Last Updated:
Kanpur Crime News: कानपुर में एक मामूली कहासुनी ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया. पहले चचेरी बहन से विवाद हुआ, फिर देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे. आरोप है कि युवक को घेरकर इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी जान चली गई. अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिवार में कोहराम मच गया.
रोते-बिलखते परिजन.
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चचेरी बहन से हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी विवाद में बदल गई. आरोप है कि विवाद के बाद युवक पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है.
मामला कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मतैयापुरवा का है. यहां रहने वाले 37 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह घर लौटे थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली उनकी चचेरी बहन सुमन अपने मायके पहुंची हुई थी.
बताया गया कि किसी बात को लेकर राकेश और सुमन के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि सुमन ने राकेश को कई थप्पड़ मार दिए. इस दौरान दोनों के बीच काफी बहस हुई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए.
देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला
आरोप है कि शोर सुनकर सुमन का भाई रवि अपनी पत्नी अनीता और मां पप्पी के साथ वहां पहुंच गया. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि तीनों ने मिलकर राकेश पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया. मारपीट में राकेश बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. इस दौरान आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने राकेश के परिवार को सूचना दी. उनकी पत्नी मोनी मौके पर पहुंचीं. घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल पहुंचते ही फरार हुआ मुख्य आरोपी
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. जिस व्यक्ति को कुछ देर पहले इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, उसकी मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हो गए. आरोप है कि राकेश को अस्पताल पहुंचाने के बाद मुख्य आरोपी रवि वहां से फरार हो गया. मृतक की पत्नी मोनी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. मामले में तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं.
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राकेश अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी मोनी, दो बेटियां और दो बेटे हैं. मजदूरी करके वह अपने बच्चों का पालन-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.