धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश के शिमला के रामपुर से कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद अब कांगड़ा में भाजपा नेता राकेश चौहान ने दुनिया को अलविदा कह दिया. उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय निधन हो गया. उनके निधन पर नगरोटा के पूर्व भाजपा विधायक अरुण कुमार कूका मेहरा ने दुख जताया है.
जानकारी के अनुसार, शाहपुर के रहने वाले राकेश चौहान मौजूदा समय में भाजपा के खेल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक थे. बताया जा रहा है कि 4 नवंबर की सुबह उन्हें सुबह सुबह दिल का दौरा पड़ा और फिर उनका निधन हो गया. वह पूर्व में भाजपा के जिला महामंत्री रहे थे.
अरुण कूका मेहरा ने शोक जताते हुए लिखते हैं कि अत्यंत दुःख, पीड़ा और स्तब्ध मन से आपको सूचित करना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी जिला कांगड़ा के एक अत्यंत समर्पित, कर्मठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता, राकेश चौहान (पिंका) का सुबह प्रातः लगभग 6:45 बजे हृदयघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया.
हृदयघात के उपरांत उनके पुत्र उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके इस असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक एवं अविश्वसनीय है. उनके जाने से भारतीय जनता पार्टी ने एक समर्पित, अनुशासित और जुझारू कार्यकर्ता खो दिया है, वहीं समाज ने एक मिलनसार, सेवाभावी एवं नेकदिल सामाजिक व्यक्तित्व को खोया है.
पूर्व विधायक ने कहा कि राकेश चौहान जी का संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय व्यवहार और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना सदैवस्मरणीय रहेगी. उनका यूं अचानक हम सबको छोड़कर चले जाना एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है.
इस दुःख की घड़ी में मैं स्वयं को शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा पाता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें.
3 नवंबर को हुआ था नंद लाल का निधन
शिमला के रामपुर के कांग्रेस विधायक नंद लाल का बीते रोज तीन नवंबर को शिमला में कैंसर और किडनी की बीमारी की वजह से निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार रामपुर के देवठी गांव में आज किया जाएगा और इसमें सीएम सुक्खू भी शामिल होंगे.