Madhubani News : मधुबनी गोलीकांड में फरार ASI पुलिस सेवा से होगा बर्खास्त, 25000 का इनाम भी घोषित

Madhubani News : मधुबनी गोलीकांड में फरार ASI पुलिस सेवा से होगा बर्खास्त, 25000 का इनाम भी घोषित


Last Updated:

Madhubani News : मधुबनी के बाबूबरही में गोलीबारी कर एक ग्रामीण की हत्या करने वाले फरार ASI चंद्रमोहन सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है. आरोपी को बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Zoom

ग्रामीणों पर गोलियां चलाने और एक व्यक्ति की हत्या के आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. (AI Enhanced)

मधुबनी. बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है. ग्रामीणों पर गोलियां चलाने और एक व्यक्ति की हत्या के आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के बाद अब पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी. मधुबनी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है.

मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. उसके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा. पुलिस ने मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है. एसएसपी ने कहा कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.

फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत, तीन घायल

दरअसल, सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे बलिराजगढ़ गांव में यह घटना हुई. यहां पुलिस पिकेट पर तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह पर एक घर में जाने को लेकर ग्रामीणों से विवाद होने के बाद फायरिंग करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने उसे घर में पकड़ लिया था. इसके बाद खुद को घिरा देखकर उसने अपनी सर्विस पिस्टल से कई राउंड गोलियां चला दीं. इस गोलीबारी में 50 वर्षीय अशोक यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण धनिक लाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया.

पहले भी विवादों में रहा है आरोपी ASI

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चंद्रमोहन सिंह का नाम इससे पहले भी एक गोलीबारी और सड़क हादसे से जुड़े विवाद में सामने आ चुका है. जुलाई 2025 में मधवापुर थाना क्षेत्र में डायल-112 की टीम में तैनाती के दौरान एक नाबालिग बाइक सवार की मौत के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है.

क्या है मामला?

बता दें, बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी की करतूत के कारण पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में ला दिया. बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट में तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है. घटना में विजय यादव नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं. बताया जा रहा है कि ASI चंद्रमोहन सिंह एक महिला के घर अक्सर आता-जाता था.

बताया जा रहा है कि बीती रात भी वह महिला के घर पहुंचा था. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया. लोगों ने ASI को घर के अंदर ही घेर लिया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. हालात बिगड़ते देख ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली.



Source link