Last Updated:
रूस और यूक्रेन के इमरजेंसी अलर्ट मोबाइल ऐप्स पर साइबर हमला हुआ है. वहीं दूसरी तरफ पहले फ्रांस और अब यूरोप के 7 देशों के सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजरों पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है. 29 अक्टूबर को साइबर हैकरों ने दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरंसी चोरी की है. अक्टूबर में एक-दो नहीं बल्कि साइबर हमलों के कई बड़े मामले सामने आए हैं.
क्या है ‘Black October’ और दुनियाभर में हुए साइबर अटैकों कहानी? (फोटो रायटर्स)
देर रात रूस-युक्रेन के लोगों को परमाणु और रेडिएशन हमले की झूठी चेतावनियां मिलीं और दहशत का माहौल फैल गया. युक्रेन में नागरिकों को मैसेज भेजा गया कि रूस ने हाइपरसोनिक मिसाइल ओेरेश्निक में परमाणु बम फिट करके उसे दाग दिया है. रूस ने भी दावा किया कि उसकी ऐप भी हैक हुई है और लोगों को संदेश भेजा गया है. इससे कुछ ही दिनों पहले हैकरों ने दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरंसी चोरी को अंदाम दिया है. वहीं दूसरी तरफ विद्रोह की क्रांति में जल रहे यूरोप में अचानक साइबर अटैकों से हंगामा मच गया है. यूरोप के सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजरों पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है. इसके चलते कई यूरोपीय देशों में हंगामा मच गया है. वहीं भारत में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने स्वीकार किया कि 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड हैक हुए हैं और ऑनलाइन दिखाई दिए हैं. दुनिया में अचानक इतने साइबर अटैक हो रहे हैं कि इनसे संभलने का मौका ही नहीं मिल पा रहा है. दुनियाभर में हुए इन साइबर हमलों के चलते कई जगह इसे ‘Black October’ नाम दिया जा रहा है.
बाइनेंस: अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी
दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस पर अक्टूबर के अंत में बहुत बड़ा हमला हुआ. 29 अक्टूबर को एक हैकर ने 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन पर मौजूद बाइनेंस के वॉलेट से करीब 6.36 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी निकाल ली. ब्लॉकचेन एनालिसिस कंपनी TRM Labs ने इसे अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी बताया है. TRM Labs ने इस हमले के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़ा हैकर ग्रुप TraderTraitor का हाथ बताया है.
यूरोप के 7 देशों के सुपरमार्केटों के फ्रिज हैक
ये साइबर हैकिंग की सबसे अनोखी घटना है. 2 नवंबर को साइबर हमलावरों ने अब यूरोप के सुपरमार्केट के फ्रिजों को अपना निशाना बनाया है. यूरोपीय देशों के सुपरमार्केट के ये फ्रिज इंटरनेट से कंट्रोल होते हैं. बेल्जियम, लक्जमबर्ग, स्वीडन और एस्टोनिया जैसे 7 यूरोपीय देशों के कई स्टोर के कूलिंग सिस्टम में अचानक गड़बड़ आई और कई फ्रिज का टेंप्रेचर 50 डिग्री तक पहुंच गया. बेल्जियम में कई सुपरमार्केट के फ्रिज का तापमान 70 डिग्री तक पहुंच गया.
इस ताजा हमले से पहले अक्टूबर में फ्रांस के 400 से 480 सुपरमार्केट के फ्रिजों पर भी ऐसा हमला हो चुका है. रेफ्रिजरेशन कंपनी कह रही है कि हमलावरों ने कूलिंग यूनिट के इवेपोरेटर को डीफ्रॉस्ट मोड में डाल दिया था. फ्रिज का तापमान इतना होने से एक ही रात में करोड़ों रुपये का फ्रोजन फूड, मीट और डेयरी उत्पाद सड़कर बर्बाद हो गए. फ्रांस की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी (ANSSI) और अन्य यूरोपीय देशों की सुरक्षा एजेंसियां मिलकर इस बात की जांच कर रही हैं कि इस बड़े हमले के पीछे किस हैकर ग्रुप या देश का हाथ है.
फ्रांस में 400 से ज्यादा सुपरमार्केट के फ्रिज पर हमला हुआ था. (REUTERS)
भारत: SBI के 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड लीक
भारत में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया भी साइबर हमले का शिकार हुआ है बैंक ने माना कि 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड ऑनलाइन दिखाई दिए. इन रिकॉर्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, बैंक प्रोफाइल, लोन रिकॉर्ड और आइडेंटिफिकेशन के लिए दिए गए डॉक्यूमेंट्स शामिल थे. बैंक ने कहा कि कोर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं, लेकिन यह मामला व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर है.
पॉलीमार्केट: 700 से अधिक अकाउंट हैक
अमेरिका के प्रेडिक्शन-मार्केट प्लेटफॉर्म पॉलीमार्केट पर हैकरों ने 700 से ज्यादा एक्टिव ट्रेडिंग अकाउंट कंट्रोल किए. रिपोर्ट्स के अनुसार इन अकाउंट्स से लगभग $2.65 मिलियन की राशि निकाली गई. यह हमला बताता है कि डिजिटल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और वॉलेट्स अब साइबर अपराधियों के पसंदीदा निशाने बन रहे हैं.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login