लखनऊ में बनेगा मनोरंजन का महाकुंभ, 800 एकड़ में झूले, वॉटर पार्क और एडवेंचर का होगा जबरदस्त इंतजाम


Last Updated:

UP Good News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आने वाले दिनों में मनोरंजन और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान बना सकती है. शहर में देश का सबसे बड़ा एम्यूजमेंट यानी थीम बेस्ड मनोरंजन पार्क बनाने की तैयारी चल रही है. एलडीए की प्रस्तावित प्रबंध नगर योजना में करीब 800 एकड़ जमीन पर यह पार्क विकसित किया जाएगा.

Top Deals Inside

लखनऊ वालों गुड न्यूज है, 800 एकड़ में बनेगा देश का सबसे बड़ा एम्यूजमेंट पार्कZoom

लखनऊ वालों के लिए अच्छी खबर.

लखनऊ : लखनऊ वालों, अब वीकेंड पर मौज-मस्ती और रोमांच के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. राजधानी में ही मनोरंजन का ऐसा ठिकाना विकसित करने की तैयारी है, जहां बच्चों से लेकर युवाओं और पूरे परिवार के लिए खास इंतजाम होंगे. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की प्रस्तावित प्रबंध नगर योजना में देश का सबसे बड़ा एम्यूजमेंट पार्क बनाया जा सकता है. करीब 800 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस पार्क में रोमांचक झूले, वॉटर पार्क, एडवेंचर गतिविधियां और फैमिली एंटरटेनमेंट जोन जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं.

इस पार्क को कोच्चि के वंडरला एम्यूजमेंट पार्क की तर्ज पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने की योजना है. यानी लखनऊ को एक ऐसा बड़ा एंटरटेनमेंट हब मिलने की उम्मीद है, जहां परिवार के लोग सुबह से शाम तक छुट्टियां और वीकेंड यादगार बना सकेंगे.

मनोरंजन का नया ठिकाना

एलडीए की प्रस्तावित प्रबंध नगर योजना में करीब 795 एकड़ जमीन ग्रीन बेल्ट के रूप में मौजूद है. इस जमीन पर सामान्य निर्माण की अनुमति नहीं है. ऐसे में प्राधिकरण इसे मनोरंजन और पार्क के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाश रहा है. इसी के तहत यहां एम्यूजमेंट पार्क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, प्रबंध नगर में करीब 800 एकड़ ग्रीन बेल्ट की जमीन खाली है. इस पर एम्यूजमेंट पार्क विकसित किया जा सकता है. इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. प्रस्तावित प्रबंध नगर योजना का शुभारंभ 23 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हाथों होने की उम्मीद है. प्राधिकरण योजना से जुड़ा प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखने की तैयारी भी कर रहा है.

मुंबई के इमैजिका से भी बड़ा होगा पार्क

देश में फिलहाल मुंबई का इमैजिका एम्यूजमेंट पार्क बड़े मनोरंजन पार्कों में शामिल है, जो करीब 300 एकड़ में फैला है. लखनऊ में प्रस्तावित पार्क का क्षेत्रफल करीब 800 एकड़ होने की बात कही जा रही है. ऐसे में योजना साकार होने पर यह देश के सबसे बड़े एम्यूजमेंट पार्कों में शामिल हो सकता है.

पार्क में क्या-क्या होगा खास?

  1. तेज रफ्तार झूले, ऊंचाई से नीचे उतरने वाली रोमांचक सवारी और एडवेंचर राइड्स युवाओं के लिए खास आकर्षण हो सकती हैं. रोमांच पसंद करने वालों को यहां अलग-अलग तरह के अनुभव मिलेंगे. हालांकि, कुछ राइड्स के लिए उम्र और ऊंचाई से जुड़ी शर्तें हो सकती हैं.
  2. पार्क में वॉटर स्लाइड, वेव पूल, रेन डांस और बच्चों के लिए सुरक्षित जल क्रीड़ा क्षेत्र विकसित किए जाने की संभावना है. अलग-अलग उम्र और समूहों के हिसाब से विभिन्न तरह की स्लाइड और वाटर एक्टिविटीज होंगी, जिससे गर्मियों में भी लोग यहां खूब इंज्वाय कर सकेंगे.
  3. यहां परिवार के सभी सदस्यों के लिए अलग-अलग तरह के झूले, खेल और मनोरंजक गतिविधियां उपलब्ध कराने की योजना है. ऐसे में माता-पिता, बच्चे और बुजुर्ग एक ही जगह पर अपनी पसंद के मुताबिक समय बिता सकेंगे.
  4. छोटे बच्चों के लिए सुरक्षित और आकर्षक खेल क्षेत्र विकसित किया जा सकता है. इसमें किड्स राइड्स, थीम आधारित खेल और बच्चों के अनुकूल मनोरंजन की सुविधाएं होंगी. परिवारों के लिए यह जोन खास आकर्षण बन सकता है.
  5. रोमांचक गतिविधियों के शौकीनों के लिए जिपलाइन, क्लाइंबिंग, रोप कोर्स और अन्य एडवेंचर एक्टिविटीज की सुविधा हो सकती है. इससे पार्क केवल झूलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के लिए एडवेंचर का भी नया ठिकाना बन सकेगा.
  6. पार्क में अलग-अलग थीम पर आधारित क्षेत्र विकसित किए जा सकते हैं. आकर्षक लैंडस्केपिंग, सजावटी संरचनाएं और खूबसूरत सेल्फी पॉइंट लोगों को अपनी ओर खींचेंगे. यहां परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें लेने के लिए भी कई खास जगहें हो सकती हैं.
  7. जब पार्क में दिनभर मनोरंजन की व्यवस्था होगी तो खाने-पीने के लिए भी खास इंतजाम जरूरी होंगे. इसके लिए फूड कोर्ट विकसित किए जाने की संभावना है, जहां लोग अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे.

लखनऊ को मिलेगा नया टूरिज्म और एंटरटेनमेंट हब

प्रबंध नगर में एम्यूजमेंट पार्क की योजना साकार होती है तो यह लखनऊ के लोगों के लिए मनोरंजन का नया विकल्प बनने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकती है. शहर और आसपास के जिलों के लोग वीकेंड पर यहां घूमने आ सकेंगे. बड़े स्तर पर विकसित होने वाला यह पार्क रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी पैदा कर सकता है.



Source link