नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के आखिरी दौरे पर शानदार रोहित शर्मा और विराट कोहली स्वाभाविक रूप से सभी का ध्यान खींच रहे हैं, लेकिन भारत का अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण बुधवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को बढ़त दिला रहा है. जसप्रीत बुमराह को टेस्ट मैचों के लिए बचाकर रखे जाने और प्रसिद्ध कृष्णा तथा हर्षित राणा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी में अभी कुछ हफ्ते बाकी होने के कारण, अनुभवी मोहम्मद सिराज को इस सीरीज के दौरान अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी.
टीम में मौजूद अन्य चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (18), गुरनूर बराड़ (9), अंशुल कंबोज और औकिब नबी (एक-एक) के पास कुल मिलाकर 29 वनडे का अनुभव है. तौरंगा में पांचवें और अंतिम वनडे के तुरंत बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मैच होने के कारण भारत पूरी ताकत के साथ नहीं उतरेगा. सीरीज 15 नवंबर को समाप्त होगी और पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा. यहां तक कि कप्तान शुभमन गिल भी टेस्ट मैचों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आखिरी दो वनडे मैचों में नहीं खेलेंगे.
वनडे टीम की बैटिंग सेट है
भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाज लगभग तय हैं, जिसमें रोहित और कप्तान गिल पारी की शुरुआत करेंगे, उसके बाद बेजोड़ कोहली और फिर उप-कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे नंबर पर होंगे. अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल पांचवें नंबर पर हैं जबकि ऑलराउंडर अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए उपलब्ध) को छठे और सातवें नंबर के बीच में आजमाया जाएगा. ऐसी उम्मीद है कि भारतीय टीम प्रबंधन हर्षित राणा के उपलब्ध न होने के कारण आठवें नंबर पर अंशुल कंबोज की बड़े शॉट खेलने की क्षमता का इस्तेमाल करना चाहेगा. ईडन पार्क में, जहां सीधी बाउंड्री की दूरी केवल 55 मीटर है, भारत को सिराज, अर्शदीप सिंह और लंबे कद के गुरनूर बराड़ के रूप में तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत होगी.
कुलदीप की उलझन
हालांकि 200 से अधिक विकेट लेने वाले मौजूदा टीम के सबसे सफल वनडे गेंदबाज कुलदीप यादव उपलब्ध हैं, लेकिन हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति के कारण उनके लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना बहुत मुश्किल हो गया है. हालांकि, 11 से 40 ओवरों के बीच घेरे के बाहर केवल चार फील्डर होने की अनुमति के कारण, बीच के ओवरों दोहरे महत्वपूर्ण हो गए हैं और कोई इस बात से इनकार नहीं कर सकता है कि कुलदीप एक आक्रामक विकल्प हैं. गिल ने कहा कि बीच के ओवरों में विकेट लेने वाला विकल्प होना बहुत महत्वपूर्ण है. मैं नहीं जानता कि सीधी बाउंड्री और उसके आकार को देखते हुए इस मैदान पर स्पिन के कितने ओवरों की आवश्यकता होगी. सीधी बाउंड्री की दूरी लगभग 55 मीटर है जो अंतरराष्ट्रीय मानक के हिसाब से बहुत छोटी है लेकिन विश्व कप को ध्यान में रखते हुए, बीच के ओवरों में एक स्ट्राइक गेंदबाज होना, चाहे वह स्पिनर हो या तेज गेंदबाज, जो उन परिस्थितियों में हमारे लिए विकेट ले सके, बहुत महत्वपूर्ण है.
कप्तान सैंटनर के लिए उम्रदराज कीवियों की चिंता
कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि अगर भारत को तेज गेंदबाजी संसाधनों के मामले में कमी खल रही है, तो न्यूजीलैंड अपनी खुद की समस्याओं से जूझ रहा है क्योंकि वनडे टीम की औसत उम्र 34 से 35 साल के बीच है. वास्तव में, उन्होंने संकेत दिया कि खिलाड़ियों का एक बड़ा हिस्सा 2027 के विश्व कप को अपने आखिरी टूर्नामेंट के रूप में देख रहा है. 34 वर्षीय सैंटनर ने कहा कि हर कोई लगभग 34 या 35 साल का है. एक दिवसीय क्रिकेट के चक्र को देखते हुए, इस विश्व कप के बाद, ध्यान फिर से टी20 क्रिकेट पर केंद्रित हो जाएगा, क्योंकि टी20 विश्व कप भी अगली प्राथमिकता है.
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टॉम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ
C