीस्ट्रक्चर कर रही है.
नई दिल्ली. मशहूर डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा भी कर्मचारियों की छंटनी कर सकता है. कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या और काम करने के तरीके में बड़े बदलाव का फैसला किया है. इस फैसले से 1,271 कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है. कंपनी की सीईओ मेलानी पर्किन्स ने कर्मचारियों को ई-मेल कर इस बारे में बताया है. पर्किन्स ने कहा है कि कुछ कर्मचारियों की भूमिका बदली जाएगी, जबकि कुछ को तय किए गए बड़े ऑफिस हब में शिफ्ट होने के लिए कहा जा सकता है. इसके अलावा कुछ कर्मचारियों को निकाला भी जा सकता है. जिन कर्मचारियों को निकाला जाएगा उनके लिए कैनवा ने कई खास सुविधाओं वाला पैकेज तैयार किया है.
टेक जगत में होने वाली आम छंटनियों के उलट कैनवा ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए एक ऐसा सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा, जो अभी तक किसी कंपनी ने नहीं दिया है. नौकरी जाने की स्थिति में भी कंपनी अपने कर्मचारियों को 6 महीने की एडवांस सैलरी देगी तो देगी ही साथ ही ऐपल मैकबुक और अपना बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता भी देगी.
कंपनी बदल रही है तौर-तरीके
सीईओ मेलानी पर्किन्स ने कहा कि कंपनी भविष्य की तकनीकी जरूरतों, वर्कस्पेस प्राथमिकताओं और नए स्किल सेट्स के हिसाब से अपनी टीमों को रीस्ट्रक्चर कर रही है. इसके तहत कई कर्मचारियों की जिम्मेदारियां और भूमिकाएं बदली जाएंगी, कुछ को बड़े ऑफिस हब्स में रीलोकेट होने को कहा जाएगा, जबकि कुछ कर्मचारियों को संस्थान से विदाई लेनी पड़ेगी.
6 महीने का वेतन, हेल्थकेयर और शेयरों में बड़ी राहत
नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए कैनवा ने एक सुरक्षा पैकेज तैयार किया है. निकाले जाने वाले सभी कर्मचारियों को, चाहें वे कहीं भी कार्यरत हैं, कम से कम 6 महीने का वेतन और कानूनी भुगतान दिए जाएंगे. 12 महीने से कम समय पहले जुड़े कर्मचारियों के लिए शेयरों के ‘वेस्टिंग क्लिफ’ की एक साल की अनिवार्य शर्त हटा दी गई है. जिन देशों में स्वास्थ्य बीमा की सुविधा है, वहां कर्मचारी और उनके परिजन अगले 12 महीनों तक ‘कैनवा केयर’ और मेडिकल सुविधाओं का लाभ मिलता रहेगा.
Apple MacBook ले जाएं घर, 1 साल का लिंक्डइन प्रीमियमभी फ्री
कंपनी छोड़ने वाले कर्मचारियों को उनके ऑफिस यूज के लिए मिले ऐपल मैकबुक वापस लौटाने की जरूरत नहीं होगी. इसके अलावा, करियर में आगे बढ़ने के लिए कर्मचारियों को 1 साल की मुफ्त लिंक्डइन प्रीमियम मेंबरशिप, प्रोफेशनल करियर कोचिंग और इंटरव्यू की तैयारी में पूरी मदद दी जाएगी.
खुद का स्टार्टअप शुरू करने को मिलेंगे $10,000
इस सेवरेंस पैकेज का सबसे अनोखा पहलू एंटरप्रेन्योरशिप सपोर्ट है. जो कर्मचारी नौकरी छूटने के बाद कॉर्पोरेट जगत में जाने के बजाय अपना खुद का स्टार्टअप या कारोबार शुरू करना चाहते हैं, कैनवा उन्हें 10,000 डॉलर की सीधी नॉन-इक्विटी ग्रांट देगी. यानी इस फंडिंग के बदले कंपनी उनके नए बिजनेस में कोई हिस्सेदारी नहीं लेगी.