Last Updated:
Gaur Chowk Underpass : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट आने जाने वालों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. गौर चौक अंडरपास का काम पूरा हो चुका है. बस कुछ घंटों का इंतजार फिर वाहन रफ्तार भरने लगेंगे. आइए जानते हैं सब.
गौर चौक अंडरपास खुलने जा रहा.
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों के लिए गुड न्यूज है. दिवाली पर अब आपको जाम के झाम से नहीं जूझना पड़ेगा. दरअसल, एक बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है. गौर चौक अंडरपास खुलने जा रहा है. हालांकि, अभी 5 नवंबर से 3 दिन के लिए ट्रायल के तौर पर ही खुलेगा. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अंडरपास से वाहनों के आवागमन को परखेगा. ट्रायल के दौरान सामने आने वाली खामियों को दूर किया जाएगा. कमियां ठीक होने के बाद आम जनता के लिए अंडरपास पूरी तरह खोला जाएगा.
कितने परिवारों का होगा फायदा?
अब आपका सवाल होगा कि आखिर स्थायी रूप से ये अंडरपास कब खुलेगा? फिलहाल इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है. पर गौर सिटी के 30 हजार परिवारों में करीब डेढ़ लाख की आबादी लंबे समय से गौर चौक अंडरपास खुलने का इंतजार कर रही है. इस अंडरपास के जरिए ग्रेटर नोएडा से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक हाईस्पीड मिल जाएगी.
इतने करोड़ हुए खर्च
गौर सिटी से नोएडा एक्सटेंशन जाने वालों को राहत मिलेगी. गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार, विजय नगर, प्रताप विहार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वालों को फायदा पहुंचेगा. गौर चौक अंडरपास करीब 92 करोड़ के खर्च से बना है. ये 700 मीटर लंबा 6 लेन का अंडरपास है. अंडरपास के अंदर की दीवारों में गौतम बुद्ध की शानदार पेंटिंग बनी है. इस अंडरपास में से 350 मीटर के हिस्से के जंक्शन दोनों ओर बने हैं.
130 मीटर चौड़ी सड़क भी बनी
अभी गौर सिटी चौराहा सुबह और शाम आधे घंटे से ज्यादा लग जाता है. मेट्रो न होने से यहां लोग पहुंचने के लिए कैब और ऑटो पर भी काफी पैसा खर्च करते हैं. सुबह-शाम ऑफिस जाते वक्त यहां कारों का रेला लगता है. गौर सिटी चौराहे के ऊपर 130 मीटर चौड़ी सड़क भी बन चुकी है. अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए एंट्री प्वाइंट पर शेड लगे हैं. गौर चौक के पास दो यू टर्न भी बनाए गए हैं. ट्रैफिक एक्सपर्ट का कहना है कि पर्थला फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद वहां तो ट्रैफिक जाम खत्म हो गया, लेकिन कारों का पूरा रेला गौर चौक पर पहुंच गया.